आज के वक्त में गलत खान-पान और अनियमित जीवनशैली के चलते पेट में गैस बनना, पेट फूलना, एसिडिटी, कब्ज और खाने के बाद भारीपन महसूस होना जैसी समस्याएं काफी आम हो गई हैं। कई बार पेट में गैस जमा होने के चलते तेज दर्द और मरोड़ होती है। गैस की वजह से कई बार जी मिचलाता है, तो कभी उल्टी जैसा महसूस होने लगता है। यूं तो अगर आपको अक्सर गैस बनती है, तो इसे नजरअंदाज करने के बजाय डॉक्टर की सलाह लें पर कभी-कभार गैस होने पर इसे दूर करने में कई घरेलू नुस्खे मदद कर सकते हैं। अदरक में भी गैस को कम करने और पाचन को सुधारने वाले गुण पाए जाते हैं। अगर आप अदरक को कूटकर उसमें सेंधा नमक मिलाकर खाएंगी, तो इससे पेट में फंसी हुई गैस बाहर निकल सकती है। चलिए इस घरेलू नुस्खे के बारे में आपको पूरी जानकारी देते हैं। इस बारे में डाइटिशियन राधिका गोयल बता रही हैं। वह सर्टिफाइड डाइटिशियन और न्यूट्रिशनिस्ट हैं।
पेट की गैस को कम कर सकती है अदरक
अदरक का इस्तेमाल भारतीय रसोई में स्वाद बढ़ाने के साथ-साथ कई घरेलू उपायों में भी किया जाता है। यह गैस और पेट फूलने की समस्या को कम कर सकती है। इसमें जिंजरॉल होता है, यह पाचन एंजाइमों को बढ़ाकर गैस, पेट फूलने और अपच से जल्दी राहत दिलाने में मदद करता है।
अदरक को सेंधा नमक के साथ खाने के फायदे
- डाइटिशियन राधिका का कहना है कि अगर आप अदरक को कूटकर उसमें सेंधा नमक मिलाकर खाएंगी, तो इससे पाचन एंजाइम्स का सीक्रेशन बढ़ता है और अपच दूर होती है।
- गैस की वजह से जी मिचलाना और उल्टी महसूस होने पर भी इस नुस्खे से फायदा हो सकता है।
- अगर आप भोजन से पहले सेंधा नमक और अदरक का सेवन करेंगी, तो इससे भूख खुलकर लगती है और खाना भी अच्छे से पचता है।
- असल में गैस बनने की सबसे बड़ी वजह खाना ठीक से न पचना होती है, जब खाना ठीक से पचता है तो गैस नहीं बनती है और पेट भी खुलकर साफ होता है।
कैसे करें अदरक और सेंधा नमक का इस्तेमाल?
अदरक और सेंधा नमक को आप दो तरीकों से डाइट का हिस्सा बना सकती हैं। इससे गैस और ब्लोटिंग में आराम मिलेगा।
पहला तरीका
- भोजन से 10 से 15 मिनट पहले ताजा अदरक के एक छोटे टुकड़े पर चुटकी भर सेंधा नमक लगाएं।
- इसे चबाकर खाएं।
- इसे खाने के बाद आधा गिलास गुनगुना पानी भी पिएं।
दूसरा तरीका
- अदरक का एक छोटा टुकड़ा लें।
- इसे पानी में डालकर उबालें।
- इसमें सेंधा नमक मिलाएं।
- इसे छान लें।
- जब यह हल्का गुनगुना रह जाए, तो इसमें नींबू का रस मिलाएं।
- इसे खाने के बाद पिएं।
- इससे भी गैस और भारीपन नहीं होता है।
यह भी पढ़ें- गैस, एसिडिटी और पेट दर्द की हो जाएगी छुट्टी, नानी मां के इस देसी नुस्खे को आजमाएं
कब डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए?
अगर पेट में गैस और ब्लोटिंग की समस्या बार-बार होती है या लंबे समय तक बनी रहती है, तो डॉक्टर से सलाह लें। पेट में तेज दर्द, बार-बार गैस बनना, पेट फूलना या पेट का खुलकर साफ न होना कमजोर पाचन की निशानी है और यह पेट ले जुड़ी किसी गंभीर दिक्कत का संकेत भी हो सकती हैं। ऐसे में डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
नोट- अदरक और सेंधा नमक बेशक पेट की गैस को दूर करने में मदद कर सकता है, लेकिन अगर आप किसी हेल्थ कंडीशन से परेशान हैं या कोई दवाई ले रही हैं, तो इसके सेवन से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
हरजिंदगी के वेलनेस सेक्शन में हम इसी तरह अपने आर्टिकल्स के जरिए स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के बारे में आप तक सही जानकारी पहुंचाने की कोशिश करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Courtesy: Freepik, Shutterstock
