सर्दियों में राजमा-चावल खाने का मजा ही कुछ और होता है। क्या आपने कभी कश्मीरी पंडितों के खास थूल राजमा के बारे में सुना है? यह आम राजमा से थोड़ा अलग होता है। इसका स्वाद हल्का नटी और टेक्सचर बेहद क्रीमी होता है। कश्मीर में इसे खास अंदाज में मसालों के साथ पकाया जाता है। इसकी खासियत है कि इसे बनाने में बहुत ज्यादा मसालों की जरूरत नहीं पड़ती है। आइए जानते हैं इस पारंपरिक डिश को घर पर बनाने का आसान तरीका।

थूल राजमा बनाने का तरीका

अगर आप हर बार एक ही तरह की राजमा खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार कश्मीरी स्टाइल थूल राजमा ट्राई कर सकते हैं। कश्मीरी पंडितों की रसोई में बनने वाली यह डिश अपने अलग स्वाद के लिए जानी जाती है। इसमें सौंफ, सोंठ और कश्मीरी मसालों का इस्तेमाल किया जाता है, जो इसे आम राजमा से बिल्कुल अलग बनाते हैं। अच्छी बात यह है कि इसे घर पर भी आसानी से तैयार किया जा सकता है।

थूल राजमा Recipe Card

थूल राजमा बनाने का तरीका
Her ZindagiHer ZindagiHer ZindagiHer Zindagi
  • Total Time :50min
  • Preparation Time : 25min
  • Cooking Time : 25
  • Servings : 5
  • Cooking Level : Medium
  • Course: Main Course
  • Calories: 125
  • Cuisine: Indian
  • Author: Megha Rustagi

सामग्री

  • 1 कटोरी थूल राजमा
  • 2-3 तेजपत्ता
  • 2 बड़ी इलायची
  • 1 छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
  • आधा छोटा चम्मच हल्दी
  • 1 छोटा चम्मच सौंफ पाउडर
  • आधा छोटा चम्मच सोंठ पाउडर
  • 2 बड़े चम्मच सरसों का तेल
  • 1 छोटा चम्मच जीरा
  • नमक स्वादानुसार
  • 2-3 कश्मीरी हरी मिर्च
  • थोड़ा इमली का पानी
  • चुटकी भर हींग

विधि

  • Step 1 :

    थूल राजमा को 7-8 घंटे या रातभर पानी में भिगो दें, सुबह पानी फेंककर 2-3 बार साफ धो लें।

  • Step 2 :

    कुकर में राजमा के साथ तेजपत्ता, बड़ी इलायची, कश्मीरी लाल मिर्च, हल्दी, सौंफ पाउडर, सोंठ पाउडर, हींग और नमक डालकर 4-5 सीटी आने तक उबालें।

  • Step 3 :

    एक कड़ाही में सरसों का तेल डालें। आंच धीमी करके जीरा, बचा हुआ सौंफ-सोंठ पाउडर, थोड़ी मिर्च डालें, जलने से बचाने के लिए 2 चम्मच राजमा का पानी डालें।

  • Step 4 :

    अब उबली हुई राजमा को पानी समेत तड़के में डालकर मिलाएं और उबाल आने दें।

  • Step 5 :

    करछी से 1/4 राजमा को कड़ाही के किनारे पर हल्का मैश कर दें, इससे बिना क्रीम के ग्रेवी क्रीमी बनेगी, फिर 15-20 मिनट धीमी आंच पर पकाएं।

  • Step 6 :

    आखिर में इमली का पानी और साबुत हरी मिर्च डालकर 5 मिनट और पकाएं और गरमा-गरम चावल के साथ परोसें।

Photo Credit: Magnific

 

क्या होता है थूल राजमा?

थूल राजमा को क्रैनबेरी बीन्स (Cranberry Beans) भी कहा जाता है। ये सामान्य राजमा से आकार और बनावट में अलग होते हैं। इनके दानों पर गुलाबी और क्रीम रंग की धारियां होती हैं। पकने के बाद इनका टेक्सचर काफी मुलायम और क्रीमी हो जाता है। कश्मीरी खानपान में इन बीन्स की खास जगह है।

थूल राजमा खाने के फायदे

थूल राजमा सिर्फ स्वाद में ही खास नहीं है, बल्कि सेहत के लिहाज से भी फायदेमंद हो सकता है। इसमें प्रोटीन, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसे डाइट में शामिल करने से शरीर को कई फायदे मिल सकते हैं।

1. पाचन को रखता है दुरुस्त

थूल राजमा में अच्छी मात्रा में डाइटरी फाइबर होता है। यह आंतों की सेहत को बेहतर रखने और मल त्याग को आसान बनाने में मदद करता है। इससे कब्ज की समस्या से बचाव में भी मदद मिल सकती है।

2. शरीर को देता है प्रोटीन

थूल राजमा प्लांट बेस्ड प्रोटीन का अच्छा सोर्स है। प्रोटीन मांसपेशियों की मरम्मत, उनके विकास और शरीर के टिश्यू को स्वस्थ रखने में मदद करता है। शाकाहारी लोगों के लिए यह प्रोटीन का अच्छा ऑप्शन है।

3. ब्लड शुगर कंट्रोल में मददगार

थूल राजमा में मौजूद फाइबर कार्बोहाइड्रेट के पाचन और ग्लूकोज के अवशोषण की प्रक्रिया को धीमा कर सकता है। इससे खाने के बाद ब्लड शुगर तेजी से बढ़ने की आशंका कम होती है।

4. लंबे समय तक पेट रखता है भरा

प्रोटीन और फाइबर से भरपूर होने के कारण इसे खाने के बाद देर तक भूख महसूस नहीं होती है। ऐसे में यह बार-बार लगने वाली भूख को नियंत्रित करने और वजन मैनेजमेंट में मदद करता है।

Photo Credit: Magnific

थूल राजमा बनाने की टिप

राजमा को हमेशा अच्छी तरह भिगोकर और पूरी तरह पकाकर ही खाना चाहिए। अधपके राजमा में ऐसे प्राकृतिक तत्व हो सकते हैं, जो पेट की परेशानी पैदा करते हैं। अधिक मात्रा में खाने से गैस और पेट फूलने की समस्या भी हो सकती है।

 

अगली बार जब राजमा-चावल बनाने का मन करे तो एक ही रेसिपी पर अटके न रहें। कश्मीरी पंडितों की ये थूल राजमा न सिर्फ स्वाद में एक नया एक्सपीरियंस देगी, बल्कि बिना ज्यादा मेहनत के आपकी थाली को शाही भी बना देगी। कम मसाले, क्रीमी टेक्सचर और सौंफ की भीनी खुशबू, ये कॉम्बिनेशन एक बार खाएंगे तो आप भी आम राजमा भूल जाएंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।