पेड़-पौधों और प्रकृति से प्रेम करने वाले लोग अपने गार्डन में अलग और अनोखे पौधे लगाना पसंद करते हैं। अगर आप भी प्लांट वैरायटी के शौकीन हैं, तो आज हम आपको एक ऐसे पौधे के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसे आम बोलचाल की भाषा में कटोरी का फूल कहा जाता है। देखने में यूनिक होने के साथ-साथ इस पौधे को उगाना और इसकी देखभाल करना भी बेहद आसान है। नीचे आर्टिकल में जानें तरीका-
कटोरी फूल के पौधे को कैसे उगाएं?
कटोरी फूल को कुछ लोग गुल दुपहरिया या पेंटापेटेस फोनीसिया के नाम से भी जानते हैं। इस पौधे को उगाने के लिए सबसे पहले भुरभुरी और उपजाऊ मिट्टी तैयार करें, जिसमें आधी सादी मिट्टी, थोड़ी खाद और रेत मिली हो। अब इसके बीजों को गमले की मिट्टी में आधा इंच की गहराई में बो दें।
बीज बोने के बाद मिट्टी में हल्का पानी छिड़कें। 7 से 10 दिनों में बीज अंकुरित होकर छोटे पौधे बाहर आने लगते हैं। जब पौधा थोड़ा बड़ा हो जाए, तो इसमें खाद डालें।
इसे भी पढ़ें- बगीचे में लगा रखा है बेल का पौधा, इस तरह करें देखभाल; रहेगा हरा-भरा
कटोरी फूल किस मौसम में आसानी से ग्रो किया जा सकता है?
कटोरी फूल मुख्य रूप से गर्मियों और बरसात के मौसम का पौधा है। इसके बीज बोने का सबसे सही समय फरवरी से मार्च या जून से जुलाई के बीच का होता है। इस दौरान का तापमान बीजों के अंकुरण के लिए सबसे अनुकूल होता है और पौधा तेजी से बढ़ता है।
कटोरी फूल की देखभाल कैसे करें?
इस पौधे को खिलने के लिए भरपूर धूप की आवश्यकता होती है। इसे ऐसी जगह रखें जहां रोजाना कम से कम 5 से 6 घंटे की सीधी धूप मिलती रहे। मिट्टी में नमी बनाए रखना जरूरी है, लेकिन ध्यान रखें कि गमले में पानी बिल्कुल जमा न हो, वरना जड़ें सड़ सकती हैं। गर्मियों में रोज पानी दें और सर्दियों या बरसात में मिट्टी की नमी देखकर ही पानी डालें। समय-समय पर सूखे फूलों और पीली पत्तियों को हटाते रहें। इससे पौधे की ग्रोथ अच्छी होती है और नई शाखाएं निकलती हैं।
कटोरी फूल के पौधों में कौन सी खाद डालें?
कटोरी फूल को अच्छी ग्रोथ और ज्यादा फूल देने के लिए समय-समय पर पोषण की जरूरत होती है। पौधा लगाते समय मिट्टी में अच्छी मात्रा में पुरानी गोबर की खाद या वर्मीकंपोस्ट मिला दें। हर 15 से 20 दिन में पौधे की हल्की गुड़ाई करके तरल जैविक खाद या वर्मीकंपोस्ट दें। फूल आने के सीजन में महीने में एक बार लिक्विड पोटाश या बोनमील देने से फूलों का आकार और रंग बहुत अच्छा आता है।
इसे भी पढ़ें- घर की छोटी सी बालकनी में लग जाएंगे ये 5 औषधीय पौधे, माली ने बताया तरीका
अगर आप नए-नए पौधों को लगाने के शौकीन हैं, तो कटोरी फूल लगा सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Magnific, Shutterstock
