सेहतमंद रहने के लिए वजन का कंट्रोल में होना बहुत जरूरी है। अक्सर वजन को लोग सिर्फ लुक्स से जोड़कर देखते हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। मोटापा कई बीमारियों का कारण भी बन सकता है। ऐसे में अगर आपका वजन बढ़ रहा है, तो आपको इस पर तुरंत ध्यान देना चाहिए। वजन कम करना जितना मुश्किल होता है, उससे भी ज्यादा मुश्किल पेट की चर्बी को कम करना होता है। लटकती तोंद को कम करने के लिए कई बार महिलाएं क्रैश डाइटिंग करती हैं, तो कभी घरेलू नुस्खे आजमाती हैं। हालांकि, बिना एक्सपर्ट की सलाह के डाइटिंग या किसी नुस्खे को आजमाना, दोनों ही सही नहीं है।
पेट की चर्बी कम करने के लिए एक्सपर्ट की सलाह
एक्सपर्ट का कहना है कि ज्यादातर लोग ये नहीं जानते हैं कि रसोई में मौजूद कई चीजें ही शरीर की चर्बी को पिघलाने में मदद कर सकती हैं। मेथी दाना इन्हीं में से एक है। अगर आप पानी में मेथी दाना डालकर पिएंगी, तो कैसे बेली फैट कम हो सकता है, चलिए इस बारे में एक्सपर्ट से जानते हैं। इस बारे में डाइटिशियन और हार्मोन व गट हेल्थ कोच मनप्रीत कालरा जानकारी दे रही हैं। वह रीबूट गट हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड, दिल्ली की फाउंडर और डायरेक्टर हैं।
बेली फैट कम करने में कैसे मदद कर सकता है मेथी दाने का पानी?
अगर आप बेली फैट को कम करना चाहती हैं, तो पानी में मेथी दाना डालकर सुबह खाली पेट पिएं। यह वजन कम करने में मदद करता है और शरीर के लिए अन्य कई तरीकों से भी फायदेमंद है।
- मेथी दाने में घुलनशील फाइबर (गैलेक्टोमैनन) पाया जाता है। इससे पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है और अनहेल्दी क्रेविंग्स नहीं होती हैं।
- इसकी वजह से भूख पर कंट्रोल रहता है और आप अतिरिक्त कैलोरीज के सेवन से बचते हैं।
- मेथी ब्लड शुगर लेवल को बैलेंस करता है और इंसुलिन रेजिस्टेंस को कम करती है। इससे शरीर में फैट जमा नहीं होता है और फैट बर्न करने में भी मदद मिलती है।
- मेथी दाने को पानी में डालकर पीने से शरीर में जमे टॉक्सिन्स बाहर निकलते हैं और शरीर डिटॉक्स होता है।
- मेथी का पानी बाउल मूवमेंट को सुधारता है, डाइजेशन को बेहतर बनाता है और कब्ज दूर करता है। जब पेट ठीक से साफ नहीं होता है, तो भी फैट (चर्बी) बढ़ने लगती है।
कैसे बनाएं मेथी का पानी?
मेथी दाने का पानी तैयार करना बहुत आसान है। हालांकि,आपको यह याद रखना है कि इसके नियमित सेवन से ही असर देखने को मिलेगा। अगर आप इसे 1-2 दिन पीकर छोड़ देंगी, तो फायदा नहीं होगा।
- रात में एक गिलास पानी में 1-2 चम्मच मेथी दाने भिगो दें।
- सुबह पानी को हल्का गुनगुना करें और फिर इसे छानकर पी लें।
यह भी पढ़ें- कम खाने के बाद भी क्यों बढ़ रहा है वजन? आपकी भूख नहीं, शरीर का Survival Mode हो सकता है वजह
किन लोगों को करना चाहिए परहेज?
यूं तो मेथी दाने का पानी ज्यादातर लोगों के लिए फायदेमंद होता है, लेकिन कुछ लोगों को इसके सेवन से बचना चाहिए।
अगर खाली पेट लेने से गैस, पेट फूलना या किसी तरह की दिक्कत हो, तो डॉक्टर या डाइटिशियन से सलाह लें।
- अगर आपको गैस और ब्लोटिंग अधिक रहती है, तो इसका सेवन शुरू करने से पहले डाइटिशियन को यह बात जरूर बताएं।
- जो लोग ब्लड शुगर लेवल कंट्रोल करने के लिए दवाई ले रहे हैं, उन्हें भी इसके सेवन से बचना चाहिए।
- प्रेग्नेंसी या अन्य किसी हेल्थ कंडीशन में भी इसका सेवन न करें।
यह भी पढ़ें- Belly Fat: बेली फैट को कम करने के लिए अपनाएं ये 5 असरदार टिप्स
बेली फैट कम करने के लिए मेथी दाने के पानी को डाइटिशियन मनप्रीत के बताए तरीके से डाइट का हिस्सा बनाएं। हरजिंदगी के वेलनेस सेक्शन में हम इसी तरह अपने आर्टिकल्स के जरिए स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के बारे में आप तक सही जानकारी पहुंचाने की कोशिश करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Courtesy: Shutterstock
