ज्यादातर घरों में इसबगोल सिर्फ एक ही काम के लिए रखा जाता है- कब्ज होने पर। पेट साफ न हो तो रात को एक गिलास पानी में इसबगोल मिलाकर पी लिया जाता है। ज्यादातर महिलाएं इसे बस पेट साफ करने वाली दवा समझती हैं, लेकिन सच ये है कि इसबगोल सिर्फ कब्ज की दवा नहीं है। ये एक सुपर फाइबर है जो कोलेस्ट्रॉल घटाता है, ब्लड शुगर कंट्रोल करता है और बवासीर की परेशानी को भी कम करता है। इसके ऐसे फायदे हैं, जिनके बारे में ज्यादातर महिलाएं नहीं जानती हैं। बस इसे लेने का तरीका सही होना चाहिए, वरना यही इसबगोल नुकसान भी कर सकता है।

इसबगोल क्या है और कैसे काम करता है?

इसबगोल को इंग्लिश में Psyllium Husk कहते हैं। ये एक तरह का घुलनशील फाइबर है, जो पानी के संपर्क में आते ही जेल जैसा बन जाता है। यही जेल पेट में जाकर मल को नरम करता है, आंतों की सफाई करता है और खाने से मिलने वाली चीजों के अवशोषण को धीमा कर देता है। इसी वजह से ये कब्ज, डायरिया, कोलेस्ट्रॉल और शुगर, सबपर काम करता है। आइए National Library of Medicine के रिसर्च पेपर The Effect of Psyllium Husk on Intestinal Microbiota in Constipated Patients and Healthy Controls से इसबगोल के फायदों के बारे में जानते हैं।

1. कब्ज और दस्त दोनों में फायदेमंद

इसबगोल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि ये दोनों तरफ काम करता है। कब्ज होने पर ये पानी सोखकर मल को नरम कर देता है, जिससे पेट आसानी से साफ हो जाता है। वहीं दस्त होने पर ये ढीले मल को गाढ़ा करके उसे सही आकार देता है। इसलिए पेट की गड़बड़ में डॉक्टर भी इसबगोल लेने की सलाह देते हैं।

Photo Credit: Magnific

2. कोलेस्ट्रॉल घटाने में असरदार

कोलेस्ट्रॉल के मामले में इसबगोल का असर रिसर्च में साबित हुआ है। यानी रोज 7 ग्राम इसबगोल का घुलनशील फाइबर लेने से खराब कोलेस्ट्रॉल कम होता है। दिल की सेहत के लिए ये बहुत फायदेमंद है।

3. खाने के बाद कंट्रोल करता है ब्लड शुगर

शुगर के मरीजों के लिए इसबगोल किसी वरदान से कम नहीं है। खाने से पहले इसबगोल लेने से खाने में मौजूद कार्बोहाइड्रेट धीरे-धीरे पचता है। इससे शुगर कंट्रोल में रहती है।

4. अगले खाने तक रहता है इसका असर

इसबगोल का एक और अनोखा फायदा है, जिसे सेकंड-मील इफेक्ट कहते हैं। यानी सुबह नाश्ते से पहले इसबगोल लेने पर दोपहर के खाने के बाद भी शुगर 31% कम बढ़ती है, भले ही दोपहर में इसबगोल न लिया हो। ये बात शुगर के मरीजों के लिए बहुत काम की है।

Photo Credit: Magnific

5. बवासीर में कम करता है खून आना

कब्ज की वजह से जिन लोगों को बवासीर में खून आता है, उनके लिए इसबगोल बहुत राहत देता है। जब मल नरम होगा तो जोर नहीं लगाना पड़ेगा और बवासीर पर दबाव भी कम पड़ेगा। इससे खून आना धीरे-धीरे कम हो जाता है।

6. काम आता है ग्लूटेन-फ्री बेकिंग में

जो लोग ग्लूटेन नहीं खा सकते, उनके लिए इसबगोल बहुत काम का है। ग्लूटेन-फ्री आटे से बनी ब्रेड अक्सर टूट जाती है। इसबगोल का जेल ब्रेड को बांधकर रखता है और उसे नरम बनाता है। इससे ब्रेड में फाइबर भी बढ़ जाता है, जो सेहत के लिए अच्छा है।

7. लंबे समय तक भरा रखता है पेट को

इसबगोल पानी सोखकर पेट में फूल जाता है, जिससे लंबे समय तक भूख नहीं लगती। जो लोग वजन कम करना चाहते हैं, उनके लिए ये बहुत फायदेमंद है। खाने से पहले इसबगोल लेने से ज्यादा खाने की इच्छा कम हो जाती है।

Photo Credit: Magnific

इसबगोल लेने का सही तरीका

सबसे जरूरी बात है पानी। इसबगोल को कभी भी सूखा नहीं खाना चाहिए। यानी एक चम्मच इसबगोल को एक पूरे गिलास पानी में मिलाएं और तुरंत पी लें। मिलाकर देर तक रखेंगे तो ये गाढ़ा हो जाएगा और पीने में दिक्कत होगी। पीने के बाद भी एक गिलास पानी और पी लें।

किन लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए?

इसबगोल कुछ दवाइयों के असर को भी कम कर सकता है। इसलिए दवा और इसबगोल के बीच कम से कम 1 घंटे का गैप रखें। शुगर, बीपी या थायरॉयड की दवा लेने वाले लोग पहले डॉक्टर से पूछ लें।

इसबगोल सिर्फ कब्ज की दवा नहीं है, ये पूरे पेट और दिल की सेहत का सस्ता और असरदार उपाय है। कोलेस्ट्रॉल घटाने से लेकर शुगर कंट्रोल करने और बवासीर में राहत देने तक, इसके फायदे बहुत हैं। बस इसे हमेशा भरपूर पानी के साथ लें और दवा के साथ गैप रखें।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Main Image Credit: Gemini