शकरकंद खाना पसंद है, लेकिन हर बार बाजार से खरीदकर लाना पड़ता है? तो क्यों न इसे घर पर ही उगाया जाए। इसके लिए आपको किसी बड़े बगीचे या खेत की जरूरत भी नहीं है। आप अपनी बालकनी, छत या घर के किसी धूप वाले कोने में बड़े गमले में शकरकंद उगा सकती हैं। इसकी खास बात यह है कि इसे बीज से उगाने की जरूरत नहीं पड़ती बल्कि एक शकरकंद से ही नए पौधे तैयार किए जा सकते हैं।
थोड़ी सी देखभाल और सही तरीके से पानी देने पर गमले में भी शकरकंद की फसल अच्छी मिल जाती है। आज का हमारा लेख भी इसी विषय पर है।
घर पर गमले में शकरकंद उगाने का तरीका
हम आपको बता रहे हैं कि आप घर पर गमले में कैसे शकरकंद उगा सकती हैं। आइए जानते हैं आसान तरीका-
image credit- magnific
1. सबसे पहले तैयार करें शकरकंद की बेल
शकरकंद का पौधा तैयार करने के लिए आपको एक हेल्दी और अच्छी शकरकंद की जरूरत होगी। ध्यान रखें कि वह सड़ी हुई या खराब न हो। एक जार में पानी भरें और शकरकंद को इस तरह रखें कि उसका आधा हिस्सा पानी में डूबा रहे। इसे किसी गर्म और रोशनी वाली जगह पर रख दें। अब एक छोटे कंटेनर में थोड़ी नम मिट्टी भरें और शकरकंद को आधा मिट्टी में दबा दें। कंटेनर को गर्म जगह पर रखें और मिट्टी में नमी बनाए रखें। आप देखेंगी कि कुछ हफ्तों में शकरकंद से छोटी-छोटी हरी टहनियां निकलने लगेंगी। जब ये टहनियां करीब 10 से 15 सेंटीमीटर लंबी हो जाएं, तो इन्हें धीरे से अलग कर लें। इन्हीं टहनियों से शकरकंद के नए पौधे तैयार होंगे। इन्हें स्लिप्स कहा जाता है।
यह भी पढ़ें- Money Plant Growing Tips: पानी में लगा मनी प्लांट जंगल की तरह होगा घना, बस नारियल के छिलके का ऐसे करें इस्तेमाल
2. अब चुनें बड़ा और सही गमला
शकरकंद जमीन के अंदर बढ़ती है, इसलिए इसे लगाने के लिए छोटे गमले का इस्तेमाल न करें। इसके लिए ऐसा बड़ा गमला लें जिसकी गहराई कम से कम 30 सेंटीमीटर हो। गमले में नीचे पानी निकलने के लिए छेद जरूर होने चाहिए। गमले में ऐसी मिट्टी भरें जो थोड़ी हल्की हो यानी जिसमें पानी आसानी से निकल जाए। इसके लिए अच्छी क्वालिटी की पॉटिंग मिक्स और कम्पोस्ट का इस्तेमाल कर सकती हैं। ध्यान रखें कि मिट्टी में पानी जमा न रहे, वरना शकरकंद का पौधा सड़ जाएगा।
image credit- magnific
3. इस तरह लगाएं शकरकंद का पौधा
जब शकरकंद से निकली टहनियों में जड़ें आ जाएं, तो उन्हें गमले में लगाने के लिए तैयार कर लें। अब मिट्टी में छोटा सा गड्ढा बनाएं और पौधे की जड़ों को मिट्टी के अंदर रखते हुए लगा दें। इसके बाद आसपास की मिट्टी को हाथों से दबा दें और थोड़ा पानी डाल दें। पौधा लगाने के बाद गमले को ऐसी जगह रखें जहां उसे अच्छी रोशनी मिले।
4. पानी देते समय न करें ये गलती
शकरकंद के पौधे को पानी देना जरूरी है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि गमले की मिट्टी को हमेशा गीला रखा जाए। बहुत ज्यादा पानी जमा होने से जड़ें खराब हो सकती हैं। इसलिए पौधे की देखभाल करते समय इन बातों का ध्यान रखें-
- मिट्टी की ऊपरी लेयर सूखी लगे, तो पानी दें।
- शुरुआती दिनों में मिट्टी में नमी बनाए रखें।
- गमले में पानी जमा न होने दें।
- पौधे को ऐसी जगह रखें जहां उसे अच्छी धूप मिल सके।
5. कब तैयार होगी शकरकंद की फसल?
शकरकंद का पौधा लगाने के बाद फसल तैयार होने में आमतौर पर करीब 3 से 4 महीने लग जाते हैं। हालांकि, इसमें पौधे की किस्म और मौसम का भी असर पड़ता है। जब बेल की पत्तियां पीली पड़ने लगें और सूखने लगें, तो यह शकरकंद निकालने का समय हो सकता है।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- vecteezy
