सोशल मीडिया पर वैसे तो खाने के फूड आइटम्स आए-दिन वायरल होते हैं। कभी अजीबो-गरीब कॉम्बिनेशन को लेकर तो कभी अपने बेहतरीन स्वाद को लेकर। इन दिनों इंटरनेट पर क्रिस्पी भिंडी चिप्स खूब सुर्खियां बटोर रहा है, जिसे लोग ओकरा चिप्स के नाम से जानते हैं। आमतौर पर बच्चे हो या बड़े, कई लोग भिंडी की लिसलिसी सब्जी खाने से कतराते हैं, लेकिन इसे अगर आप कुरकुरा ट्विस्ट देकर बनाती हैं, तो यह हर किसी को पसंद आएगा। शाम की चाय हो या घर पर कोई छोटी सी पार्टी, आप इसे मिनटों में तैयार कर सकती हैं। अगर आप भी इस वायरल रेसिपी को अपने घर पर ट्राई करना चाहती हैं, तो नीचे लेख में बताए गए 3 अलग-अलग तरीके से बना सकती हैं।
डीप फ्राई कुरकुरा भिंडी चिप्स (Traditional Deep Fried Style Bhindi Chips)
भिंडी चिप्स को बनाने का आसान तरीका डीप फ्राई है, जिससे चिप्स एकदम बाजार जैसे क्रिस्पी बनते हैं। इसे बनाने के लिए सबसे पहले भिंडी को धोकर अच्छी तरह सुखा लें। अब भिंडी को बीच से लंबा या गोल चिप्स के आकार में पतला-पतला काट लें। इसके बाद एक कटोरे में कटी हुई भिंडी लें, इसमें दो चम्मच बेसन, एक चम्मच चावल का आटा, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, चाट मसाला और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह सूखा ही मिला लें। इसके बाद गरम तेल में इन्हें सुनहरा और क्रिस्पी होने तक डीप फ्राई कर लें।
इसे भी पढ़ें- Crispy Shakarkandi Chips: बच्चों के लिए घर पर बनाएं टेस्टी और हेल्दी क्रिस्पी शकरकंद के चिप्स, जानें बनाने का तरीका
बेक्ड भिंडी चिप्स (Healthy Baked Version Bhindi Chips)
अगर आप अपनी सेहत को ध्यान में रखते हुए बनाना चाहती हैं, तो बेक्ड भिंडी चिप्स बना सकती हैं। इसके लिए कटी हुई भिंडी में बहुत थोड़ा सा ऑलिव ऑयल या रिफाइंड तेल डालें। अब इसमें थोड़ा सा कॉर्नफ्लोर, जीरा पाउडर, काली मिर्च का पाउडर और नमक डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। इसके बाद बेकिंग ट्रे पर बटर पेपर लगाएं और भिंडी को फैलाकर रख दें। इसे 180°C पर करीब 12 से 15 मिनट के लिए बेक करें। आपके बिना तेल वाले क्रिस्पी चिप्स तैयार हो जाएंगे।
एयर फ्रायर भिंडी चिप्स (Air Fryer Method Bhindi Chips)
आज के समय हर घर में एयर फ्रायर का चलन काफी बढ़ गया है। इसमें कम तेल में डीप फ्राई जैसा ही लाजवाब स्वाद मिलता है। इसे बनाने के लिए कटी हुई भिंडी में अपनी पसंद के मसाले जैसे- पेरी-पेरी मसाला, अमचूर पाउडर और थोड़ा सा चाट मसाला मिलाएं। इसके ऊपर आधा चम्मच तेल स्प्रे करें या हाथों से मिला लें। अब एयर फ्रायर को पहले से गरम करें और भिंडी को बास्केट में डालकर 200°C पर 8 से 10 मिनट के लिए एयर फ्राई करें। बीच में एक बार बास्केट को हिला लें। मिनटों में सुपर क्रंची चिप्स बनकर तैयार हो जाएंगे।
भिंडी चिप्स बनाते समय याद रखें कि नमक बिल्कुल आखिरी में, यानी जब आप इसे फ्राई या बेक करने जा रहे हों, तभी मिलाएं। पहले नमक मिला देने से भिंडी पानी छोड़ देती है और चिप्स कुरकुरे बनने के बजाय नरम हो जाते हैं।
इसे भी पढ़ें- पैकेट वाला चिप्स खाने का स्मार्ट हैक, अब न हाथ गंदे होंगे; न गिरेगा चूरा
अगर आपको लगता है कि ओकरा चिप्स बनाना मुश्किल है, तो भूल जाइए। एक बार ऊपर बताए तरीके से इसे बनाकर ट्राई करें। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हर जिंदगी से।
Image Credit-Freepik
