जब प्लॉट का स्पेस कम हो, तो घर बनाने से पहले कमरे से लेकर किचन तक का डिजाइन बड़े ध्यान से चुनना पड़ता है। थोड़ी सी भी गलती आपके घर का लुक खराब कर सकती है। शहरों में महंगी प्रॉपर्टी के कारण 100 गज का प्लॉट एक स्टैंडर्ड स्पेस होता है। फ्लैट में भी ज्यादातर लोग 100 गज का स्पेस वाला घर ही चुनना सही समझते हैं। ऐसे में अगर आप यह सोचती हैं कि इस स्पेस में किचन का डिजाइन कैसा रखा जाए, जिसमें सामान ज्यादा आ सके और दिखने में भी यह अच्छा लगे, तो यह आर्टिकल आपके काम आएगा। आज के इस आर्टिकल में हम आपको अलग-अलग किचन डिजाइंस के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे।

स्ट्रेट किचन डिजाइन 

इस तरह के किचन डिजाइन को सबसे सिंपल और कम जगह में बनने वाले डिजाइन में से एक माना जाता है। इसमें पूरा प्लेटफॉर्म और सभी कैबिनेट एक ही दीवार के साथ बनाए जाते हैं।

खासियत

  • इस तरह के किचन डिजाइन में कैबिनेट्स अलग से नहीं बने होते, इसलिए किचन दिखने में बड़ी लगती है।
  • इस तरह के किचन डिजाइन की सबसे बड़ी खास बात यह है कि पूरा किचन एक ही दीवार पर निर्भर होती है, इसलिए स्पेस ज्यादा मिलता है।
  • किचन व्यवस्थित लगती है, क्योंकि गैस चूल्हा से लेकर कैबिनेट तक सब कुछ एक ही तरफ होता है।
  • इस तरह के किचन डिजाइन में किचन ओपन रखना ही फायेदमंद होता है।
  • इसे बनाने का खर्च भी दूसरे किचन डिजाइन के मुकाबले कम आता है।
  • इस किचन डिजाइन की सफाई भी आसानी से हो जाती है।
  • दिखने में यह मॉडर्न इंटीरियर जैसा लगता है।
  • बाद में अगर आप नए कैबिनेट या शेल्फ लगाना चाहती हैं, तो उसके लिए भी आपको स्पेस मिल जाता है।

जानें एल-शेप किचन डिजाइन की खासियत

कम स्पेस में सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले किचन डिजाइंस में से एक है एल-शेप डिजाइन। ध्यान रखें कि यह डिजाइन ओपन किचन के लिए ज्यादा बेस्ट है, क्योंकि इसमें स्लैब का डिजाइन सबसे ज्यादा जरूरी होता है।

खासियत

  • इस तरह के किचन डिजाइन में आपको स्पेस ज्यादा मिलता है।
  • सामान रखने के लिए स्टोरेज भी पर्याप्त होता है।
  • इसमें खाना बनाने, सब्जी काटने और बर्तन धोने के लिए अलग-अलग स्पेस मिलता है।
  • गैस स्टोव, सिंक और फ्रिज रखने के लिए भी पर्याप्त जगह मिल जाती है।
  • ऐसे किचन में दो से तीन लोग एक साथ आराम से काम कर सकते हैं।
  • अगर डाइनिंग एरिया से जोड़ा जाए तो पूरा घर और भी ज्यादा बड़ा लगता है।

यू-शेप किचन डिजाइन क्यों है बेहतर?

यू-शेप किचन डिजाइन को बनाने के लिए 3 दीवारों पर कैबिनेट बनाए जाते हैं। ऐसे में किचन में आपको सामान रखने के लिए ज्यादा स्पेस मिल जाता है। हालांकि, इस तरह के किचन डिजाइन के लिए आपको स्पेस थोड़ा ज्यादा लेना पड़ता है, जिससे कमरों का साइज छोटा हो सकता है। अगर आप चाहती हैं कि कम स्पेस में ये डिजाइन बन जाए तो ओपन किचन डिजाइन का चयन करें।

खासियत

  • यू-शेप किचन में सबसे ज्यादा स्टोरेज के लिए जगह मिलती है।
  • बड़े परिवारों के लिए इस तरह का किचन डिजाइन बेस्ट है।
  • किचन हमेशा साफ और व्यवस्थित नजर आती है।
  • लंबे समय तक उपयोग के लिए ये किचन डिजाइन अच्छा है।

इन डिजाइंस के अलावा पैरलल (Parallel) किचन डिजाइन भी 100 गज के घर के लिए बेस्ट है। इस तरह के डिजाइन में दो बराबर प्लेटफॉर्म बनाए जाते हैं, जिससे उनके बीच चलने के लिए आपको ज्यादा जगह मिल जाती है। इसमें एक तरफ खाना बनाने का स्पेस और दूसरी तरफ सिंक और स्टोरेज के लिए जगह दी जाती है। ध्यान रखें कि  कम जगह होने के कारण किचन का डिजाइन ऐसा होना चाहिए, जो कम स्थान में ज्यादा सुविधा दे सके। अगर किचन की सही योजना बनाई जाए, तो छोटी किचन भी व्यवस्थित और मॉर्डन लगती है। इसके लिए आपको किचन का लेआउट, प्लेटफॉर्म, कैबिनेट्, सिंक और चिमनी जैसी सभी बातों का खास ध्यान रखना पड़ता है।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।

Image Credit:  magnific