हर घर का सबसे जरूरी हिस्सा किचन माना जाता है, लेकिन अक्सर हमारी छोटी-छोटी गलतियों की वजह से किचन सिंक जाम हो जाता है। बहुत बार हम अनजाने में बहुत सी ऐसी चीजें सिंक में डाल देते हैं जो धीरे-धीरे पाइप में जम जाती हैं और एक दिन पूरा पाइप ब्लॉक कर देती हैं। फिर जब पानी निकलना बंद हो जाता है तब हमें प्लंबर को बुलाना पड़ता है और फालतू का खर्च बढ़ जाता है। अगर आप इस महंगे खर्चे से बचना चाहती हैं तो आज से ही इन 5 चीजों को गलती से भी सिंक में न डालें।

सिंक में न डालें ये 5 चीजें

बार-बार किचन का सिंक जाम हो जा रहा है, तो आज से ही इन बातों का ध्यान रखें। गलती से भी ये 5 चीजें सिंक में जमा न होने दें।

1. तेल और घी

बहुत से लोग खाना बनाने के बाद बचे हुए तेल को सिंक में बहा देते हैं। यह जब गर्म होता है तो लिक्विड जैसा दिखता है, लेकिन ठंडे होने के बाद यह सिंक पाइप में जाकर जम जाता है। यह पाइप के अंदर धीरे-धीरे एक मोटी परत बना लेता है। बाद में इसमें और कचरा फंसने लगता है और पाइप ब्लॉक हो जाता है। इसलिए बचे हुए तेल को किसी डब्बे में डालकर कूड़ेदान में फेंकना चाहिए।

2. चाय की पत्ती

चाय हर किसी के घर में पी जाती है और बची हुई चाय की पत्ती को लोग अक्सर सिंक में फेंक देते हैं। यह घुलती नहीं है और पाइप के घुमावदार हिस्से यानी यू-ट्रैप में जाकर जमा होने लगती है। धीरे-धीरे यह सड़ने लगती है और दूसरे कचरे को भी रोक लेती है, जिससे एक बड़ा ब्लॉकेज बन जाता है और काफी बदबू भी आने लगती है।

3. आटा और मैदा

आटा या मैदा गूंथते समय सिंक में चला जाता है। जब आटा पानी में मिलता है तो यह गोंद की तरह चिपकने लगता है। इसी का यह चिपचिपा घोल पाइप की दीवारों से बुरी तरह चिपक जाता है और पाइप का रास्ता छोटा कर देता है। इससे पानी धीरे निकलता है और फिर कुछ दिन बाद पाइप जाम हो जाता है।

4. सब्जियों और फलों के छिलके

प्याज, आलू और केले के छिलके हमेशा कूड़ेदान में ही डालें। इनके छिलके और डंठल सिंक में जाकर फंस जाते हैं और फूल जाते हैं। खासतौर पर ऐसा आलू और केले के साथ होता है। इन दोनों में ही स्टार्च होता है जो पाइप को ब्लाक कर देता है।

5. कॉफी पाउडर

कॉफी पाउडर भी किसी से कम नहीं है। इसके छोटे कण किचन सिंक में जाकर फंस जाते हैं और ये घुलते भी नहीं है। ज्यादा मात्रा में होने के बाद ये पाइप के अंदर मिट्टी की तरह जम जाते हैं और पानी के रास्ते को रोक देते हैं। इसलिए गलती से कॉफी को भी सिंक में न डालें।

बचाव के आसान टिप्स

अगर आप चाहती हैं कि किचन का सिंक कभी ब्लॉक न हो, तो इसके लिए आपको इन बातों का ध्यान रखना होगा।

  • सिंक को ब्लॉकेज से बचाने के लिए हमेशा सिंक में एक जाली वाला स्ट्रेनर लगाकर रखें।
  • जो भी कूड़ा हो उसे जाली से निकालकर फेंक दें।
  • हफ्ते में एक बार सिंक में एक बाल्टी गर्म पानी डालें।
  • एक चम्मच बेकिंग सोडा डालकर फ्लश करें।

ऊपर दी गई इन बातों का ध्यान रखने से आपका किचन सिंक कभी ब्लॉक नहीं होगा और साथ ही फालतू का खर्च भी नहीं बढ़ेगा।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।