सर्दियों में थोड़ी सी ठंडी हवा लगते ही गला खराब हो जाता है। कभी नाक बहने लगती है, तो कभी खांसी पीछा नहीं छोड़ती है। ऐसे में दवा से पहले घर में मौजूद तुलसी सबसे आसान उपाय है। रोज सुबह 2 से 5 ताजा तुलसी के पत्ते खाने से शरीर को सर्दी से लड़ने की ताकत मिलती है।

तुलसी के पत्ते हैं सर्दियों की सबसे बड़ी दवा

पहले के जमाने में सर्दी-जुकाम के लिए लोग सबसे पहले तुलसी की चाय ही पीते थे। घर के आंगन में तुलसी का पौधा होना आम बात थी। आज भी तुलसी का महत्व कम नहीं हुआ है। इसमें ऐसे गुण होते हैं, जो इम्यूनिटी, पाचन और शुगर तक को संभालने में मदद करते हैं। बस इसे खाने का सही तरीका पता होना चाहिए। आइए Natural Library Of Medicine की रिसर्च Tulsi - Ocimum sanctum: A herb for all reasons से जानते हैं तुलसी के पत्ते खाने के फायदे।

सर्दियों में तुलसी क्यों है इतनी फायदेमंद?

तुलसी को होली बेसिल भी कहते हैं। इसमें विटामिन सी, जिंक और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। ये तीनों चीजें मिलकर शरीर की रोगों से लड़ने की ताकत को बढ़ाती हैं। सर्दियों में जब वायरल और सर्दी-जुकाम जल्दी फैलता है, तब तुलसी शरीर को अंदर से मजबूत बनाती है।

1. सर्दी, खांसी और गले के लिए फायदेमंद

तुलसी की तासीर थोड़ी गर्म होती है। इसलिए सर्दियों में ये गले की खराश, जुकाम और हल्की खांसी में राहत देती है। रोज सुबह तुलसी के पत्ते चबाने से गला साफ रहता है और बार-बार होने वाली सर्दी से बचाव होता है। जिन लोगों को ठंड लगते ही जुकाम हो जाता है, उनके लिए तुलसी बहुत काम की है।

2. पाचन को रखती है ठीक

सुबह खाली पेट तुलसी खाने से पाचन तंत्र को इसके गुणों को सोखने का पूरा मौका मिलता है। इससे पेट हल्का रहता है, गैस और भारीपन की दिक्कत कम होती है। खाना भी अच्छे से पचता है। सर्दियों में अक्सर लोग ज्यादा तला-भुना खा लेते हैं, तब तुलसी पाचन में मदद करती है।

3. सूजन और मेटाबॉलिज्म में मददगार

तुलसी में एंटीऑक्सीडेंट गुण होते हैं, जो शरीर में सूजन को कम करने में मदद करते हैं। तुलसी ब्लड शुगर, खराब कोलेस्ट्रॉल और ब्लड प्रेशर को संतुलित रखने में मदद कर सकती है।

4. तनाव और रोज की थकान में भी असरदार

सर्दियों में आलस और थकान ज्यादा लगती है। सुबह तुलसी खाने से शरीर में ताजगी आती है। कई लोग इसे रोज की एनर्जी के लिए भी लेते हैं। इससे मन शांत रहता है और दिनभर काम में मन लगता है।

तुलसी खाने का सही तरीका क्या है?

तुलसी को हमेशा ताजा ही खाना चाहिए। सूखे पत्तों की जगह हरे-ताजे पत्ते ज्यादा फायदेमंद होते हैं।

  •  सुबह उठकर तुलसी के 2 से 5 पत्ते अच्छे से धो लें। इन्हें धीरे-धीरे चबाकर खा लें। ऊपर से एक घूंट गुनगुना पानी पी सकते हैं।
  •  5-6 पत्तों को एक कप पानी में 5 मिनट तक उबालें। छानकर इसमें थोड़ा शहद या अदरक मिला लें। ये चाय सर्दी में गले को बहुत आराम देती है।
  •  पत्तों को रातभर पानी में भिगोकर भी सुबह पिया जा सकता है, लेकिन ताजे पत्ते चबाना सबसे आसान और असरदार तरीका माना जाता है।

शुरुआत में कितनी तुलसी खाएं?

  • पहली बार तुलसी खा रहे हैं, तो एक साथ ज्यादा पत्ते ना खाएं।
  • शुरुआत में 2 पत्तों से शुरू करें। शरीर को आदत हो जाए, तो धीरे-धीरे 4 से 5 पत्तों तक बढ़ा सकते हैं। एक साथ बहुत ज्यादा तुलसी खाने से कभी-कभी पेट में हल्की जलन या मिचली हो सकती है।

किन लोगों को तुलसी खाने में सावधानी रखनी चाहिए?

तुलसी फायदेमंद है, लेकिन हर किसी के लिए एक जैसी नहीं है।

  1. शुगर के मरीज: तुलसी ब्लड शुगर को कम कर सकती है। इसलिए जो लोग शुगर की दवा लेते हैं, उन्हें शुगर लेवल पर नजर रखनी चाहिए।
  2. एलर्जी वाले लोग: अगर तुलसी खाने से खुजली, जलन या उल्टी जैसा लगे, तो तुरंत बंद कर दें।

सर्दियों में तुलसी का पौधा कैसे संभालें?

  • सर्दियों में तुलसी का पौधा जल्दी सूख जाता है। इसे धूप वाली जगह पर रखें और ज्यादा पानी न डालें।
  • पौधे को ठंडी हवा और पाले से बचाएं। रात में पौधे को किसी कपड़े से ढक सकते हैं। इससे पत्ते लंबे समय तक हरे बने रहेंगे।

सर्दियों में रोज तुलसी खाना एक छोटी सी आदत है, लेकिन इसका फायदा बड़ा है। ये सर्दी-जुकाम से बचाती है, पाचन को ठीक रखती है और शरीर को अंदर से मजबूत बनाती है। बस इसे सही मात्रा में और सही तरीके से खाना जरूरी है। अगर कोई बीमारी है या दवा चल रही है, तो पहले डॉक्टर से पूछकर ही इसे अपनी रोज की आदत में शामिल करें।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।