थाली में खिचड़ी देखते ही कई महिलाओं का मुंह बन जाता है। उन्हें लगता है, फिर वही फीका खाना आ गया। जरा सोचिए, अगर उसी खिचड़ी में घी का तड़का, खड़े मसालों की खुशबू और सब्जियों का रंग मिल जाए, तो क्या होगा? वो खिचड़ी किसी दावत से कम नहीं लगेगी।
बोरिंग खिचड़ी को दें अलग टेस्ट
दरअसल, खिचड़ी को हमने ही बोरिंग बना दिया है। रोज एक ही मूंग दाल-चावल वाली खिचड़ी खाकर कोई भी बोर हो जाएगा। थोड़ा सा बदलाव किया जाए तो यही खिचड़ी हल्की भी है, हेल्दी भी है और चटपटी भी। बिजी दिन में जब कुछ झटपट और पेट को सुकून देने वाला खाना हो, तो इन 5 तरह की खिचड़ियों से बेहतर कुछ नहीं। आइए जानते हैं 5 तरह की खिचड़ी।
Photo Credit: Magnific
1. तड़का वाली दही खिचड़ी
जब पेट भरा-भरा लगे, भारीपन महसूस हो और कुछ भी खाने का मन न करे, उस दिन दही वाली खिचड़ी सबसे काम आती है। ये पेट को ठंडा करती है और पचने में भी आसान होती है। बनाने के लिए मूंग दाल और चावल को हल्दी-नमक के साथ कुकर में पका लें। खिचड़ी हल्की ठंडी हो जाए तब इसमें आधा कप अच्छी तरह फेंटा हुआ दही मिला दें। अब छोटे पैन में घी गर्म करें, उसमें राई, थोड़ी उड़द दाल, कढ़ी पत्ता, अदरक और हरी मिर्च डालकर चटकाएं। ये तड़का ऊपर से डालते ही खिचड़ी की खुशबू बदल जाएगी।
2. मसाला वेजी खिचड़ी
अगर घर में बच्चे सब्जी देखकर नाक सिकोड़ते हैं, तो ये वाली खिचड़ी उनके लिए ही है। इसमें सब्जियां खिचड़ी में ऐसे घुल जाती हैं कि पता ही नहीं चलता। कुकर में घी या तेल गर्म करके जीरा, राई, हींग, हरी मिर्च और प्याज भून लें। अब इसमें मटर, गाजर, बीन्स, आलू डाल दें। हल्दी, धनिया पाउडर, गरम मसाला और नमक मिलाएं। इसके बाद धुली मूंग दाल और चावल डालकर पानी डालें और 2-3 सीटी लगा लें। आखिर में देसी घी और हरा धनिया डालें। बड़े हों या बच्चे, सब कटोरी मांगकर खाएंगे।
Photo Credit: Pinterest
3. पंचमेल शाही खिचड़ी
कभी मेहमान आ जाएं या घर में कोई छोटा सा फंक्शन हो, तब सादी खिचड़ी नहीं, शाही वाली बनती है। इसकी खासियत है इसमें डलने वाली 5 दालें। मूंग, अरहर, मसूर, चना और उड़द दाल को चावल के साथ बराबर मात्रा में धो लें। कुकर में घी गर्म करके तेजपत्ता, लौंग, दालचीनी, इलायची और जीरा डालें। प्याज, अदरक-लहसुन पेस्ट और टमाटर को अच्छे से भूनें। फिर दाल-चावल, हल्दी, लाल मिर्च और नमक डालकर पका लें। पकने पर ऊपर से घी और भुने हुए काजू डालकर गरम-गरम परोसें। ये खिचड़ी खाकर कोई नहीं कहेगा कि ये बीमारों का खाना है।
Photo Credit: Magnific
4. पालक स्वीट कॉर्न खिचड़ी
हरी-भरी दिखने वाली ये खिचड़ी सेहत का खजाना है। पालक शरीर को ताकत देता है और स्वीट कॉर्न उसका स्वाद बढ़ा देता है। सबसे पहले पालक को धोकर हल्का उबालें और पीसकर पेस्ट बना लें। दूसरी तरफ मूंग दाल-चावल को नमक-हल्दी डालकर पका लें। अब कड़ाही में घी गर्म करके जीरा, लहसुन और सूखी लाल मिर्च का तड़का लगाएं। इसमें उबले स्वीट कॉर्न और पालक का पेस्ट डालकर 2-3 मिनट चलाएं। फिर इस मसाले को पकी खिचड़ी में मिलाकर 2 मिनट धीमी आंच पर रखें। बस, तैयार है हरी-भरी हेल्दी खिचड़ी।
5. ओट्स मूंग दाल खिचड़ी
जो लोग चावल नहीं खाना चाहते या वजन पर कंट्रोल रखना चाहते हैं, उनके लिए ओट्स वाली खिचड़ी सबसे अच्छा ऑप्शन है। इसमें फाइबर ज्यादा होता है और पेट देर तक भरा रहता है। कुकर में थोड़ा घी गर्म करके जीरा और हींग चटकाएं। प्याज, टमाटर, हरी मिर्च डालकर 1-2 मिनट भूनें। अब आधा कप धुली मूंग दाल और आधा कप ओट्स डालें। हल्दी, नमक और पानी डालकर कुकर बंद कर दें। 2 सीटी में ही खिचड़ी बन जाएगी। इसे आप बिना किसी टेंशन के खा सकते हैं।
यह भी पढ़ें- Leftover Khichdi Recipe: बची हुई खिचड़ी से मिनटों में बनाएं क्रिस्पी मसाला बॉल्स, यहां पढ़ें आसान रेसिपी
अब खिचड़ी को सिर्फ बीमारी से जोड़कर देखना बंद कर दीजिए। थोड़े से मसाले, सही तड़का और थोड़ी सी समझदारी से यही खिचड़ी आपकी फेवरेट डिश बन सकती है। चाहे दावत वाली शाही खिचड़ी हो या पेट को आराम देने वाली दही खिचड़ी, हर एक का अपना अलग स्वाद है। इस हफ्ते इनमें से कोई एक रेसिपी जरूर ट्राई करके देखिए, रेस्टोरेंट का खाना खुद ही भूल जाएंगे।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
