चाय केवल एक पीने की चीज नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की दिनचर्या की शुरुआत है। आजकल बाजार में बिकने वाली चाय पत्ती में कई तरह की मिलावट देखने को मिल रही है। अक्सर दुकानदार ज्यादा कमाई करने के चक्कर में चाय पत्ती में लकड़ी का चूरा, रंग और खतरनाक केमिकल्स मिलाने लगे हैं। इस तरह की मिलावट आपकी सेहत को भारी नुकसान पहुंचा सकती है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने भी नागरिकों को नकली चाय पत्ती से सावधान रहने के लिए कहा है।

असली और नकली चाय पत्ती की पहचान करने के 3 आसान तरीके

अगर आप भी असली और नकली चाय पत्ती को लेकर कंफ्यूज हैं, तो इस लेख में हम आपको कुछ आसान टेस्टिंग के तरीके बताएंगे, जिनकी मदद से आप आसानी से पता लगा सकती हैं कि आपकी चाय पत्ती असली है या नकली।

1. ठंडे पानी का टेस्ट

चाय पत्ती असली है या नकली इसे चेक करने के लिए आप कोल्ड वाटर टेस्ट आजमा सकती हैं। इसके लिए सबसे पहले एक कांच का गिलास लें और उसमें ठंडा पानी भर दें। अब इस पानी में एक छोटा चम्मच चाय पत्ती डालें और बिना हिलाए 1 से 2 मिनट के लिए छोड़ दें।

अगर चाय पत्ती असली होगी, तो ठंडे पानी में डालते ही वह अपना रंग नहीं छोड़ेगी। असली चाय पत्ती का रंग केवल गर्म पानी में ही निकलता है। पानी में डालते ही तुरंत गाढ़ा रंग दिखने लगे, तो इसका मतलब है कि आपकी चाय पत्ती नकली है। 

2. टिशू पेपर या फिल्टर पेपर टेस्ट

एक साफ टिशू पेपर या ब्लोटिंग पेपर लें और उस पर थोड़ा सा पानी छिड़क कर उसे गीला कर लें। अब गीले पेपर पर चाय पत्ती के कुछ दाने रखें और उन्हें उंगली से थोड़ा रगड़ें, फिर पेपर को पानी से साफ करें।

अगर पेपर पर पीला, लाल या काला धब्बा बनता है, तो इसका मतलब है कि चाय पत्ती में आर्टिफिशियल रंग मिलाया गया है। असली चाय पत्ती पेपर पर कोई पक्का दाग नहीं छोड़ती।

3. हथेली पर रगड़कर जांच

आप हथेली पर रगड़कर भी पता कर सकती हैं, कि चाय पत्ती असली है या नकली। इसके लिए थोड़ी सी चाय पत्ती अपनी हथेली पर लें और उस पर पानी की दो बूंदें डालें।अब दोनों हाथों से इसे जोर से आपस में रगड़ें। 

अगर आपकी हथेली पर गहरा रंग या किसी केमिकल की बदबू आने लगे, तो समझ लें कि चाय पत्ती नकली है, क्योंकि असली चाय पत्ती को केवल रगड़ने से इतना गहरा रंग नहीं छोड़ती है।

निष्कर्ष: अगर आप भी अभी तक बाजार में मिलने वाली किसी भी लोकल चाय पत्ती का इस्तेमाल कर रही थीं, तो ऐसा करने से बचें। चाय पत्ती खरीदने के बाद घर पर इसकी जांच जरूर करें, अन्यथा इससे आपको कई तरह की गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। नकली चाय पत्ती न सिर्फ आपको, बल्कि आपके परिवार के सदस्यों की सेहत पर भी भारी पड़ सकती है। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से। 

image credit: freepik