अगर आप भी अपने घर-आंगन की बगिया मोगरे के फूलों से महकाना चाहती हैं, तो आपको कुछ जरूरी बातों का बहुत ध्‍यान रखना होगा। मोगरे की खुशबू न सिर्फ माहौल को ताजगी देती है बल्कि घर की सुंदरता भी बढ़ाती है। गार्डनिंग एक्सपर्ट और एमसीडी हॉर्टीकल्‍चर डिपार्टमेंट में कार्यरत अनंत मित्रा बताते हैं कि मोगरे कोआसानी से घर में उगा सकती हैं। उन्‍होंने मिट्टी तैयार करने से लेकर एक ऐसी 'सीक्रेट चीज' के बारे में जानकारी दी, जिसे डालते ही आपका मोगरे का पौधा फूलों से लद जाएगा। यह चीज आपके किचन से निकलती है। इसका इस्‍तेमाल अगर आप मोगरे के पौधे में करती हैं तो बड़ा फायदा होगा।

नर्सरी से खरीदे पौधे को जल्‍द गमले में न रोपें

जब आप नर्सरी से नया मोगरे का पौधा खरीदते हैं, तो उसे दूसरे गमले में लगाने का प्रयास न करें। दरअसल नए माहौल और तापमान बदलाव की वजह से पौधा शॉक में चला जाता है। अनंत मित्रा के अनुसार, नया पौधा लाने के बाद उसे तुरंत शिफ्ट न करें। उसे अपने छत पर पहले से मौजूद बाकी पौधों के बीच 2 से 3 दिनों के लिए रख दें। इससे पौधा आपकी छत के वातावरण और हवा-पानी के साथ अच्छी तरह तालमेल बैठा लेता है।

Image Credit: Shutterstock

इस तरह उगाएं मोगरे का पौधा

मोगरे के पौधे से ज्यादा से ज्यादा फूल लेने के लिए उसे सही तरीके से और सही न्यूट्रिशन के साथ बड़े गमले में शिफ्ट करना बेहद जरूरी है। सबसे पहले गमले के नीचे बने ड्रेनेज होल को किसी दीये के टुकड़े या ठीकरी से ढक दें। अब गमले की तली में सबसे पहले अपनी रसोई का सूखा या गीला कचरा जैसे सब्जियों और फलों के छिलके डालें।

इसके बाद बहुत ध्‍यान से इसके ऊपर धीरे-धीरे अच्छी जल निकासी वाली उपजाऊ मिट्टी डालना शुरू करें। गमले में नीचे दबा किचन वेस्ट धीरे-धीरे सड़कर बेहतरीन ऑर्गेनिक खाद में बदल जाता है, जिससे मोगरे की जड़ों में लगातार जरूरी खनिज एवं पोषण मिलता रहता है।

Image Credit:Shutterstock

जब पौधा नए गमले में अच्छी तरह सेट हो जाए। करीब 10 दिन बाद एक और सीक्रेट घरेलू नुस्खे को आजमाएं। 1 लीटर पानी में एक छोटा चम्मच दालचीनी का पाउडर मिलाकर रातभर के लिए छोड़ दें। हर 15 दिन के अंतराल में दालचीनी वाला पानी मोगरे के पौधे की जड़ों में डालें। इसके बाद शानदार रिजल्ट आपके आगे होगा।

 पौधा रोपने के बाद इन बातों का रखें ध्‍यान

मोगरे का पौधा एक बार गमले में रोपने के बाद आपको बहुत ही ध्‍यान से कुछ जरूरी बातों का ध्‍यान रखना होगा। इससे आपके पौधे और फूल की ग्रोथ तेजी से होगी।

  • मोगरा को जितनी अच्छी धूप मिलेगी, इसकी ग्रोथ उतनी ही शानदार होगी।
  • मोगरे के गमले को ऐसी जगह पर रखें जहां उसे रोजाना कम से कम 5 से 6 घंटे की सीधी और अच्छी धूप मिल सके।
  • पौधों में जरूरत से ज्यादा पानी देना उनकी जड़ों को सड़ा देता है।
  • मोगरे के पौधे में पानी तभी डालें जब गमले की ऊपरी मिट्टी (लगभग 1-2 इंच) पूरी तरह से सूखी हुई दिखाई दे।
  • इसके बाद उंगली की मदद से मिट्टी को छूकर नमी चेक करें और तभी पानी दें।
  • सही मात्रा में पानी देने से जड़ें मजबूत होती हैं और पौधे में फंगस लगने की समस्या नहीं होती, जिससे कलियां मजबूत बनी रहती हैं।
  • बीच-बीच में पौधे की नई टहनियों के ऊपरी हिस्से को निकालते रहें। इसे बागवानी की भाषा में 'पिंचिंग' कहते हैं। जहां से टहनी को पिंच करेंगे, वहां से 2-3 नई शाखाएं निकलेंगी। पौधा जितना ज्यादा घना होगा, उसमें उतने ज्यादा फूल आएंगे।

दालचीनी एक नेचुरल रूटिंग हार्मोन और एंटी-फंगल एजेंट होता है। यह मिट्टी के कीड़ों और फंगस को खत्म करती है और जड़ों को मजबूत करती है। इन गार्डनिंग टिप्‍स से आप मोगरे का पौधा उगा सकती हैं।अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit: Shutterstock