बारिश के दिनों में मुरझाए हुए पौधे भी हरे-भरे हो जाते हैं। इस मौसम में पौधों में नई पत्तियां और सुंदर फूल आने लगते हैं। हालांकि, लगातार बारिश होने की वजह से गमले में पानी जमा होना एक आम समस्या है। बारिश का यह पानी मिट्टी में लंबे समय तक जमा होने से पौधों की जड़ों को भारी नुकसान पहुंचा सकता है। अधिक नमी और धूप न निकलने के कारण गीली मिट्टी की वजह से या तो पौधा सड़ने लगता है या मुरझा जाता है। ऐसे में समय रहते इसकी केयर करना बहुत जरूरी हो जाता है। 

गमले की गीली मिट्टी सुखाने के 2 आसान तरीके

अगर आप भी बरसात में गमले की लगातार गीली रहने वाली मिट्टी से परेशान हैं, तो अब घर पर ही 2 आसान तरीके आजमा सकती हैं। इन दोनों उपायों की मदद से आप गमले की एक्स्ट्रा नमी को तुरंत सोखकर अपने पौधों को सड़ने से बचा सकती हैं।

1. सूखी मिट्टी, कोकोपीट और लकड़ी की राख का इस्तेमाल करें

पौधे की अतिरिक्त नमी को सोखने और मिट्टी का बैलेंस सही बनाने के लिए सबसे पहले गमले के ऊपर की 1-2 इंच मिट्टी की गुड़ाई करके उसे बाहर निकाल लें। इसके बाद ऊपर से सूखी कोकोपीट, सूखी मिट्टी या लकड़ी की राख डाल दें। ये सभी सामग्रियां मिट्टी में मौजूद ज्यादा पानी को तेजी से सोख लेती हैं। इसके अलावा, लकड़ी की राख नमी कम करने के साथ-साथ बारिश के मौसम में लगने वाले फंगस और कीड़ों से भी पौधे का बचाव करती है।  

यह भी पढ़ें- क्या आपने देखा है कटोरी फूल? जानें इस पौधे को घर पर उगाने का सही तरीका

2. गमले के निचले ड्रेनेज होल की सफाई करें

कई बार गमले के निचले छेद में मिट्टी या कचरा जम जाता है, जिससे छेद बंद हो जाता है और गमले का फालतू पानी बाहर नहीं निकल पाता। ऐसे में आप किसी पतली लकड़ी या पेचकश की मदद से गमले के नीचे बने छेद को साफ करें और उसमें जमा कचरा बाहर निकालें। इसके अलावा, बारिश के मौसम में गमले को सीधे जमीन पर रखने के बजाय ईंट या पॉट स्टैंड पर रखें। ऐसा करने से गमले के निचले हिस्से में हवा का बहाव बना रहता है और पानी आसानी से निकल जाता है।

बरसात में पौधों की केयर के समय इन बातों का रखें ध्यान

अगर आप बरसात में पौधों को सुरक्षित रखना चाहती हैं, तो कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखें।

  • अगर आप कम खर्च में पौधों की देखभाल करना चाहती हैं, तो महंगे पॉट स्टैंड खरीदने के बजाय ईंटें, टाइल्स के टुकड़े या प्लास्टिक के ढक्कन का इस्तेमाल कर सकती हैं।
  • पौधों को ऐसी जगह रखें जहां सीधी और तेज बारिश का पानी कम पड़ता हो।
  • सूखी कोकोपीट और फंगीसाइड पाउडर खरीदने के लिए आप नजदीकी पौधे की नर्सरी में संपर्क कर सकती हैं। 

बरसात में लंबे समय तक गमले की मिट्टी में पानी जमा रहने से पौधों की जड़ें खराब हो सकती हैं। ऐसे में आप ऊपर बताए गए इन 2 आसान घरेलू उपायों को आजमाकर अपने हरे-भरे पौधों को खराब होने से बचा सकती हैं। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।

(IMAGE CREDIT: MAGNIFIC)