अधिकतर घरों में लोग छोटे-छोटे पालतू जानवर पाल लेते हैं, लेकिन जब बात इन्हीं पालतू जानवरों को पौष्टिक हरा चारा खिलाने की होती है, तो उनके लिए ताजा चारा ढूंढ कर लाना थोड़ा मुश्किल हो जाता है। खासकर शहरों में नेपियर घास आसानी से नहीं मिल पाती। आमतौर पर नेपियर घास केवल बड़े-बड़े खेतों में ही उगाई जाती है। अगर आप अपने घर की बालकनी में या घर के सामने किसी खाली जगह पर नेपियर घास उगाना चाहती हैं, तो यह कोई मुश्किल काम नहीं है। जी हां, आज इस लेख में हम आपको बताएंगे कि कैसे आप घर की बालकनी में आसानी से नेपियर घास उगा सकती हैं? आइए जानते हैं इसके बारे में।

नेपियर घास क्या है और इसके क्या फायदे हैं?

नेपियर घास बार-बार उगने वाली बहुवर्षीय फसल है, जिसमें प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट और फाइबर प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। यह घास बहुत तेजी से फैलती है। एक बार कटाई करने के बाद कुछ ही दिनों में यह दोबारा से उग जाती है। इसे आप गमले या प्लास्टिक टब में भी आसानी से सही मात्रा में उगा सकती हैं।

  • नेपियर घास रसीली होती है। इसे खाने से दूध देने वाले पशुओं जैसे गाय और भैंस की इम्यूनिटी मजबूत होती है और दूध का उत्पादन भी बढ़ता है।
  • यह घास ज्यादा रखरखाव नहीं मांगती, यानी आप बहुत कम देखभाल में इसे अपनी बालकनी में आसानी से उगा सकती हैं।

बालकनी में गमले के अंदर नेपियर घास लगाने का सही तरीका

गमले में नेपियर घास उगाने के लिए आप इन आसान स्टेप्स को फॉलो करें -

  • नेपियर घास की जड़े काफी तेजी से फैलती हैं। इसलिए कम से कम 12 से 16 इंच गहरा और चौड़ा गमला लें। गमले के निचले हिस्से में जल निकासी के लिए एक छोटा सा ड्रेनेज होल जरूर बना दें।
  • गमले के लिए 50% बगीचे की मिट्टी, 30% गोबर की खाद या कंपोस्ट और 20% कोकोपीट या बालू रेत मिला लें। बस ध्यान रहे कि गमले में पानी जमा नहीं होना चाहिए, नहीं तो इससे पौधे की जड़ें सड़ सकती हैं।
  • नेपियर घास आमतौर पर बीजों के बजाय तने की कटिंग से लगाई जाती है। इसके लिए आप दो से तीन गांठों वाली मजबूत कटिंग लें। इसे मिट्टी में थोड़ा तिरछा करके गाड़ दें, ताकि कम से कम एक गांठ मिट्टी के अंदर रहे और ऊपरी हिस्सा बाहर रहे।
  • कटिंग लगाने के बाद गमले में हल्का पानी छिड़कें। गमले को बालकनी के ऐसे कोने में रखें जहां रोजाना कम से कम 4 से 5 घंटे की धूप मिल सके।

यह भी पढ़ें- बगीचे के लिए फ्री में बनेगी जैविक खाद, जानें तरीका और पौधों को हरा-भरा रखने का सीक्रेट

नेपियर घास की सही देखभाल कैसे करें?

नेपियर घास की अच्छी ग्रोथ के लिए इन बातों का ध्यान रखें -

  • गमले की ऊपरी मिट्टी सूखने पर ही पानी दें। गमले में ज्यादा पानी भरने से पौधा खराब हो सकता है।
  • हर महीने गमले में एक मुट्ठी गोबर की खाद या वर्मीकंपोस्ट जरूर मिलाएं। इससे पौधे को जरूरी पोषण मिलता रहेगा और कीड़े भी नहीं लगेंगे।
  • जब घास लगभग 3 से 4 फीट ऊंची हो जाए, तो इसे जमीन या गमले की सतह से 2 से 3 इंच ऊपर छोड़कर काट लें। कटाई के कुछ ही दिनों में यह फिर से तेजी से उग जाएगी।

निष्कर्ष: घर की बालकनी में अब आप आसानी से नेपियर घास उगा सकती हैं। इस लेख में बताए गए कुछ आसान टिप्स की मदद से आप कम समय और कम खर्च में हरा चारा तैयार कर सकती हैं। थोड़ी सी देखभाल और सही तरीका आपके पैसे बचा सकता है, साथ ही पालतू पशुओं के लिए एक ताजा व पौष्टिक भोजन भी उपलब्ध करा सकता है।  यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से। 

Image credit: freepik