Water Heater Replacement Signs: सर्दियों की सुबह में सबसे पहली जो जरूरत होती है वह है गरम पानी। कभी-कभी लोगों के साथ ऐसा होता है कि वह गीजर ऑन करते हैं और जब नहाने जाते हैं तो अचानक ठंडा पानी आ जाता है या फिर गीजर से अजीब सी आवाज आने लगती है। हम इसे छोटी खराबी समझकर टाल देते हैं, लेकिन यही छोटी खराबी एक दिन बड़े हादसे में बदल सकती है।
असल में हमारी तरह गीजर की भी उम्र बढ़ती है। 10 साल से ज्यादा पुराना गीजर सिर्फ बिजली ज्यादा नहीं खाता, बल्कि फटने का खतरा भी पैदा करता है। इसलिए गीजर के इन 5 संकेतों को पहचानना बहुत जरूरी है। अगर ये संकेत दिख रहे हैं, तो रिपेयर पर पैसा बर्बाद मत कीजिए, सीधे नया गीजर लीजिए।
गीजर बदलने के 5 संकेत
अगर आपको गीजर में नीचे बताए गए 5 संकेत दिख रहे हैं, तो उसे तुरंत बदल दें। ऐसा न करने से आपको खतरा हो सकता है।
1. गीजर की उम्र
हर चीज की एक उम्र होती है। स्टोरेज वाला गीजर आमतौर पर 8 से 12 साल तक चलता है, जबकि इंस्टेंट गीजर 6 से 8 साल में ही जवाब दे देता है।
अगर आपका गीजर 10 साल से ऊपर का हो गया है और बार-बार खराब हो रहा है, तो उसे बार-बार ठीक करवाने से अच्छा है नया ले लें। पुराना गीजर रिपेयर में भी ज्यादा खर्चा करवाता है और खतरा भी ज्यादा रहता है।
image credit-Pinterest (Iuova Design Company)
2. नल से पीला या भूरा पानी आना
अगर ठंडा पानी साफ आ रहा है, लेकिन गरम पानी पीला, भूरा या जंग वाला आ रहा है, तो समझ जाइए अंदर की टंकी में जंग लग चुका है।
इसका मतलब है गीजर के अंदर की स्टील टंकी या रॉड गल चुकी है। एक बार टंकी में जंग लग जाए, तो उसके फटने या लीक होने में ज्यादा टाइम नहीं लगता। इस संकेत को कभी नजरअंदाज न करें।
3. गीजर से अजीब आवाज आना
गीजर से गड़गड़ाहट, पटाखे जैसी आवाज या सीटी जैसी आवाज आना खतरे की घंटी है। ऐसा तब होता है जब हॉर्ड पानी के नमक और गंदगी टंकी के नीचे जम जाते हैं।
यह परत हीटर को ढक लेती है, जिससे गीजर को पानी गरम करने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। ज्यादा दबाव से टंकी में दरार आ सकती है।
यह भी पढ़ें- Geyser Cleaning Hacks: गीजर से बदबू आने पर क्या करें? छुटकारा पाने का आसान तरीका जानें
4. गीजर से पानी टपकना
गीजर के नीचे पानी जमा होना, दीवार पर सीलन आना या गीजर की बॉडी से लगातार पानी टपकना, यह सब टंकी फटने का संकेत है।
अगर पाइप के जोड़ से पानी टपक रहा है, तो वह ठीक हो सकता है, लेकिन अगर पानी गीजर की बॉडी या नीचे के जोड़ से आ रहा है, तो तुरंत गीजर बंद करके नया गीजर लगवाएं।
image credit-pinterest (Sree Venkateswara Traders)
5. पानी का जल्दी ठंडा होना
पहले आप 20 मिनट तक गरम पानी से नहाती थी और अब 5 मिनट में ही पानी ठंडा हो जाता है। साथ ही बिजली का बिल भी बिना वजह बढ़ गया है, तो समझिए हीटिंग कॉइल या थर्मोस्टेट खराब हो रहा है।
पुराना गीजर ज्यादा बिजली खाकर कम पानी गरम करता है। अगर रिपेयर का खर्च नए गीजर की आधी कीमत से ज्यादा है, तो नया लेना ही समझदारी है।
गीजर इस्तेमाल करते वक्त ध्यान रखने वाली बातें
अगर गीजर को इस्तेमाल करते वक्त इन चीजों को नजरअंदाज किया तो आपको खतरा हो सकता है।
- जरूरत के समय ही ऑन करें, इससे बिजली बचेगी और गीजर की उम्र भी बढ़ेगी।
- साल में एक बार सर्विस जरूर करवाएं। सर्विस से अंदर की गंदगी और जंग का पता चल जाता है।
- अगर वाल्व से लगातार पानी टपक रहा है, तो तुरंत मैकेनिक को बुलाएं।
- गीले हाथों से गीजर का स्विच न छुएं, करंट लगने का खतरा रहता है।
- गीजर के टेंपरेचर को बहुत ज्यादा हाई पर सेट न करें, इससे जलने का खतरा रहता है।
गीजर खराब होने के संकेत पहले से ही दिखने लगते हैं, बस हमें उन्हें पहचानना आना चाहिए। पीला पानी, अजीब आवाज, लीकेज, ज्यादा बिल और ज्यादा उम्र, ये पांचों संकेत बता देते हैं कि अब गीजर बदलने का समय आ गया है।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
main image credit- gemini
