दिवाली के मौके पर घर को सुंदर बनाने के लिए हम सभी मोमबत्तियां जलाते हैं। कोई इन्हें दरवाजे के पास रखता है तो कोई आंगन और फर्श के किनारों पर इन्हें रख देता है, लेकिन कई बार ऐसा होता है कि जब मोमबत्ती मेल्ट होती है, तो उसका मोम फर्श पर गिर जाता है। ठंडा होने के बाद यह वहीं जम जाता है और इसे साफ करना आसान नहीं होता है।
कई लोग जल्दबाजी में चाकू, ब्लेड या किसी नुकीली चीज से मोम को खुरचने लगते हैं। ऐसा करने से फर्श की टाइल्स पर खरोंच आ सकती है।
फर्श पर चिपके मोम को कैसे साफ करें?
अगर आपके घर में भी दिवाली के बाद फर्श पर मोम जम गया है, तो उसे हटाने के लिए ज्यादा मेहनत करने की जरूरत नहीं है। कुछ आसान घरेलू तरीकों से आप इसे साफ कर सकती हैं।
image credit- magnific
1. बर्फ से मोम को करें सख्त
अगर फर्श पर मोम की मोटी परत जम गई है, तो सबसे पहले उसे अच्छी तरह सख्त करना होगा। इससे ये जल्दी से छूट जाते हैं। इसके लिए आपको एक प्लास्टिक बैग में बर्फ के कुछ टुकड़े भरना हाेगा और उसे मोम वाली जगह पर करीब 5 से 10 मिनट तक रखना होगा। ठंड से मोम और सख्त हो जाएगा। इसके बाद उसे आप निकाल लें।
2. पुराने प्लास्टिक कार्ड से हटाएं मोम
मोम के सख्त हो जाने के बाद उसे फर्श से हटाने के लिए आप कोई पुराने प्लास्टिक कार्ड का इस्तेमाल भी कर सकती हैं। इसके लिए कार्ड को मोम के किनारे पर धीरे-धीरे लगाएं और उसे ऊपर उठाने की कोशिश करें। इससे जमा हुआ मोम निकलने लगेगा। बस कोई नुकीली चीज का इस्तेमाल न करें। वरना टाइल्स पर खरोच का निशान लग सकता है।
3. हेयर ड्रायर से साफ करें मोम के निशान
कई बार मोम की ऊपर की लेयर तो निकल जाती है, लेकिन फर्श पर उसके चिकने निशान रह जाते हैं। इन्हें हटाने के लिए आप हेयर ड्रायर का इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके लिए ड्रायर को कम से कम मीडियल हीट पर रखें और मोम के निशान वाली जगह पर गर्म हवा दें। जब मोम थोड़ा साॅफ्ट हो जाए, तो उसे पेपर टॉवल या माइक्रोफाइबर कपड़े से पोंछ लें।
image credit- magnific
4. डिशवॉश लिक्विड से हटाएं चिकनाई
मोम साफ करने के बाद भी फर्श पर तेल जैसी चिकनी लेयर दिखाई देती है। इसे हटाने के लिए गुनगुने पानी में थोड़ा सा डिशवॉश लिक्विड मिला लें। अब इस पानी में माइक्रोफाइबर कपड़ा भिगोकर निचोड़ लें। इससे मोम वाली जगह को धीरे-धीरे साफ करें। ऐसा करने से फर्श पर बची चिकनाई हट जाएगी।
मोम साफ करते समय इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप फर्श पर चिपके माेम को साफ कर रही हैं, तो कुछ बातों का ध्यान रखना होगा। जैसे-
- मोम को हटाने के लिए चाकू या ब्लेड जैसी चीजों का इस्तेमाल न करें।
- हेयर ड्रायर की बहुत तेज गर्म हवा सीधे फर्श पर न डालें।
- मोम नरम होने पर उसे पेपर टॉवल या माइक्रोफाइबर कपड़े से साफ करें।
- ग्राउट लाइन में जमा मोम निकालते समय टूथब्रश से बहुत जोर से रगड़ने से बचें।\
यह भी पढ़ें- बची हुई मोमबत्ती के टुकड़े भी हैं बड़े काम की चीज, थोड़ी सी समझदारी से बच सकते हैं ढेरों पैसों
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- magnific
