ठंड का मौसम शुरू होते ही, खान-पान में कई तरह के बदलाव होने लगते हैं। कड़ाके की ठंड में अक्सर लोग तिल के लड्डू, गजक, चिक्की और गुड़ से बनी चीजें खाते हैं। सर्दियों में गुड़ और तिल दोनों ही स्वाद में लाजवाब लगने के साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद होता है। सर्दियों में गुड़ और तिल दोनों के सेवन में वैज्ञानिक और आयुर्वेदिक कारण छिपा हुआ है।
सर्दियों में शरीर का तापमान कम होने लगता है, जिससे इम्युनिटी कमजोर हो सकती है। इसी वजह से जोड़ों में दर्द या सर्दी-जुकाम की समस्या भी देखने को मिलती है। इन सभी परेशानी से बचने के लिए लोग ठंड में गुड़ और तिल से बने व्यंजन शरीर को अंदर से गर्म रखने और ऊर्जा देने में मदद करते हैं। आइए जानते हैं विज्ञान इसके बारे में क्या कहता है?
सर्दियों में गुड़ और तिल खाने का वैज्ञानिक कारण
आयुर्वेद और विज्ञान दोनों में ही गुड़ और तिल का महत्त्व है। सर्दियों में ये दोनों चीजें शरीर के लिए बहुत जरूरी होती है।
1. तिल और गुड़ दोनों की तासीर गर्म होती है। ऐसे में जब आप इन दोनों चीजों को मिक्स करके इसका सेवन करती हैं, तो शरीर में 'थर्मोजेनेसिस' की प्रोसेस तेज होती है, जिससे मेटाबॉलिज्म एक्टिव होता है और शरीर को अंदर से नेचुरल गर्मी मिलती है।
2. ठंड के दिनों में शरीर को खुद को गर्म रखने के लिए ज्यादा ऊर्जा की भी जरूरत होती है। ऐसे में गुड़ बहुत काम करता है। गुड़ में नेचुरल ग्लूकोज और तिल में हेल्दी फैट्स होते हैं, जो शरीर को तुरंत एनर्जी देते हैं।
3. सर्दियों में जुखाम, सर दर्द, वायरल संक्रमण, खांसी होना एक आम समस्या है। इस समस्या से राहत पाने के लिए भी गुड़ और तिल मदद करते हैं। इनमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और मिनरल्स फेफड़ों और श्वसन नली को सुरक्षित रखते हैं।
यह भी पढ़ें- छठ पूजा के प्रसाद में गुड़ और गेहूं के आटे का कॉम्बिनेशन सेहत के लिए क्यों है वरदान? जानें
गुड़ और तिल खाने के फायदे
इस बेहतरीन कॉम्बिनेशन को आप भी अपनी विंटर डाइट में शामिल कर सकती हैं। इससे आपको कई स्वस्थ लाभ होंगे। जैसे -
- तिल में भरपूर मात्रा में कैल्शियम, कॉपर और मैग्नीशियम होता है, जो सर्दियों में जोड़ों के दर्द को कम करता है और हड्डियों को मजबूत बनाता है।
- गुड़ में आयरन भरपूर होता है, जो शरीर में हीमोग्लोबिन के लेवल को सुधारता है और सर्दियों में कमजोरी को दूर करता है।
- ठंडी हवाओं में स्किन रूखी होने लगती है। ऐसे में तिल में मौजूद हेल्दी ऑयल्स और विटामिन ई स्किन को पोषण देकर सॉफ्ट बनाता है।
- इन सभी के अलावा गुड़ पाचन एंजाइम्स को एक्टिव करता है, जिससे डाइजेशन बढ़िया रहता है।
निष्कर्ष: सर्दियों के मौसम में आप भी गुड़ और तिल से बनी चीजें खाकर अपनी सेहत को तंदरुस्त बना सकती हैं। ये दोनों चीजें शरीर को अंदर से गर्म रखने में मदद करती है और हड्डियों को मजबूत बनाती हैं। सर्दी के मौसम में आप अपनी डाइट में गुड़ और तिल से बनी चीजों को जरूर शामिल करें। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
image credit: freepik
