मानसून बेशक सुहाना लगता है,लेकिन इस समय पर सेहत का ज्यादा ख्याल रखना भी जरूरी हो जाता है। बारिश में सर्दी-खांसी, जुकाम और पाचन से जुड़ी कई मौसमी बीमारियां परेशान करती हैं। ऐसे में इनसे बचने के लिए डाइट में बदलाव जरूरी है। जहां इस समय पर ठंडी तासीर वाली चीजों से दूर रहना चाहिए, वहीं कुछ खास हर्ब्स और देसी नुस्खों की मदद से इम्यूनिटी को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए। सूखी अदरक यानी सोंठ का पानी इस समय पर पानी फायदेमंद होता है। इससे पाचन में सुधार होता है, इम्यूनिटी बूस्ट होती है और सर्दी-खांसी भी दूर होती है। चलिए इसके फायदों और इसे डाइट में शामिल करने के तरीके के बारे में एक्सपर्ट से जानते हैं।  यह जानकारी आयुर्वेदिक डॉक्टर दीक्षा भावसार दे रही हैं। डॉक्टर दीक्षा, आयुर्वेदिक प्रोडक्ट्स ब्रांड द कदंब ट्री की फाउंडर और BAMS (Bachelor of Ayurveda Medicine) हैं।

मानसून में पानी में मिलाकर पिएं सूखी अदरक

डॉक्टर दीक्षा का कहना है कि इस मौसम में आपको सूखी अदरक का इंफ्यूज्ड पानी पीना चाहिए। इसे आयुर्वेद में शुंठी सिद्ध जल कहा जाता है।

  • इसके लिए आपको सूखी अदरक के आधा टीस्पून पाउडर या 1-2 टुकड़े सूखी अदरक को 1 लीटर पानी में डालना है।
  • इसे लगभग 10 मिनट तक उबालें और फिर छान लें।
  • इसके दिनभर पीती रहें। इसे खाने के साथ न पिएं।

यह भी पढ़ें- सालों से फेफड़ों में चिपका कफ मक्खन की तरह पिघलेगा और खांसी की होगी छुट्टी, बस 1 टुकड़ा चबा लीजिए इस लकड़ी का टुकड़ा

मानसून में सूखी अदरक का पानी पीने के फायदे

मानसून में सूखी अदरक का पानी कई तरीकों से सेहत को फायदा पहुंचाता है। खासकर, जिन लोगों की इम्यूनिटी कमजोर है, उन्हें इसे जरूर पीना चाहिए।

1. पाचन में सुधार होता है

इस पानी को पीने से पाचन बेहतर होता है, डाइजेस्टिव फायर (पाचन अग्नि) तीव्र होती है और भूख खुलकर लगती है। मानसून में पाचन अग्नि धीमी हो जाती है और ऐसे में डाइजेशन से जुड़ी परेशानियां हो सकती हैं। ऐसे में इस पानी को पीना फायदेमंद रहेगा।

2. गैस और ब्लोटिंग दूर होती है

इस पानी को पीने से गैस और ब्लोटिंग दूर होती है, जो मानसून में काफी आम रहती है। खाने के बाद पेट मे भारीपन महसूस नहीं होता है। इससे गट हेल्थ और मेटाबॉलिज्म में सुधार होता है और शरीर में जमा टॉक्सिन्स भी बाहर निकलते हैं।

3. सर्दी-खांसी दूर होती है

यह पानी पीने से सर्दी-खांसी से बचाव होता है और अगर आपको जुकाम या खांसी है, तो उसमें भी राहत मिलती है। यह पानी सीजनल इंफेक्शंस से बचाता है। इससे शरीर में कफ और वात बैलेंस होता है।

4. इम्यूनिटी मजबूत होती है

सूखी अदरक का पानी इम्यूनिटी को मजबूत करता है। अगर आप इसका लगातार सेवन करेंगी, तो इम्यूनिटी बेहतर होगी और बीमारियों से बचाव होगा।

सूखी अदरक का पानी किन्हें नहीं पीना चाहिए?

बेशक सूखी अदरक का पानी फायदेमंद है, लेकिन कुछ खास लोगों को इसके सेवन से परहेज करना चाहिए वरना फायदे की जगह नुकसान हो सकता है।

  • अगर आपको एसिडिटी या मुंह में अल्सर है, तो इसे नहीं पीना चाहिए।
  • मसालेदार खाने के बाद भी इसका सेवन नहीं करना चाहिए।
  • जिन लोगों के शरीर में पित्त बढ़ा हुआ रहता है यानी बॉडी हीट अधिक है और बर्निंग सेंसेशन महसूस होती है, उन्हें भी इसे नहीं पीना चाहिए।


यह भी पढ़ें- हर दूसरे दिन हो जाती है सर्दी-खांसी और मौसमी इंफेक्शन करते हैं परेशान? जानें कारण और बचाव के उपाय


बारिश के मौसम में सेहतमंद रहने के लिए सूखी अदरक के पानी को डाइट का हिस्सा बनाएं। हर जिंदगी के वेलनेस सेक्शन में हम इसी तरह अपने आर्टिकल्स के जरिए स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के बारे में आप तक सही जानकारी पहुंचाने की कोशिश करते रहेंगे।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit:Freepik