पौधों में कीड़े और चींटियां लगना आम समस्या है, जिनका अगर समय पर इलाज न किया जाए, तो ये खराब हो सकते हैं। हालांकि, इस परेशानी से छुटकारा पाने के लिए लोग नर्सरी में मिलने वाले कीटनाशकों या केमिकल स्प्रे का इस्तेमाल करते हैं। कई बार ज्यादा केमिकल या मात्रा अधिक होने पर कीटों को खत्म करने वाली दवा पौधों को जला देती है। इससे बचने के लिए लोग नेचुरल पेस्टिसाइड का उपयोग करना पसंद करते हैं। अगर आपके बगीचे में लगे पौधों में कीड़े लग गए हैं या आप इन्हें दूर रखना चाहते हैं, तो रसोई में रखी दालचीनी का प्रयोग कर सकते हैं। आज के इस लेख में हम आपको दालचीनी से जुड़े हैक्स के बारे में बताने जा रहे हैं।

दालचीनी पौधों से चींटियों और कीड़ों को कैसे दूर रखता है?

दालचीनी में मौजूद एंटी-फंगल और एंटी-बैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं, जो कीड़ों को दूर रखने में मदद करते हैं। साथ ही दालचीनी में मौजूद सिनामाल्डिहाइड नामक यौगिक अपनी तेज सुगंध के कारण कीड़ों और चींटियों को दूर रखता है। नीचे जानें इसका कैसे करें इस्तेमाल-

इसे भी पढ़ें- बारिश में इन पौधों पर भर-भरकर खिलते हैं फूल, जानें लगाने और देखभाल करने का तरीका

दालचीनी पाउडर का करें पौधों के किनारे छिड़काव

पौधों को चींटियों और कीड़े से बचाने के लिए दालचीनी का पाउडर बनाकर इस्तेमाल करें। इसके लिए थोड़ी सी पिसी हुई दालचीनी लेकर गमले की मिट्टी के चारों तरफ और पौधे के तने के पास अच्छी तरह छिड़क दें। दालचीनी की तीखी खुशबू चींटियों को बिल्कुल पसंद नहीं होती और वह दूर हो जाती हैं।

दालचीनी से बनाएं लिक्विड स्प्रे

पौधों की पत्तियों और टहनियों को बारीक कीड़ों और फंगस से बचाने के लिए दालचीनी का स्प्रे बना सकती हैं। इसके लिए एक लीटर गुनगुने पानी में एक से दो चम्मच दालचीनी पाउडर मिलाकर रातभर के लिए छोड़ दें। अगले दिन सुबह इस पानी को छानकर बोतल में भरें और प्लांट पर स्प्रे करें। लें। यह स्प्रे कीड़ों को तो दूर रखता ही है, साथ ही पत्तियों पर फंगस को पनपने से भी रोकता है।

 

दालचीनी के टुकड़े वाला तरीका करें इस्तेमाल

अगर आप बेबी या न्यू प्लांट लगा रही हैं, तो उसे फंगस से बचाने के लिए आप दालचीनी के टुकड़े वाला तरीका आजमा सकती हैं। दालचीनी एक तरह से रूटिंग हार्मोन की तरह काम करती है।

पौधा लगाते समय या कटिंग करते समय, उसके कटे हुए हिस्से को दालचीनी पाउडर में हल्का सा डुबो लें या फिर उस टुकड़े को पौधे के किनारे पर दबा दें। अगर किसी पौधे की जड़ें सड़ रही हों, तो पौधे को निकालकर जड़ों पर थोड़ा सा दालचीनी पाउडर छिड़कने से संक्रमण ठीक हो जाता है।

इसे भी पढ़ें- बिना सीधी धूप के Indoor Plants को कैसे ग्रो करें? नोट कर लें ये काम के हैक्स 

अगर आपके पौधे में कीड़े लग गए हैं, तो बाजार में केमिकल कीटनाशक स्प्रे खरीदने के बजाय दालचीनी वाला तरीका आजमा सकती हैं। साथ ही अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी हो, तो इसे शेयर करें। ऐसी ही स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहे हरजिंदगी के साथ।

Image Credit- Ai, magnific