नए जूते खरीदना हर किसी को पसंद होता है, लेकिन जब पहली बार इन्हें पहना जाता है, तो अक्सर वे पैरों में काटने लगते हैं। इतना ही नहीं बल्कि कई बार तो एड़ियों पर छाले पड़ जाते हैं। इस वजह से पसंदीदा जूते भी अलमारी में रखे रह जाते हैं। अगर आपके जूते भी टाइट हैं या फिर पैरों में दिक्कत दे रहे हैं, तो नीचे लेख में बताए गए तरीकों को आजमा सकती हैं। इनकी खास बात यह है कि यह नए जूतों को मिनटों में कंफर्टेबल बना सकती हैं।

जूते अगर टाइट हो, तो क्या करें?

टाइट होने के कारण जूते पैरों को आरामदायक लगने के बजाय तकलीफ देते हैं। अगर आपके नए जूते भी आपके पैरों को छील रहे हैं या फिर चलने में दिक्कत दे रहे हैं, तो नीचे बताए गए 4 तरीकों को ट्राई कर सकती हैं।

1. मोजे और ब्लोअर का कमाल

जूतों को ढीला करने का मोजे और ब्लोअर वाला तरीका काफी लोकप्रिय है। इसके लिए आप थोड़े मोटे या दो-तीन जोड़ी मोजे पहनकर टाइट जूते को पैरों में पहन लें। अब एक हेयर ड्रायर लें और उसकी गर्म हवा को जूतों के उन हिस्सों पर लगभग 2 से 3 मिनट तक डालें जहां से वे ज्यादा टाइट लग रहे हैं। गर्मी से जूतों का मटेरियल (लेदर या सिंथेटिक) थोड़ा फैल जाता है। इसके बाद जब जूते ठंडे हो जाएं, तो मोजे उतारकर सामान्य रूप से पहनें, आपको काफी आराम महसूस होगा।

2. मॉइश्चराइजर या वैसलीन का इस्तेमाल

अक्सर नए जूतों की अंदरूनी सिलाई या किनारे बहुत सख्त होते हैं जो त्वचा को छील देते हैं। इस समस्या से बचने के लिए कॉटन बॉल पर थोड़ा सा बॉडी लोशन, पेट्रोलियम जेली या नारियल का तेल लगाएं। इसे जूतों के अंदरूनी हिस्सों पर खासतौर पर एड़ी और पंजों के पास अच्छी तरह रगड़ लें। कुछ देर के लिए जूतों को ऐसे ही छोड़ दें, जिससे लेदर सॉफ्ट हो जाएगा और पैर छिलने की समस्या खत्म हो जाएगी।

3. आलू का अनोखा नुस्खा

आलू का नुस्खा थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन यह असरदार है। इसके लिए एक मीडियम साइज का कच्चा आलू लें। अब इसे छीलकर जूते के आगे वाले हिस्से के अंदर रातभर के लिए ठूंसकर रख दें। आलू में नमी होती है जो जूते के अंदर के कड़ेपन को सोख लेती है और उसे अंदर से चौड़ा व मुलायम बना देती है। सुबह आलू निकालकर आप जूते पहन सकती हैं।

4. आइस पैक तकनीक (फ्रीजर मेथड)

अगर आपके जूते बहुत ज्यादा टाइट हैं, तो आप आइस मेथड आजमा सकती हैं। इसके लिए एक मजबूत प्लास्टिक जिप-लॉक बैग लें और उसमें आधा पानी भरकर अच्छी तरह बंद कर दें। अब इस बैग को जूते के अंदर ठीक उस जगह पर रखें जहां से वह टाइट है। इसके बाद जूतों को रातभर के लिए फ्रीजर में रख दें।

पानी जमने पर बर्फ बन जाता है और बर्फ का आयतन बढ़ने से जूता अंदर से फैल जाता है। सुबह निकालकर बर्फ पिघला लें, आपके जूते ढीले हो जाएंगे।

अगर आप किसी पार्टी या फंक्शन में जाने से ठीक पहले नया जूता पहन रही हैं, तो पैरों पर पहले से एंटी-ब्लिस्टर स्टिक या थोड़ा सा पेट्रोलियम जेली लगा लें। इससे घर्षण कम होगा और आपके पैर बिल्कुल नहीं छिलेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Magnific