दिवाली के मौके पर दोस्तों, रिश्तेदारों और करीबियों से गिफ्ट मिलना किसे अच्छा नहीं लगता है। कोई खूबसूरत क्रॉकरी सेट दे जाता है, तो कोई बेडशीट या कुशन कवर का पैक, लेकिन जब घर में पहले से ही काफी सामान हो और हर साल ऐसे गिफ्ट मिलते रहें, तो कुछ ही दिनों में अलमारी और किचन की जगह कम पड़ने लगती है।

कई बार तो नए गिफ्ट खोलकर भी नहीं देखे जाते और उन्हें सीधे किसी कोने में रख दिया जाता है। ऐसे में अगर आपके घर में भी दिवाली के गिफ्ट्स की वजह से सामान बढ़ गया है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप थोड़ी सी प्लानिंग से इन चीजों का सही इस्तेमाल भी कर सकती हैं और घर में खाली जगह भी बना सकती हैं।

दिवाली पर मिले गिफ्ट्स का सही इस्तेमाल और स्पेस खाली करने की स्मार्ट ट्रिक्स

हम आपको बता रहे हैं कि दिवाली पर मिले गिफ्ट्स का इस्तेमाल कैसे करना है और घर में स्पेस कैसे बनाना है? आइए जानते हैं-

image credit- magnific

1. क्रॉकरी सेट को अलमारी में बंद करके न रखें

दिवाली पर मिलने वाले क्रॉकरी सेट अक्सर इतने सुंदर होते हैं कि लोग उन्हें इस्तेमाल करने के बजाय संभालकर रख देते हैं। उन्हें लगता है कि कहीं टूट न जाएं या खराब न हो जाएं, लेकिन अगर आप इन्हें हमेशा पैक करके रखेंगी, तो इनका कोई फायदा नहीं होगा।

  • नए कप और प्लेट को खास मौकों पर इस्तेमाल करने के बजाय कभी-कभी रोज के खाने में भी निकालें।
  • अगर आपके पास एक जैसे कई सेट हैं, तो उनमें से वही रखें जिनकी आपको सच में जरूरत है।
  • प्लेट और कटोरियों को एक साथ सही तरीके से रखें, ताकि अलमारी में कम जगह घिरे।
  • क्रॉकरी को रखते समय उनके बीच पेपर या सॉफ्ट कपड़ा जरूर लगाएं, ताकि ये एक-दूसरे से टकराएं नहीं और उन पर खरोंच भी न आए।

2. एक्स्ट्रा बेडशीट को ऐसे रखें

कई बार दिवाली पर एक से ज्यादा बेडशीट मिल जाती हैं। ऐसे में सभी को अलमारी में इधर-उधर रखने से जगह घिरने लगती है। इसका आसान तरीका है कि बेडशीट को अलग-अलग सेट में रखें। एक बेडशीट के साथ उसके मैचिंग तकिए के कवर भी रख दें। इससे जरूरत पड़ने पर पूरा सेट एक साथ मिल जाएगा।

  • रोज इस्तेमाल होने वाली बेडशीट को अलमारी में सामने रखें।
  • जो बेडशीट कभी-कभी इस्तेमाल होती हैं, उन्हें अलग जगह रखें।
  • बेडशीट को फोल्ड करके कपड़े के बैग या स्टोरेज बॉक्स में रख सकती हैं।
  • बॉक्स पर छोटा सा लेबल भी लगा दें, ताकि जरूरत के समय पूरा सामान आसानी से मिल जाए।

3. गिफ्ट में मिले सामान को इस्तेमाल के हिसाब से बांटें

घर में आए सभी गिफ्ट्स को एक ही जगह रखने के बजाय उन्हें अलग-अलग कैटेगरी में रख दें। जैसे क्रॉकरी किचन में, बेडशीट बेडरूम की अलमारी में और डेकोरेटिव आइटम किसी अलग शेल्फ में रखें। इससे हर चीज अपनी सही जगह पर रहेगी और घर भी बिखरा हुआ नहीं लगेगा। एक आसान तरीका यह भी है कि सामान को तीन हिस्सों में बांट लें। जैसे-

  • रोज इस्तेमाल होने वाला सामान को ऐसी जगह रखें जहां से आसानी से उसे निकाला जा सके।
  • कभी-कभी काम आने वाले सामान को अलमारी के ऊपर वाले हिस्से या स्टोरेज बॉक्स में रखें।
  • जिसकी जरूरत नहीं है उसे घर में रखने के बजाय किसी ऐसे को दे सकते हैं, जिसके काम आ सके।
 
image credit- magnific

4. अलमारी में खाली जगह बनाने के लिए अपनाएं ये तरीका

घर में जगह कम पड़ने की एक बड़ी वजह यह भी है कि हम सामान को बिना सोचे-समझे कहीं भी रख देते हैं। इसलिए पूरी अलमारी खाली करने के बजाय एक-एक शेल्फ से शुरुआत करें। पहले सारा सामान बाहर निकालें और देखें कि कौन सी चीज काम की है और कौन सी लंबे समय से रखी हुई है।

  • एक जैसी चीजों को साथ रखें।
  • खाली डिब्बों और बेकार पैकिंग को हटाएं।
  • बेडशीट और दूसरे कपड़ों को अलग-अलग रखें।
  • जिन चीजों का इस्तेमाल कम होता है, उन्हें ऐसी जगह रखें जहां रोज हाथ न लगाना पड़े।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- magnific