जब भी वजन कम करने की बात आती है, तब सबसे पहले हमारे दिमाग में एक्सरसाइज का ख्याल आता है। यह सच है कि रेगुलर एक्सरसाइज करने से वजन कम होता है, लेकिन इस पूरे प्रोसेस में सबसे अहम भूमिका आपकी डाइट की होती है।
आज की अनियमित खानपान की आदतें, बढ़ता तनाव और खराब लाइफस्टाइल के कारण ज्यादातर लोग बढ़ते वजन से परेशान रहते हैं। मोटापा बीमारियों को न्यौता देने के साथ पर्सनैलिटी को भी खराब करता है। इसलिए, महिलाएं वजन कम करने के लिए तरह-तरह के डाइट ट्रेंड्स को आजमाती हैं। हालांकि, वेट लॉस के लिए सिर्फ खाना कम करना जरूरी नहीं, बल्कि सही समय पर सही पोषण लेना भी जरूरी होता है।
एक बैलेंस्ड डाइट शरीर को जरूरी न्यूट्रिएंट्स देती है, जिससे एनर्जी बनी रहती है, मेटाबॉलिज्म सही रहता है और हेल्दी तरीके से वजन कम करना आसान होता है। आज हम आपको प्रोटीन, फाइबर, हेल्दी फैट और जरूरी विटामिंस से भरपूर एक ऐसी डाइट चार्ट बता रहे हैं, जो वजन कम करने में आपकी मदद करेगी। इस विषय में हमें Zenre के डायरेक्टर और प्रोफेशनल पावरलिफ्टर तेजवीर बगई बता रहे हैं।
वेट लॉस डाइट चार्ट
| सुबह 6:30 बजे | डिटॉक्स वॉटर |
| सुबह 8:00 बजे | ओट्स का दलिया |
| दोपहर 12:00 बजे | खीरा का स्नैक |
| दोपहर 2:00 बजे | ग्रिल्ड सब्जियां |
| शाम 4:30 बजे | शहद और ग्रीक योगर्ट |
| रात 8:00 बजे | क्विनोआ और रोस्टेड पनीर |
| रात 10:00 बजे | कैमोमाइल टी |
सुबह 6:30 बजे: डिटॉक्स वॉटर से करें शुरुआत
सुबह उठने के बाद शरीर को हाइड्रेट करना जरूरी होता है। इसके लिए एक गिलास डिटॉक्स वॉटर लिया जा सकता है। इसे बनाने के लिए पानी में खीरे के 5-6 टुकड़े, आधा नींबू और पुदीने की 5-6 पत्तियां डालें।
खीरे में पानी की मात्रा ज्यादा होती है, जिससे शरीर को हाइड्रेशन मिलता है। नींबू स्वाद के साथ विटामिन सी का अच्छा स्रोत है और पुदीना ताजगी का एहसास देता है। यह ड्रिंक दिन की शुरुआत को हल्का और फ्रेश बनाती है।
सुबह 8:00 बजे: ओट्स दलिया है बेस्ट विकल्प
ब्रेकफास्ट में दूध वाला ओट्स दलिया एक अच्छा विकल्प हो सकता है। इसमें नट्स और बेरीज मिलाने से इसका टेस्ट और न्यूट्रिशन दोनों बढ़ जाते हैं। ओट्स में फाइबर, नट्स में हेल्दी फैट और बेरीज में एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं। इस कॉम्बिनेशन से आपकी भूख कंट्रोल होती है और दिनभर के लिए एनर्जी मिलती है।
दोपहर 12:00 बजे: हल्की भूख के लिए हेल्दी स्नैक
दोपहर के बीच में हल्की भूख लगने पर खीरा और चुकंदर का हमस लिया जा सकता है। यह स्नैक टेस्टी होने के साथ-साथ लाइट भी होता है। चुकंदर से बने हमस में न्यूट्रिएंट्स और फाइबर दोनों मिलते हैं, जबकि खीरा शरीर को ताजगी देता है।
दोपहर 2:00 बजे: प्रोटीन से भरपूर लंच
लंच में आप नॉर्वेजियन सैल्मन फिश और ग्रिल्ड सब्जियां खा सकती हैं। सैल्मन को प्रोटीन और ओमेगा-3 फैटी एसिड का अच्छा स्रोत माना जाता है। अगर आप फिश नहीं खाती हैं, तो इसकी जगह पनीर, टोफू, दाल या अन्य प्रोटीन के अन्य विकल्प चुन सकती हैं। ग्रिल्ड सब्जियां खाने से फाइबर और जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं।
शाम 4:30 बजे: हल्का और पौष्टिक स्नैक
शाम के समय आधा चम्मच ऑर्गेनिक शहद और एक छोटा कप ग्रीक योगर्ट लिया जा सकता है। ग्रीक योगर्ट प्रोटीन से भरपूर होता है और शहद नेचुरल मिठास देता है। यह स्नैक शाम की भूख को कंट्रोल करता है और शरीर को जरूरी न्यूट्रिएंट्स भी देता है।
रात 8:00 बजे: लाइट बैलेंस्ड डिनर
डिनर में क्विनोआ और रोस्टेड पनीर को शामिल किया जा सकता है। क्विनोआ प्रोटीन और फाइबर से भरपूर अनाज होता है और पनीर भी शरीर को प्रोटीन देता है। डिनर हमेशा हल्का और संतुलित रखना चाहिए, ताकि डाइजेस्टिव सिस्टम अच्छी तरह से काम कर सके।
रात 10:00 बजे: आराम के लिए कैमोमाइल टी
आप रात को सोने से पहले कैमोमाइल टी रिलैक्सिंग ड्रिंक के रूप में ले सकती हैं। यह रात के समय शरीर को आराम देने वाली आदत का हिस्सा बन सकतर है।
यह भी पढ़ें- प्लांट-बेस्ड डाइट से फैट लॉस करना है बेहद आसान, बस इन छोटे-छोटे टिप्स को करें फॉलो
वेट लॉस के लिए सिर्फ एक डाइट चार्ट ही काफी नहीं होता। हर किसी की शरीर की जरूरतें अलग होती हैं। उम्र, हेल्थ, फिजिकल एक्टिविटी और मेडिकल कंडीशन के अनुसार डाइट में बदलाव जरूरी होता है। किसी भी बड़े बदलाव से पहले एक्सपर्ट से सलाह जरूर करें।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
Image Credit: magnific & shutterstock
