आजकल ज्‍यादातर महिलाएं घंटों मोबाइल, लैपटॉप और कंप्‍यूटर स्‍क्रीन के सामने बिताती हैं। लगातार स्क्रीन देखने से आंखों में थकान, जलन, ड्राईनेस, भारीपन और फोकस करने में परेशानी जैसी समस्याएं होने लगती हैं। ऐसे में आंखों की केयर के लिए कुछ आसान और नेचुरल उपाय मददगार साबित हो सकते हैं।

अगर आपका स्‍क्रीन टाइम लगातार 2 घंटे या इससे ज्‍यादा रहता है, तो यह आंखों को नॉरिश करने वाली हर्बल चाय आपके लिए बेस्‍ट विकल्‍प हो सकती है। यह हर्बल चाय सौंफ, धनिया और इलायची जैसे ट्रेडिशनल मसालों से तैयार की जाती है, जिन्हें आयुर्वेद में शरीर को बैलेंस रखने और आंखों को सेहतमंद रखने में फायदेमंद माना जाता है। आइए इसे बनाने के तरीके और फायदों के बारे में मोती नगर, दिल्‍ली की सर्टिफाइड न्यूट्रिशनिस्ट आइना सिंघल बता रही हैं।

आई नॉरिशमेंट टी की सामग्री

  • सौंफ- 1 चम्‍मच
  • धनिया के बीज- 1 चम्मच
  • इलायची- 1 चुटकी

आई नॉरिशमेंट टी बनाने का तरीका

  • इस चाय को बनाने के लिए एक पैन में पानी उबालें।
  • इसमें सौंफ, धनिया के बीज और इलायची डालें।
  • इसे 5 से 7 मिनट तक धीमी आंच पर उबलने दें।
  • अब चाय को छान लें।
  • हल्का गर्म होने पर धीरे-धीरे पिएं।

आई नॉरिशमेंट टी में मौजूद चीजों के फायदे

  • सौंफ- सौंफ आंखों की ड्राईनेस और स्‍ट्रेन को कम करने में सहायक होती है। आंखों को आराम पहुंचाती है। साथ ही शरीर की अतिरिक्त गर्मी को शांत कर सकती है।

  • धनिया के बीज- ये बीज लिवर हेल्थ को सपोर्ट करने के साथ ही आंखों के लिए भी अच्‍छे होते हैं। इसके अलावा, आंखों में होने वाली जलन को कम करने में सहायक होते हैं। धनिया के बीज आंखों तक ब्‍लड सर्कुलेशन को बेहतर तरीके से बनाए रख सकते हैं।
  • इलायची- यह आंखों की थकान कम करने में मदद कर सकती है। ऑक्सीजन के बेहतर प्रवाह को सपोर्ट कर सकती है। साथ ही शरीर की आंतरिक गर्मी को शांत करने में सहायक हो सकती है।

आंखों की देखभाल के अन्‍य टिप्‍स

आंखों की देखभाल के लिए सिर्फ चाय ही काफी नहीं है। अगर आप लंबे समय तक स्क्रीन का इस्‍तेमाल करती हैं, तो कुछ आदतें भी अपनाएं।

  • 20-20-20 नियम को फॉलो करें। इसके लिए हर 20 मिनट बाद 20 सेकंड के लिए 20 फीट दूर देखें।
  • पर्याप्त पानी पिएं।
  • स्क्रीन की ब्राइटनेस सही रखें।
  • पर्याप्त नींद लें।
  • समय-समय पर आंखों को आराम दें।

आपको इस एक बात का भी ध्‍यान रखना होगा कि हर्बल चाय आंखों को आराम देने और नॉर्मल हेल्‍थ को सपोर्ट करती है। यह किसी भी आंखों की बीमारी का इलाज नहीं है। अगर आपको लगातार आंखों में दर्द धुंधलापन या अन्‍य समस्‍या रहती है तो आई स्पेशलिस्ट से सलाह जरूर लें।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit: magnific.com