हम में से अधिकतर लोगों के घरों में मनी प्लांट का पौधा लगा हुआ देखने को मिल जाता है। यह घर में पॉजिटिविटी लाने के साथ-साथ कमरे की सुंदरता को भी बढ़ाता है। आमतौर पर लोग मनी प्लांट के पौधे को नर्सरी से खरीदकर लाते हैं। मगर आपको बता दें कि आप इसे बिना एक रुपये खर्च किए फ्री में उगा सकती हैं। इसके लिए आपको केवल पड़ोसी के घर से या फिर रास्ते में कहीं लगे मनी प्लांट से एक टहनी तोड़कर लाने की जरूरत है। जी हां, केवल एक टहनी। चलिए नीचे दिए गए लेख में पढ़ें 1 डंडी से मनी प्लांट का घना पौधा कैसे उगा सकती हैं?
मनी प्लांट का पौधा कैसे उगाएं?
मनी प्लांट कटिंग से आसानी से उगने वाला पौधा है। इसके लिए केवल जरूरी है कि डंडी को सही तरीके से मिट्टी में लगाना। इससे कुछ ही दिनों के भीतर नई पत्तियां निकलने लगती हैं। आमतौर पर लोग कटिंग को मिट्टी में सीधा दबा देते हैं, लेकिन आपको बता दें कि यह गलत तरीका है। नीचे जानें ग्रो करने का सही तरीका-
- मनी प्लांट की कटिंग लगाने के लिए सबसे पहले एक कांच की बोतल या गिलास में साफ पानी लें।
- अब टहनी का नीचे वाला हिस्सा पानी में रखें।
- इस बात का ध्यान रखें कि पत्तियां पानी के अंदर न डूबें।
- अब गिलास या बोतल को ऐसी जगह पर रखें, जहां सीधी धूप नहीं आती हो।
- कुछ दिन के भीतर गांठों के पास छोटी-छोटी जड़ें निकलनी शुरू हो जाएंगी।
कटिंग में जड़ें निकलने के बाद क्या करें?
बोतल या गिलास में लगे मनी प्लांट की कटिंग में जब जड़ निकल आए, तब इसे गमले में शिफ्ट करना जरूरी होता है। नीचे जानें-
- मनी प्लांट की कटिंग में जब जड़ें निकल आएं, तब उसे गमले में लगाएं।
- इसके लिए ऐसी मिट्टी का इस्तेमाल करें, जिसमें पानी आसानी से बाहर निकल सके।
- अब मिट्टी को गमले में भरें। इसके बाद कटिंग को लगाते समय इस बात का ध्यान रखें कि एक-दो गांठें मिट्टी के अंदर रहें।
- मिट्टी को बहुत ज्यादा गीला न करें वरना पौधा ग्रो करने के बजाय खराब हो जाएगा।
गमले में मनी प्लांट लगाने के बाद किस बात का ध्यान रखें?
गमले में मनी प्लांट की कटिंग लगाने के बाद इसे ऐसी जगह पर रखें जहां अच्छी रोशनी आती हो। भूलकर भी गमले को तेज धूप वाली जगह पर न रखें और न ही बहुत कम रोशनी वाली जगह पर। ऐसा करने से पौधे की ग्रोथ धीमी हो सकती है।
इसे भी पढ़ें- September Gardening Tips: घर पर ही लगा लें ये पौधे, ठंड में मिलेंगी ताजी सब्जियां
अगली बार जब भी आप मनी प्लांट के पौधे को लगाने का सोचें, तब अपने घर के आस-पास लगे इस पौधे से कटिंग या डंडी तोड़कर ले आएं। इसके बाद ऊपर बताए गए तरीके से ग्रो करें। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Images: magnific
