घर को सुंदर बनाने के लिए पूरा घर तोड़ने या लाखों रुपये खर्च करने की जरूरत नहीं है। कभी-कभी सिर्फ एक दीवार का लुक बदलने से पूरा कमरा नया जैसा लगने लगता है। आजकल हाफ वॉल डिजाइन बहुत चल रहा है। इसमें दीवार को बीच से दो हिस्सों में बांट दिया जाता है। आधे हिस्से में पेंट और आधे में वॉलपेपर लगाया जाता है। ये छोटा सा बदलाव घर को एकदम फ्रेश, मॉडर्न और एस्थेटिक बना देता है।

एक ही दीवार पर पेंट और वॉलपेपर का जादू

अगर आप भी इंस्टाग्राम और पिंटरेस्ट पर सुंदर घरों की फोटो देखकर सोचते हैं कि काश हमारा घर भी ऐसा हो, तो ये खबर आपके लिए है। सिर्फ पेंट या सिर्फ वॉलपेपर से घर थोड़ा अधूरा लगता है, लेकिन जब दोनों को एक साथ मिलाया जाता है, तो दीवारें बोलने लगती हैं। यहां जानिए 7 ऐसे कॉम्बिनेशन, जो छोटे कमरे में भी बड़ा कमाल करेंगे।

1. सेज ग्रीन और छोटे फूलों वाला वॉलपेपर

ऊपर की तरफ हल्का सेज ग्रीन पेंट और नीचे की तरफ छोटे-छोटे फूलों वाला वॉलपेपर। बीच में सफेद रंग की पतली पट्टी लगा दीजिए। ये कॉम्बिनेशन देखने में बहुत शांत और सुकून भरा लगता है। थोड़ा पुराना, थोड़ा नया। बेडरूम और रीडिंग कॉर्नर के लिए ये सबसे अच्छा है।

Photo Credit: Pinterest (Spare Room)

2. नीचे नेवी ब्लू, ऊपर क्रीम

नीचे की तरफ गहरा नेवी ब्लू पेंट कमरे को मजबूत लुक देता है। ऊपर की तरफ क्रीम रंग का टेक्सचर वाला वॉलपेपर कमरे को हल्का और खुला दिखाता है। यह जोड़ा ज्यादा चमकीला नहीं लगता है, बल्कि बहुत क्लासी लगता है। डाइनिंग रूम या स्टडी रूम के लिए ये परफेक्ट है। नीचे गहरा रंग होने से बच्चों के हाथ के निशान और गंदगी भी कम दिखती है। इसलिए छोटे बच्चों वाले घरों के लिए ये बेस्ट है।

Photo Credit: Pinterest (Beauty Queen Store)

3. चारकोल और सॉफ्ट मार्बल

ऊपर चारकोल यानी गहरा ग्रे पेंट और नीचे हल्के मार्बल जैसा वॉलपेपर। सुनने में थोड़ा बोल्ड लगता है, लेकिन लगने के बाद बहुत क्लासी दिखता है। नीचे का हल्का पैटर्न ऊपर के गहरे रंग को भारी नहीं लगने देता। बेडरूम या छोटे बाथरूम के लिए ये डिजाइन बहुत अच्छा है।

Photo Credit: Pinterest (Selvi)

4. ब्लश पिंक और पतली धारियां

ऊपर ब्लश पिंक पेंट और नीचे पतली धारियों वाला वॉलपेपर। पतली धारियां कमरे को लंबा और बड़ा दिखाती हैं।यह लुक बहुत सॉफ्ट, मीठा और फ्रेश लगता है। बच्चियों के कमरे या घर के छोटे से कोने के लिए ये सबसे प्यारा ऑप्शन है।

Photo Credit: Pinterest (Bella Fashion Store)

5. ऑलिव ग्रीन और लिनन टेक्सचर

नीचे ऑलिव ग्रीन पेंट और ऊपर लिनन जैसे दिखने वाला वॉलपेपर। ये कॉम्बिनेशन एकदम मिट्टी जैसा, शांत और नेचुरल लगता है। किचन और घर के एंट्री वाले हिस्से के लिए ये सबसे अच्छा है।

Photo Credit: Pinterest (Home Decor)

6. सफेद पेंट और बड़े पत्तों वाला वॉलपेपर

ऊपर सफेद पेंट और नीचे बड़े-बड़े पत्तों वाला बॉटनिकल वॉलपेपर। हल्के हरे रंग के बड़े पत्ते ऐसे लगते हैं जैसे घर के अंदर ही गार्डन हो। सनरूम या बाथरूम के लिए ये डिजाइन बहुत अच्छा है।

Photo Credit: Pinterest (Chetan Ahuja)

7. टेराकोटा और क्रीम आर्च

नीचे टेराकोटा यानी ईंट जैसा नारंगी-भूरा पेंट और ऊपर क्रीम रंग का आर्च वाला वॉलपेपर। आर्च का डिजाइन दीवार को बिना भीड़भाड़ के शेप देता है। ये लुक गर्म, मिट्टी जैसा और बहुत मॉडर्न लगता है। लिविंग रूम और बेडरूम के लिए ये सबसे ट्रेंडी है।

Photo Credit: Pinterest (Nadia Dipa)

हाफ वॉल डिजाइन चुनते समय याद रखें ये 3 बातें

  •  छोटे कमरे में हल्का रंग ऊपर रखें: इससे कमरा बड़ा और खुला दिखेगा।
  •  बीच की पट्टी जरूर लगाएं: पेंट और वॉलपेपर के बीच सफेद या लकड़ी की पट्टी लगाने से लुक एकदम साफ और फिनिशिंग वाला लगता है।
  •  पहले एक दीवार पर ट्राई करें: पूरे घर में एक साथ न कराएं। पहले किसी छोटे कमरे की एक दीवार पर ट्राई करें। पसंद आए तो बाकी कमरों में कराएं।

घर को सुंदर बनाने के लिए बड़े बदलाव की जरूरत नहीं होती। सिर्फ दीवार को दो हिस्सों में बांटकर पेंट और वॉलपेपर का सही जोड़ा चुन लीजिए। आपका बोरिंग कमरा भी एकदम एस्थेटिक और पिंटरेस्ट जैसा दिखने लगेगा। तो इस बार दीवारों को सादा मत छोड़िए, उन्हें थोड़ा स्टाइल दीजिए।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।