Laundry Tips For White Clothes: पीले पड़ चुके सफेद कपड़े देखने में खराब लगते हैं, खासकर अगर वह पसंदीदा हो, तो मन उदास हो जाता है। रोजमर्रा के इस्तेमाल, पसीने, डिटर्जेंट के गलत इस्तेमाल और पानी में मौजूद खनिजों के कारण ये बहुत जल्दी अपनी चमक खो देते हैं और गंदे दिखने लगते हैं। हालांकि, सही लॉन्ड्री रूटीन अपनाकर आप अपनी सफेद चादरों और टॉवल को लंबे समय तक सफेद रख सकते हैं। आज के इस लेख में हम 5 ऐसे आसान और असरदार टिप्स बताने जा रहे हैं, जिन्हें अपनाकर आप कपड़ों की चमक वापस पा सकती हैं।

पीले कपड़े को पीला पड़ने से कैसे रोकें?

सफेद कपड़े को लंबे समय तक नए जैसा बनाकर रखना मुश्किल हो जाता है। कई बार कपड़ा धोते वक्त कुछ ऐसी गलतियां हो जाती है, जिसकी वजह से ये जल्दी ही पीले पड़ने लगते हैं। अगर आप अपने सफेद चादर और तौलिया को पीला पड़ने से रोकना चाहती हैं, तो नीचे लेख में बताए गए 5 लॉन्ड्री टिप्स को आजमा सकती हैं।

1. गर्म पानी और बेकिंग सोडा का इस्तेमाल

सफेद कपड़ों से जिद्दी मैल और पीलापन हटाने के लिए गर्म पानी सबसे बड़ा मददगार है। हमेशा अपनी चादरों और टॉवल को हल्के गर्म पानी में धोएं, क्योंकि यह फैब्रिक के रेशों में जमे तेल और पसीने को आसानी से ढीला कर देता है। इसके साथ ही, डिटर्जेंट के साथ आधा कप बेकिंग सोडा मिला दें। बेकिंग सोडा एक नेचुरल ब्लीचिंग एजेंट की तरह काम करता है जो कपड़ों के पीलेपन को काटता है और उन्हें अंदर तक साफ कर देता है।

2. ब्लीच की जगह सिरके का करें यूज करें

लिक्विड क्लोरीन ब्लीच कपड़ों के रेशों को कमजोर कर देती है और उन्हें समय से पहले पीला या बदरंग बना देती है। इसकी बजाय, कुल्ला करते समय पानी में एक कप सफेद सिरका मिलाएं। सिरका कपड़ों से डिटर्जेंट और मैल के बचे हुए अवशेषों को पूरी तरह बाहर निकाल देता है। यह फैब्रिक को नेचुरली सॉफ्ट भी बनाता है, जिससे आपके टॉवल रूखे होने के बजाय हमेशा मुलायम बने रहते हैं।

3. धूप में सुखाने का तरीका

आज के समय में लोग जल्दी के चक्कर में ड्रायर या घर के अंदर छांव में कपड़े सुखाना पसंद करते हैं, लेकिन सफेद कपड़ों के लिए सूरज की प्राकृतिक धूप सबसे बेहतरीन वरदान है। धूप में मौजूद अल्ट्रा-वायलेट (UV) किरणें प्राकृतिक रूप से ब्लीच का काम करती हैं और पीले निशानों व बैक्टीरिया को खत्म कर देती हैं। चादरों और टॉवल को हमेशा तेज धूप में उल्टा करके सुखाएं ताकि उनकी चमक बरकरार रहे।

4. रंगीन कपड़ों से हमेशा रखें पूरी दूरी

सफेद कपड़ों के पीले पड़ने और गंदे दिखने का एक बहुत बड़ा कारण यह है कि उन्हें अक्सर रंगीन कपड़ों के साथ वॉशिंग मशीन में डाल दिया जाता है। हल्के रंगों या डार्क कपड़ों का रंग छूटकर सफेद चादरों और टॉवल पर चढ़ जाता है, जिससे वे मटमैले या फीके दिखने लगते हैं। हमेशा सफेद कपड़ों का एक अलग और फ्री लोड बनाएं और उन्हें बाकी कपड़ों से बिल्कुल अलग ही धोएं।

5. मशीन को ओवरलोड न करें और सही मात्रा में डिटर्जेंट चुनें

अक्सर लोग समय बचाने के लिए वॉशिंग मशीन में एक साथ बहुत सारी चादरें और टॉवल भर देते हैं। इससे कपड़ों को घूमने और रगड़ने की पर्याप्त जगह नहीं मिलती, जिसके कारण मैल अंदर ही फंसा रह जाता है। इसके अलावा, जरूरत से ज्यादा डिटर्जेंट का इस्तेमाल न करें। बता दें कि ज्यादा सर्फ कपड़ों पर एक चिपचिपी परत छोड़ देता है जो बाद में पसीने के संपर्क में आकर पीली पड़ जाती है। सही मात्रा में माइल्ड डिटर्जेंट का उपयोग करें और मशीन में पर्याप्त जगह छोड़ें।

इन तरीकों को आजमाकर आप चादर और तौलिया को पीला होने से बचा सकती हैं। हालांकि, इससे पहले आप तौलिया या चादर पर लगे टैग को ध्यान से जरूर पढ़ें। साथ ही आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हर जिंदगी से।

Image Credit- magnific