डायबिटीज पेशेंट्स के लिए अपनी डाइट का ख्याल रखना बहुत जरूरी है। दवाइयों के साथ जब तक आप सही डाइट नहीं लेंगी और एक हेल्दी लाइफस्टाइल को फॉलो नहीं करेंगी, तब तक ब्लड शुगर को कंट्रोल करना मुमकिन नहीं है। डायबिटीज पेशेंट्स के लिए डाइट में लो ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले फूड्स को शामिल करना बहुत जरूरी है यानी वो फूड्स जो ब्लड में ग्लूकोज का लेवल जल्दी नहीं बढ़ाते हैं। इसके अलावा मौसम के हिसाब से भी डाइट में बदलाव जरूरी है। मानसून में पाचन कमजोर हो जाता है, ऐसे में बहुत जरूरी है कि ऐसी चीजों को डाइट में शामिल किया जाए, जिन्हें पचाना आसान हो और जो शुगर लेवल कंट्रोल करने में भी मदद कर सकें। यहां हम आपको 3 ऐसे आटे के बारे में बता रहे हैं, जिनसे बनने वाले रोटी को डायबिटीज पेशेंट्स को बारिश के मौसम में डाइट में जरूर शामिल करना चाहिए। यह जानकारी डॉक्टर दीक्षा भावसार दे रही हैं। डॉक्टर दीक्षा, आयुर्वेदिक प्रोडक्ट्स ब्रांड द कदंब ट्री की फाउंडर और BAMS (Bachelor of Ayurveda Medicine) हैं।

1. ज्वार रोटी

डॉक्टर दीक्षा का कहना है कि मानसून में डायबिटीज पेशेंट्स को ज्वार के आटे से बनने वाली रोटी जरूर खानी चाहिए। इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है और इसमें फाइबर भरपूर मात्रा में होता है। इसे खाने से ब्लड शुगर लेवल अचानक नहीं बढ़ता है। इससे इंसुलिन सेंसिटिविटी में सुधार होता है। यह ग्लूटन-फ्री है। इससे पेट भी लंबे समय तक भरा हुआ रहता है और वजन कम करने में भी मदद मिलती है।

यह भी पढ़ें- डायबिटीज को मैनेज करने के लिए अपनाएं ये 10 आदतें, नेचुरली कंट्रोल होगी शुगर

2. जौ की रोटी

यह भी डायबिटीज पेशेंट्स के लिए बहुत फायदेमंद होती है। इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स भी कम होता है और यह गट हेल्थ के लिए भी अच्छा होती हैं। इसमें मौजूद बीटा-ग्लूकॉन नामक घुलनशील फाइबर ग्लूकोज के अब्जॉर्बशन को धीमा कर देता है। अगर आप सिर्फ जौ के आटे की रोटी नहीं खाना चाहती हैं, तो आप इसमें गेहूं का आटा भी मिला सकती हैं।

3. चने के आटे की रोटी

डायबिटीज में चने के आटे यानी बेसन से बनने वाली रोटी को डाइट का हिस्सा बनाना चाहिए। गेहूं की रोटी की तुलना में बेसन में कार्बोहाइड्रेट कम होता है। इससे ब्लड शुगर लेवल बैलेंस रहता है। यह मेटाबॉलिज्म को भी दुरुस्त करती है और वजन घटाने में मदद करती है। इससे इंसुलिन रेजिस्टेंस और कोलेस्ट्रॉल लेवल भी कम होता है।

यह भी पढ़ें- डायबिटीज में हेल्दी रहने का आसान फॉर्मूला, इन 5 चीजों को सही तरीके से बनाएं डाइट का हिस्सा

 

हरजिंदगी के वेलनेस सेक्शन में हम इसी तरह अपने आर्टिकल्स के जरिए स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के बारे में आप तक सही जानकारी पहुंचाने की कोशिश करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: Shutterstock, Freepik