Window Grill Cleaning Tricks: महिलाएं रोजाना अपने घर की साफ-सफाई करती हैं, लेकिन घर के कुछ कोने ऐसे होते हैं जिनकी सफाई हफ्ते या महीने में एक बार ही हो पाती है। इनमें से एक है खिड़कियों की ग्रिल। हम सभी रोजाना खिड़कियां खोलते और बंद करते हैं, जिससे उनके कोनों या किनारों में धूल-मिट्टी जमा हो जाती है, जो धीरे-धीरे मोटी परत में बदल जाती है। ये कोने इतने पतले होते हैं कि इन्हें साफ करना कई बार नामुमकिन-सा लगता है। इस गंदगी को हटाने के लिए लोग बाजार में मिलने वाले क्लीनर या टूल्स खरीदते हैं, लेकिन क्या आप जानती हैं कि आप सिर्फ 3 टिशू पेपर की मदद से इस समस्या से छुटकारा पा सकती हैं?

आज के इस लेख में हम आपको बताने जा रहे हैं कि टिशू पेपर की इस ट्रिक से खिड़की की ग्रिल में जमी धूल-मिट्टी को कैसे हटाया जा सकता है।

खिड़की की ग्रिल कैसे साफ करें? (How To Clean Window Grill Dust Easily)

आमतौर पर हम सभी फर्श, फर्नीचर और खिड़कियों के शीशे तो साफ कर लेते हैं, लेकिन ग्रिल के कोनों में जमी धूल-मिट्टी अक्सर छूट जाती है। खासकर लोहे या एल्युमिनियम की ग्रिल में छोटे-छोटे कोने और जोड़ होते हैं, जहां कपड़ा आसानी से नहीं पहुंच पाता। ऐसे में आप टिशू पेपर वाला यह हैक एक बार जरूर आजमाएं। नीचे पढ़ें तरीका-

Image Credit-ai

टिशू पेपर से हटाएं खिड़की के कोनों में जमीं गंदगी

खिड़की के ग्रिल के कोनों या किनारे में जमी गंदगी को आमतौर पर महिलाएं चाकू में कपड़ा फंसाकर या फिर अन्य जुगाड़ लगाकर साफ करती हैं। हालांकि, इसके बाद भी पूरी तरह से ग्रिल साफ नहीं हो पाते हैं। ऐसे में आप टिशू पेपर वाला तरीका लगाएं।

Image Credit-ai

  • इसके लिए सबसे पहले 3 टिशू पेपर लें।
  • अगर गंदगी ज्यादा है, तो आप टिशू पेपर और ले सकती हैं।
  • इसके बाद खिड़की को खोले या स्लाइड को खिसकाएं।
  • अब टिशू पेपर को ग्रिल के ऊपर रखें। एक-एक क्रम में।
  • इसके बाद पेपर को कोने में फंसा दें जैसा ऊपर तस्वीर में दिखाया गया है।
  • फिर स्लाइडर को 1-2 बार खिसकाएं।
  • आप देखेंगी कि किनारे पर जमी गंदगी निकल गई है।

इसे भी पढ़ें- Old Toothbrush Reuse Ideas: अरे रुकिए! मत फेंकिए पुराने टूथब्रश, ऐसे करें इस्तेमाल; बच जाएंगे हजारों रुपये

सफाई करते समय इन बातों का रखें ध्यान

खिड़की की ग्रिल साफ करते समय कुछ छोटी बातों का ध्यान रखना जरूरी है। सबसे पहले सूखी धूल हटाएं, ताकि गीला करने पर मिट्टी कीचड़ बनकर न चिपके। सफाई के लिए मजबूत और मोटे टिशू पेपर का इस्तेमाल करें, ताकि वह जल्दी न फटे। अगर ग्रिल लोहे की है, तो ज्यादा पानी इस्तेमाल न करें, क्योंकि इससे जंग लगने का खतरा हो सकता है। सफाई के बाद ग्रिल को सूखे कपड़े से जरूर पोंछ दें।

Image Credit-ai

खिड़कियों के ग्रिल को गंदा होने से कैसे रोकें?

  • खिड़कियों की ग्रिल में जमी मोटी गंदगी से बचने के लिए कोशिश करें कि समय निकालकर इसे 1-2 दिन में क्लीन कर लें।
  • अगर समय नहीं मिल पा रहा है, तो इसके लिए हफ्ते में एक बार सूखे कपड़े या पुराने ब्रश से हल्की धूल झाड़ दें।
  • बाहर से आने वाली धूल कम करने के लिए मानसून या तेज हवा के दिनों में खिड़कियां थोड़ी कम खोलें और जालियों या पर्दों का इस्तेमाल करें।
  • ध्यान रखें कि ग्रिल पर गीला कपड़ा चलाने के बाद उसे तुरंत सूखे कपड़े से पोंछ लें, क्योंकि नमी से धूल चिपक जाती है और जंग लगने का डर भी रहता है।
  • अगर घर के पास सड़क है या कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा है, तो ग्रिल को नियमित रूप से साफ करते रहें।
 
निष्कर्ष-

यह तरीका स्लाइडर वाली खिड़कियों के लिए कारगर है। खासकर वे खिड़कियां जो एल्युमिनियम की बनी होती है। मगर इस बात का ध्यान दें कि अगर गंदगी बहुत लंबे समय से फंसी होने के कारण मोटी परत में बदल गई है, तो यह तरीका कम असरदार हो सकता है। इसके लिए पहले पेचकस जैसी नुकीली चीज से गंदगी को निकालें। इसके बाद यह ट्रिक आजमाएं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit-ai