How To Get Rid Of Bathroom Bad Smell: बाथरूम साफ किया, फिनायल मारा, महंगा Air Freshener भी लगा दिया, फिर भी दरवाजा खोलते ही अजीब सी सड़ी हुई बदबू नाक में घुस जाती है? यहां जानें इसे सही करने का तरीका।

अगर आपके साथ भी यही हो रहा है, तो गलती आपकी नहीं है। असल में Air Freshener बदबू को खत्म करता ही नहीं है, वह सिर्फ उसके ऊपर अपनी खुशबू की परत चढ़ा देता है। अंदर की सड़ी हुई गैस और ऊपर की केमिकल वाली खुशबू मिलकर ज्यादा भयानक बदबू बना देती है। इसलिए पहले बदबू की जड़ को समझना होगा, तभी वो हमेशा के लिए जाएगी।

Air Freshener के बाद भी बदबू क्यों आती है?

अगर आपके बाथरूम में भी एयर फ्रेशनर लगाने के बाद गंदी बदबू आती है, तो यहां जानिए इसकी वजह।

1. फ्रेशनर से बदबू छिपती है

ज्यादातर स्प्रे में भारी सिंथेटिक परफ्यूम होता है। वो बदबू वाले कणों को तोड़ता नहीं, बल्कि उनके ऊपर बैठ जाता है। सल्फर और सीवर गैस की बदबू, परफ्यूम की तेज महक सब आपस में मिल जाते हैं और गंदी बदबू आने लगती है।

2. सूखा हुआ ड्रेन पाइप

बाथरूम के फर्श, सिंक और शावर के नीचे U-शेप का पाइप होता है, जिसे P-Trap कहते हैं। इसमें हमेशा थोड़ा पानी भरा रहता है, जो सीवर की गैस को ऊपर आने से रोकता है।

अगर कोई बाथरूम 3-4 दिन इस्तेमाल नहीं हुआ, तो ये पानी सूख जाता है। बस, फिर सीवर की गैस सीधे आपके बाथरूम में आने लगती है। आप चाहे जितना फ्रेशनर मार लो, ये गैस नहीं जाएगी।

image credit- pinterest

3. ड्रेन में जमी गंदगी

बाल, साबुन का मैल, तेल और गंदगी ड्रेन के अंदर चिपककर सड़ने लगती है। ये धीरे-धीरे ऐसी बदबू बनाती है जो नल खोलने पर और तेज हो जाती है।

4. टॉयलेट के आसपास छिपी गंदगी

सिर्फ कमोड साफ करने से काम नहीं चलता। बदबू अक्सर टॉयलेट की सीट के हिंज, कमोड के नीचे के जोड़, टाइल्स के बीच की ग्राउट और सिंक के ओवरफ्लो वाले छेद में छिपी होती है। वहां पेशाब की बूंदें सूखकर बदबू मारती रहती हैं।

5. बंद बाथरूम और सीलन

अगर एग्जॉस्ट फैन में धूल जमी है या बाथरूम में हवा नहीं आती, तो नमी से शावर पर्दे, मैट और टॉवल में फफूंद लग जाती है। यही सीलन वाली बदबू पूरे बाथरूम में फैल जाती है।

बदबू को जड़ से खत्म करने के 5 आसान उपाय

बाथरूम की गंदी बदबू को सही करने के लिए हम कुछ उपाय लेकर आए हैं, जो आपको मदद करेंगे।

1. सूखे ड्रेन को पहले सील करें

सबसे पहले सभी सिंक, शावर और फर्श वाले ड्रेन में 1 मिनट तक पानी चलाएं। अगर बाथरूम लंबे समय से बंद था, तो एक बोतल सिरका डालकर फिर पानी डालें। इससे P-Trap में फिर से पानी भर जाएगा और सीवर गैस रुक जाएगी।

2. बेकिंग सोडा + सिरका वाला देसी फॉर्मूला

आधा कप बेकिंग सोडा ड्रेन में डालें, ऊपर से 1 कप सफेद सिरका डालें। 10-15 मिनट झाग बनने दें, फिर तेज गरम पानी डालकर फ्लश कर दें। ये ड्रेन के अंदर की सड़ी हुई परत को काट देता है। ये काम हफ्ते में एक बार जरूर करें।

image credit-pinterest

3. छिपी हुई जगहों की डीप क्लीनिंग करें

टॉयलेट के बेस, हिंज के आसपास, टाइल्स की लाइनों और सिंक के ओवरफ्लो वाले छेद को पुराने ब्रश से रगड़कर साफ करें। सिर्फ फिनायल डालने से ये जगहें साफ नहीं होतीं।

4. न्यूट्रलाइजर अपनाएं

स्प्रे वाले फ्रेशनर की जगह बदबू को सोखने वाली चीजें रखें। एक कटोरी में बेकिंग सोडा या एक्टिवेटेड चारकोल रख दें। ये बदबू को सोख लेते हैं, छिपाते नहीं। मार्केट में मिलने वाले ओडर एलिमिनेटर स्प्रे भी इसी तरह काम करते हैं।

5. हवा का रास्ता खोलें और कपड़े धोएं

एग्जॉस्ट फैन को साफ करें। नहाने के बाद 10 मिनट फैन चलाएं या खिड़की खोलें। बाथ मैट, टॉवल और शावर पर्दे को हफ्ते में एक बार धूप में सुखाएं। गीला टॉवल बाथरूम में ही टंगा रहेगा तो बदबू कभी नहीं जाएगी।

image credit-pinterest (The Dustpan and BrushStore )

बाथरूम में बदबू न आए इसके लिए ध्यान रखने वाली बातें

बाथरूम को रोज-रोज धोना ही काफी नहीं है, अगर ये 5 छोटी-छोटी गलतियां सुधार लीं तो बदबू कभी वापस नहीं आएगी:

  • घर में जो बाथरूम कम इस्तेमाल होता है, उसमें हर 2-3 दिन में एक बाल्टी पानी डाल दें, ताकि उसका ट्रैप सूखे नहीं।
  • बाथरूम के डस्टबिन को रोज खाली करें। गीला टिश्यू और पैड ही सबसे ज्यादा बदबू फैलाते हैं।
  • हार्पिक और फ्रेशनर एक साथ न मिलाएं। दो अलग-अलग केमिकल मिलाने से जहरीली गैस बन सकती है और बदबू और तेज हो सकती है।
  • किचन या बाथरूम की नाली में तेल डालने से वो अंदर जमकर बदबू पैदा करता है।
  • गंदा टॉयलेट ब्रश खुद बदबू का घर होता है। उसे भी हफ्ते में एक बार गर्म पानी और डिटर्जेंट से धोएं।

बाथरूम की बदबू Air Freshener से नहीं जाएगी, क्योंकि फ्रेशनर बीमारी नहीं, सिर्फ उसका लक्षण छिपाता है। ऊपर दी गई बातों से आप बदबू से छुटकारा पा सकती हैं।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

main image credit- ai