सर्दियां आते ही लोग हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन करना शुरू कर देते हैं। इस मौसम में सबसे ज्यादा मूली, पालक, मेथी और गाजर जैसी चीजें खाई जाती है। अगर आप भी बाजार की केमिकल वाली सब्जियां खा रही हैं, तो ऐसा करने के बजाय आप घर की छत या बालकनी में ही ऑर्गेनिक सब्जियां उगा सकती हैं। खासकर मूली, गाजर और हरी मेथी जैसी सब्जियां हैं आसानी से कम खर्च में उगाई जा सकती हैं।
गमले में मूली, गाजर और मेथी कैसे उगाएं?
ठंड के दिनों आप भी थोड़ी सी सही जानकारी और देखभाल के साथ घर के गमले से ताजी मूली, मीठी गाजर और खुशबूदार हरी मेथी उगा सकती हैं। आइए जानते हैं सर्दियों में गमले के अंदर मूली, गाजर और मेथी उगाने के आसान गार्डनिंग टिप्स क्या है?
गमले में मूली उगाने का तरीका
आप आसानी से घर की बालकनी में गमले के अंदर मूली उगा सकती है, इसके लिए कम से कम 12 से 15 इंच गहरा गमला या ग्रो बैग चाहिए। इसके बाद भुरभुरी मिट्टी में बीजों को करीब आधा इंच गहरा और 2-3 इंच की दूरी पर लगाएं। अब ऊपर से हल्का पानी छिड़कें और गमले को धूप वाली जगह पर रख दें। इस गमले को आप जब 40 दिनों में देखेंगी, तो मूली तैयार हो जाएगी।
गमले में गाजर उगाने का तरीका
गाजर लगाने के लिए आप 12 से 16 इंच गहराई वाला गमला चुनें, इसके बाद ऐसी मिट्टी चुनें, जिसमें कंकड़ या सख्त ढेले बिल्कुल न हों। अब गाजर के बीज में रेत मिलाकर मिट्टी की ऊपरी परत पर छिड़कें और हल्की मिट्टी से इन्हें ढक दें। जब इन बीज से अंकुर निकलने लगे, तब घने पौधों की छंटाई जरूर कर दें, ताकि गाजर मोटी हो सके।
हरी मेथी घर पर उगाने का तरीका
आप कम खर्च और कम समय में मेथी भी घर पर लगा सकती हैं। इसके लिए आपको 6 से 8 इंच गहरा और चौड़ा टब या ट्रे जैसा गमला लेना होगा। अब आप चाहें, तो बाजार से बीज ला सकती हैं या किचन में रखे साबुत मेथी दाने को रातभर पानी में भिगोकर रख दें और सुबह नम मिट्टी पर फैलाकर ऊपर से हल्की मिट्टी डाल दें। मेथी 25 से 30 दिनों में तैयार हो जाएगी।
विंटर होम गार्डनिंग के समय किन बातों का ध्यान रखें?
अगर आप भी इन तीनों चीजों की बेहतर पैदावार चाहती हैं, तो कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखें। जैसे -
- गमले में सब्जी लगाने से पहले 50 पर्सेंट गार्डन की मिट्टी, 30 पर्सेंट गोबर की खाद और 20 पर्सेंट रेत या कोकोपीट मिलाकर मिट्टी तैयार करें।
- सर्दियों में गमले में लगी सब्जियों को रोजाना 4 से 5 घंटे की धूप दिखाएं।
- गमले में पानी तभी दें जब मिट्टी की ऊपरी सतह सूखी दिखे, जरूरत से ज्यादा पानी देने से जड़ें गल सकती हैं।
- मेथी की ऊपरी पत्तियां कैंची से काटने पर वह तेजी से बढ़ती है।
निष्कर्ष:अगर आप भी घर पर ही गमले में ताजी मूली, गाजर और हरी मेथी उगाना चाहती हैं, तो इस लेख में बताए गए तरीके और कुछ जरूरी बातों को ध्यान में रखकर आप आसानी से ये तीनों सब्जी उगा सकती हैं। सभी चीजों का खास ध्यान रखकर आप पूरी सर्दी अपने किचन गार्डन से ऑर्गेनिक सब्जियों का स्वाद ले सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
image credit: magnific
