जब भी हम टिफिन या नाश्ते के लिए सेब काटकर रखते हैं, तो कुछ ही मिनटों के बाद उसका रंग बदलने लगता है और वह भूरा या काला दिखने लगता है। सेब का बदला हुआ रंग न केवल देखने में खराब लगता है, बल्कि स्वाद में भी अजीब लगने लगता है। अगर आप भी इस परेशानी का सामना कर रही हैं और कटे हुए सेब के बेस्वाद होने की वजह से इसे खा नहीं पा रही हैं, तो अब एक खास और असरदार नुस्खा आजमा सकती हैं। हम बात कर रहे हैं नींबू के रस की। जी हां, कटे हुए सेब पर हल्का सा नींबू का रस लगाने से सेब काला नहीं पड़ता और घंटों तक फ्रेश रहता है।

नींबू का रस लगाने से क्यों काला नहीं पड़ता सेब?

नींबू के रस को कटे हुए सेब पर लगाना सिर्फ एक घरेलू नुस्खा ही नहीं है, बल्कि इसके पीछे गहरा रसायन विज्ञान छिपा है। आइए समझते हैं कि नींबू का रस लगाने से आखिर क्यों कटा हुआ सेब काला नहीं पड़ता -

1. सेब का रंग बदलने की असली वजह

कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय का कृषि एवं खाद्य विज्ञान अनुसंधान केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार जब भी हम सेब को काटकर कुछ देर के लिए रखते हैं, तो उसके अंदर मौजूद 'पॉलीफेनोल ऑक्सीडेज' नामक एंजाइम हवा के संपर्क में आता है। हवा में मौजूद ऑक्सीजन के साथ मिलते ही एक रासायनिक क्रिया शुरू हो जाती है, जिससे धीरे-धीरे सेब की ऊपरी सतह पर भूरी परत आने लगती है और वह काला दिखने लगता है।

(IMAGE CREDIT: MAGNIFIC)

यह भी पढ़ें- रोज सेब खाना सही है या नहीं, जानें शरीर पर क्या होता है असर?

2. नींबू के रस का वैज्ञानिक असर

नींबू के रस का उपाय लोग काफी समय से आजमा रहे हैं, लेकिन इसके पीछे की वजह कम ही लोग जानते हैं। दरअसल, नींबू में साइट्रिक एसिड और विटामिन-सी मौजूद होता है, जो सेब की सतह का पीएच (pH) लेवल कम कर देता है। एसिडिक वातावरण मिलते ही वह एंजाइम काम करना बंद कर देता है। इसके अलावा, नींबू एक ढाल की तरह काम करता है और हवा की ऑक्सीजन को सेब के एंजाइम तक नहीं पहुंचने देता, जिससे सेब का असली रंग वैसा का वैसा ही रहता है और वह भूरा नहीं पड़ता।

कटे हुए सेब को फ्रेश रखने का सही तरीका

अगर आप भी कटे हुए सेब के भूरे या काले पड़ने की वजह से परेशान हैं, तो नींबू का इस्तेमाल आसानी से कर सकती हैं। जब आप कटे हुए सेब पर हल्का सा नींबू का रस लगाएंगी, तो सेब एकदम ताजा रहेगा। नींबू की हल्की सी खटास सेब की प्राकृतिक मिठास के साथ मिलकर उसके स्वाद को और बढ़ा देती है।

यह भी पढ़ें- कहीं आप भी तो नहीं खा रहीं केमिकल से पके सेब? घर बैठे इन 4 स्मार्ट तरीकों से करें पहचान

नींबू न होने पर आजमाएं ये उपाय

अगर आपके पास तुरंत नींबू का रस मौजूद नहीं है, तो आप इन आसान तरीकों को भी अपना सकती हैं -

  • नमक मिले पानी में कटे हुए सेब को 5 मिनट के लिए डुबोकर रखें, फिर निकालकर टिफिन में पैक कर दें। इससे भी सेब भूरा और काला नहीं पड़ेगा।
  • आप नींबू की जगह पाइनएप्पल या संतरे के रस की कुछ बूंदें भी कटे हुए सेब पर लगा सकती हैं।

कटे सेब का रंग बदलने की वजह से अगर आप भी टिफिन में इसे ले जाने से हिचकिचाती थीं, तो अब नींबू के रस की कुछ बूंदों का इस्तेमाल करके सेब को घंटों तक फ्रेश रख सकती हैं। इससे सेब के रंग और स्वाद में कोई बदलाव नहीं आएगा।  यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।