शादी-ब्याह हो या कोई त्योहार, पीतल की चूड़ियां और कंगन हर महिला की पहली पसंद होते हैं। इनमें बस एक ही दिक्कत आती है कि ये कुछ ही दिनों में काली सी दिखने लगती हैं। कई महिलाएं इन्हें पुराना समझकर रख देती हैं या फेंक देती हैं।

पीतल की चूड़ियों को कैसे चमकाएं?

अगर आपकी भी पीतल की ज्वेलरी काली पड़ गई है तो टेंशन लेने की जरूरत नहीं है। आपको बाजार से महंगा क्लीनर लाने की भी जरूरत नहीं है। आपकी किचन में ही 3 ऐसी चीजें मौजूद हैं जो मिनटों में आपकी काली पड़ी चूड़ियों को नई जैसी चमका देंगी।

Photo Credit: Magnific

पीतल की चूड़ियां काली क्यों पड़ जाती हैं?

पीतल असल में तांबा और जस्ता का मिश्रण होता है। जब ये हवा, पसीने और नमी के संपर्क में आता है तो ऑक्सीडेशन होता है। इसी वजह से ऊपर एक काली परत जम जाती है। परफ्यूम, क्रीम और पानी से ये प्रोसेस और तेज हो जाता है। इसका मतलब ये नहीं कि आपकी चूड़ियां खराब हो गईं, बस उन्हें एक अच्छी सफाई की जरूरत है।

किचन की इन 3 चीजों से चमकाएं चूड़ियां

1. नींबू और नमक

ये सबसे आसान और सबसे असरदार तरीका है। एक कटोरी में 1 चम्मच नमक लें, उसमें आधा नींबू निचोड़ें। इस पेस्ट को काली पड़ी चूड़ियों पर 2-3 मिनट तक हल्के हाथ से रगड़ें। आप चाहें तो आधे कटे नींबू पर नमक लगाकर सीधे चूड़ी पर भी रगड़ सकती हैं। फिर, साफ पानी से धोकर सूखे कपड़े से पोंछ लें। नींबू का एसिड कालापन हटाता है और नमक हल्के स्क्रबर का काम करता है।

2. इमली और बेकिंग सोडा

अगर कालापन बहुत ज्यादा और पुराना है तो ये तरीका बेस्ट है। थोड़ी सी इमली को 10 मिनट गुनगुने पानी में भिगो दें। उसका गूदा निकालकर उसमें आधा चम्मच बेकिंग सोडा मिलाएं। इस खट्टे पेस्ट को चूड़ियों पर लगाकर 5-7 मिनट छोड़ दें। फिर, पुराने टूथब्रश से रगड़कर साफ पानी से धो लें। इमली का खट्टापन पीतल की जमी हुई मैल को तुरंत काट देता है।

3. दही और आटे का घोल

अगर आप रगड़ना नहीं चाहतीं तो ये तरीका अपनाएं। 2 चम्मच खट्टी दही में 1 चम्मच गेहूं का आटा मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को चूड़ियों पर अच्छी तरह लगाकर 15-20 मिनट के लिए रख दें। पेस्ट सूखने लगे तो हल्के हाथ से मसलकर उतारें और पानी से धो लें। दही का लैक्टिक एसिड बिना खरोंच के चूड़ियों को शाइन देता है।

Photo Credit: Pinterest (copper town USA)

चमक लंबे समय तक बनाए रखने के 3 टिप्स

  • पहनने के बाद चूड़ियों को हमेशा सूखे कपड़े से पोंछकर रखें।
  • इन्हें कभी भी खुले में न रखें, हमेशा टिश्यू पेपर में लपेटकर एयरटाइट डिब्बे में रखें।
  • परफ्यूम, डिओ और क्रीम लगाने के बाद ही चूड़ियां पहनें, सीधे इनके ऊपर स्प्रे न करें।

महंगी ज्वेलरी की चमक तभी तक है, जब तक आप उसका ध्यान रखती हैं। पीतल की चूड़ियां काली पड़ना कोई बड़ी बात नहीं, ये तो धातु का नेचर है। बाजार के केमिकल छोड़कर जब आप किचन की नेचुरल चीजों से इन्हें साफ करेंगी तो चूड़ियां नई जैसी चमकेंगी और आपकी स्किन को भी कोई नुकसान नहीं होगा। तो अगली बार चूड़ियां काली दिखें तो फेंकिए नहीं, किचन की चीजों से ही उनका इलाज कीजिए। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।