ट्रेन में ट्रैवल करना कई लोगों को पसंद होता है। खिड़की वाली सीट मिल जाए, तो रास्ते में दिखने वाले पहाड़, नदियां और हरे-भरे मैदान देखने से ट्र‍िप का मजा दोगुना हो जाता है, लेकिन जरा सोचिए, अगर आपकी ट्रेन ऐसी जगह से गुजरे जहां ऊंचाई इतनी ज्यादा हो कि सांस लेना भी मुश्किल हो जाए, तो कैसा लगेगा?

दुनिया में एक ऐसा रेलवे स्टेशन भी है, जो समुद्र तल से करीब 16,627 फीट ऊपर बना हुआ है। यहां का मौसम बहुत ठंडा रहता है और चारों तरफ बर्फीले पहाड़ द‍िखाई देते हैं। खास बात यह है कि दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे स्टेशन होने के बाद भी यहां आम यात्री न तो उतर सकते हैं और न ही ट्रेन में चढ़ सकते हैं। आज का हमारा लेख इसी पर है। हम आपको दुनि‍या के सबसे ऊंचे रेलवे स्‍टेशन के बारे में-

कहां है दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे स्टेशन?

आपको बता दें क‍ि दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे स्टेशन चीन के तिब्बती इलाके में है। इसका नाम तांगगुला रेलवे स्टेशन है। यह समुद्र तल से करीब 16,627 फीट की ऊंचाई पर बना हुआ है। इतनी ऊंचाई पर होने की वजह से यहां ठंड काफी ज्यादा रहती है। स्टेशन के आसपास दूर-दूर तक बर्फ से ढके पहाड़ दिखाई देते हैं। इस जगह की ऊंचाई ही इसे दुनिया के बाकी रेलवे स्टेशनों से अलग बनाती है।

आमतौर पर आपने रेलवे स्टेशनों को शहरों और आबादी वाले इलाकों में देखा होगा, लेकिन तांगगुला स्टेशन एक बेहद ऊंचे और ठंडे पहाड़ी इलाके में बना हुआ है।

किंगहाई-तिब्बत रेलवे लाइन का हिस्सा है यह स्टेशन

तांगगुला स्टेशन किंगहाई-तिब्बत रेलवे लाइन पर है। यह रेल लाइन करीब 1,956 किलोमीटर लंबी है और चीन के किंगहाई प्रांत के गोलमुड शहर को तिब्बत की राजधानी ल्हासा से कनेक्‍टेड है। इसके बनने से तिब्बत सीधे रेल से चीन के बाकी हिस्सों से जुड़ पाया। अगर आप इसका नाम जानना चाहती हैं तो बता दें क‍ि पहाड़ों के बीच बने इस स्टेशन को डांगला रेलवे स्टेशन कहा जाता है।

ट्रेन में यात्रियों के लिए है ऑक्सीजन की सुविधा

तांगगुला रेलवे स्टेशन की ऊंचाई इतनी ज्यादा है कि यहां हवा में ऑक्सीजन कम मिलती है। इस वजह से लोगों को सांस लेने में परेशानी होती है। ऐसे में इस रास्ते से गुजरने वाली ट्रेनों में यात्रियों के लिए खास इंतजाम किया गया है। जैसे-

  • ट्रेन की हर सीट के ऊपर ऑक्सीजन सप्लाई की सुविधा दी गई है।
  • जरूरत पड़ने पर यात्री इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकते हैं।
  • इसका मकसद इतनी ऊंचाई पर सफर के दौरान यात्रियों को सांस लेने में होने वाली परेशानी से बचाना है।

दुनिया के सबसे ऊंचे स्टेशन पर नहीं उतर सकते यात्री

इस स्टेशन की एक और बात काफी हैरान करने वाली है। जी हां, इतना ऊंचा रेलवे स्टेशन होने के बावजूद यहां कोई भी यात्री ट्रेन से उतर नहीं सकता और न ही यहां से ट्रेन में चढ़ सकते हैं। बताया जाता है कि साल 2010 से पहले यहां से पैसेंजर ट्रेनें गुजरती ही नहीं थीं। यात्री ट्रेन की खिड़की से इस जगह का नजारा तो देख सकते हैं, लेकिन स्टेशन पर उतरकर घूम नहीं सकते।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- AI