Fastest Ways To Remove Peepal Plant From Home: घर की छत, दीवार या बालकनी में पीपल का उगना एक ऐसी आम समस्या है जिससे लगभग हर दूसरा घर परेशान रहता है। यह दिक्कत तब और बढ़ जाती है जब लाख कोशिशों के बाद भी यह पौधा बार-बार वहीं से निकल आता है। हालांकिं, धार्मिक मान्यताओं के चलते लोग इसे काटने से कतराते हैं, लेकिन समय रहते अगर इसे न हटाया जाए तो इसकी मजबूत जड़ें दीवारों में दरारें और सीलन की बड़ी वजह बन जाती हैं। अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो आज के इस लेख में हम आपको 3 ऐसे असरदार तरीकों के बारे में बताने जा रहे हैं जिनकी मदद से आप पीपल के पौधे को बिना किसी झंझट के जड़ से खत्म कर सकती हैं।
पीपल के पौधे को जड़ से हटाने के लिए 3 कारगर तरीके
छत की दीवार के किनारे पर अगर पीपल का पौधा आए, तो इन्हें हटाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में आमतौर पर लोग मिस्त्री या फिर किसी व्यक्ति को बुलाकर इसे हटवाते हैं,लेकिन देखते ही देखते कुछ दिनों में दोबारा से पौधा निकलने लग जाता है। ऐसे में इस दिक्कत से छुटकारा पाने के लिए नीचे बताए गए तरीके आजमा सकती हैं।
इसे भी पढ़ें- Moss Removing Tips: पौधों की वजह से घर की छत पर जम गई है काई, तो इन 3 चीजों की मदद से हमेशा के लिए हो जाएगी गायब
1. फिटकरी और सिरके का घोल से हटाएं पीपल का पौधा
अगर आपके घर के छत, बालकनी या फिर दीवार के किनारे पर पीपल का पौधा उग आया है, तो फिटकरी और सिरके के घोल का इस्तेमाल कर सकती हैं। बता दें कि इन दो चीजों से तैयार घोल नेचुरल 'किलर' की तरह काम करती हैं।
- सबसे पहले एक बर्तन में 7-8 चम्मच फिटकरी में थोड़ा सा सिरका मिलाएं।
- इसके बाद पीपल के पौधे की ऊपरी हरी टहनियों को काटकर थोड़ा छोटा कर लें।
- अगर संभव हो, तो इसके मुख्य तने की छाल को थोड़ा छील दें।
- अब फिटकरी को पीसकर पाउडर बना लें और उसे सिरके में अच्छी तरह मिलाकर एक गाढ़ा घोल तैयार कर लें।
- फिर इस घोल को सीधे पौधे के तने, जड़ों और दीवार की उस दरार में डालें जहां से वह उग रहा है।
नोट- अगर पीपल का पौधा बहुत पुराना और बड़ा है, तो केवल इस घोल से एक बार में काम नहीं चलेगा। बड़े पौधों की जड़ें दीवार के भीतर तक फैली होती हैं, इसलिए इस घोल का इस्तेमाल आपको कुछ दिनों के अंतराल पर 2-3 बार करना पड़ सकता है। पौधा पूरी तरह सूख जाने के बाद उसे जड़ समेत उखाड़कर बाहर निकाल दें और उस दरार को सीमेंट या सीलेंट से अच्छी तरह पैक कर दें, ताकि वह दोबारा न उग सके।
2. ब्लीचिंग पाउडर का इस्तेमाल
पौधे को ऊपर से काटने मात्र से समस्या हल नहीं होती क्योंकि उसकी मुख्य जड़ दरार के अंदर जिंदा रहती है। किसी नुकीली चीज की मदद से पौधे के आसपास की थोड़ी सी जगह को कुरेदकर उसकी जड़ को बाहर निकालें। इसके बाद उस खाली जगह पर तेज महक वाला ब्लीचिंग पाउडर अच्छी तरह डाल दें। इसकी वजह से बची-कुची जड़ें पूरी तरह गल जाएंगी।
3. सफेद चूना और नमक का ड्राई पाउडर वाला तरीका आजमाएं
पीपल के पौधे की ऊपरी पत्तियों को थोड़ा छांटकर उसके मुख्य तने और जड़ के पास थोड़ा सा कट लगा दें। अब इसमें सूखा चूना (पान की दुकान पर आसानी से मिल जाएगा) और बारीक पिसा हुआ नमक बराबर मात्रा में मिलाकर सीधे उस दरार या कटी हुई जड़ पर भर दें। चूना नमी पाते ही अत्यधिक गर्मी पैदा करता है और नमक पौधे की कोशिकाओं को अंदर से जला देता है। इससे जड़ें दो-तीन दिन के भीतर खत्म हो जाती हैं।
इसे भी पढ़ें- बरसात में दीवारों पर लग रही है फफूंद और काई? अपनाएं ये आसान 4 घरेलू उपाय
इन तरीकों से आप बिना परेशानी के पीपल के पौधे को जड़ से खत्म कर सकती हैं। इनकी खास बात यह है कि ये आपको आसानी से छुटकारा पा सकती हैं। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
