पीरियड्स से जुड़ी कई सारी दिक्कतें गलत खान-पान और अनियमित जीवनशैली की वजह से हो सकती हैं। असल में अनहेल्दी खान-पान और खराब लाइफस्टाइल की वजह से हार्मोनल इंबैलेंस होने लगता है और इसका सीधा असर हमारी पीरियड साइकिल पर भी होता है। पीरियड साइकिल के रेगुलर और हेल्दी होने के लिए ओव्यूलेशन का सही समय पर होना, शरीर में जरूरी न्यूट्रिएंट्स का लेवल सही होना और तनाव से दूर रहना जरूरी है।
अगर आपकी पीरियड साइकिल नियमित नहीं है, हर महीने पीरियड तय तारीख पर नहीं, बल्कि देर से आता है, तो यह इस बात का संकेत है शरीर में हार्मोन्स का उतार-चढ़ाव है। इसे आसान भाषा में आप ऐसे समझ सकती हैं कि हमारे पीरियड्स, हमारे हार्मोन्स का मंथली रिपोर्ट कार्ड होते हैं। अनियमित पीरियड को रेगुलर करने में कई फूड्स मदद कर सकते हैं। चलिए इनके बारे में एक्सपर्ट से जानते हैं। इस बारे में डाइटीशियन और न्यूट्रिशनिस्ट राधिका गोयल जानकारी दे रही हैं।
कद्दू के बीज
कद्दू के बीज गुणों से भरपूर होते हैं और खासकर महिलाओं में हार्मोनल इंबैलेंस को दूर करने में ये बहुत मदद करते हैं। इनमें जिंक और मैग्नीशियम होता है, जो हार्मोन्स को बैलेंस करके पीरियड साइकिल को रेगुलर करने में मदद करता है।
आप पीरियड के पहले दिन से लेकर दो हफ्तों तक यानी 14वें दिन तक, कद्दू के बीज खाएं। ये एस्ट्रोजन को बैलेंस करते हैं और ओव्यूलेशन सही समय पर होता है।
पहाड़ी पुदीने को ऐसे करें डाइट में शामिल
पहाड़ी पुदीना, पीरियड के नियमित कर सकता है। आप पहाड़ी पुदीने की चाय या स्पियरमिंट टी पिएं। यह हार्मोन्स को बैलेंस करने और पीरियड को रेगुलर करने में मदद कर सकती है। जिन महिलाओं के शरीर में मेल हार्मोन का लेवल ज्यादा होता है, उनके भी पीरियड समय पर नहीं आते हैं। ऐसे में यह मेल हार्मोन को कम करने का काम करती है। इससे पीरियड साइकिल रेगुलर होती है और पीरियड के दिनों में होने वाला दर्द भी कम होता है।
भीगी हुई किशमिश खाएं
पीरियड साइकिल को नियमित करने के लिए आप भीगी हुई किशमिश खाएं। भीगी हुई किशमिश, आयरन से भरपूर होती है और यह पीरियड्स को रेगुलर बनाने और इन दिनों में होने वाली दिक्कतों को दूर करने में मदद करती है।
आप रात को 8-10 किशमिश को पानी में भिगोएं और सुबह इसे खाली पेट खाएं। इसका पानी भी जरूर पिएं। इससे आयरन लेवल में सुधार होता है। इसका लगातार सेवन करने से न केवल पीरियड समय पर आएंगे, बल्कि कमजोरी ओर थकान भी दूर होगी।
डाइट में करें ये बदलाव
- पीरियड साइकिल को रेगुलर करने के लिए कैफीन का सेवन कम करें।
- हेल्दी फैट्स को डाइट में शामिल करें।
- फाइबर, प्रोटीन, आयरन रिच और ओमेगा रिच फूड लें।
यह भी पढ़ें- महंगे सप्लीमेंट्स नहीं इन 3 चीजों को करें डाइट में शामिल, मिलेगी पीरियड्स के दर्द से राहत और बेहतर सेहत
एक्सपर्ट का कहना है कि इन फूड्स को डाइट में शामिल करके आप पीरियड साइकिल को रेगुलर कर सकती हैं। हरजिंदगी के वेलनेस सेक्शन में हम इसी तरह अपने आर्टिकल्स के जरिए स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के बारे में आप तक सही जानकारी पहुंचाने की कोशिश करते रहेंगे।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit:Freepik, Shutterstock
