दिनभर की भागदौड़ के बाद शाम ढलते ही एक कप कड़क चाय और उसके साथ कुछ चटपटा खाने की चाहत हर किसी को होती है। शाम 4 से 5 बजे के बीच लगने वाली हल्की भूख अक्सर हमें ये सोचने पर मजबूत कर देती हैं कि ऐसा क्या खाएं जो स्वादिष्ट भी हो और झटपट तैयार भी हो जाए। मार्केट के अनहेल्दी पैक्ड स्नैक्स या रोज-रोज समोसे-कचौड़ी मंगाने से बेहतर है कि घर पर ही कुछ आसान, क्रिस्पी और जायकेदार बनाया जाए। इस लेख में हम आपके लिए 5 ऐसे बेहतरीन और आसान शाम के नाश्ते की रेसिपीज लाए हैं, जिन्हें आप मिनटों में बनाकर अपनी चाय के स्वाद को दोगुना कर सकते हैं। जानते हैं इस लेख के माध्यम से...

शाम की चाय के लिए 5 आसान और क्रिस्पी स्नैक्स

आप कुछ अलग ट्राई करना चाहती है तो यहां दी गई क्रिस्पी रेसिपी आपके बहेद काम आ सकते हैं-

1. मिक्स वेज भजिया

चाय और भजिया का मेल घरों में सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है। जानते हैं रेसिपी-

  • सामग्री: बेसन, प्याज, बारीक कटी मिर्च, हरा धनिया, अजवाइन और थोड़ा सा चावल का आटा।
  • बनाने का तरीका: एक बर्तन में बेसन, थोड़ा चावल का आटा, कटी सब्जियां और मसाले मिलाएं। थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा घोल बनाएं और गरम तेल में सुनहरा होने तक तलें।
  • खास बात: यह बाहर से बेहद क्रंची और अंदर से सॉफ्ट बनती हैं।

2. नमकीन पोहा चिड़वा

अगर आप हल्का और कम तेल वाला स्नैक तलाश रहे हैं, तो पोहा चिड़वा सबसे बढ़िया विकल्प है। जानते हैं रेसिपी-

  • सामग्री: पतला पोहा, मूंगफली, कढ़ी पत्ता, हरी मिर्च, हल्दी और राई।
  • बनाने का तरीका: कड़ाही में थोड़ा सा तेल डालकर मूंगफली, राई, मिर्च और कढ़ी पत्ता भूनें। अब इसमें हल्दी, नमक और पोहा डालकर हल्की आंच पर कुरकुरा होने तक सेकें।
  • खास बात: इसे आप एक बार बनाकर हफ्तों तक एयरटाइट डिब्बे में स्टोर करके भी रख सकते हैं।

3. चीज चिल्ली टोस्ट

बच्चों से लेकर बड़ों तक, यह वेस्टर्न फ्लेवर वाला क्रंची स्नैक सभी को बहुत पसंद आता है। जानते हैं रेसिपी-

  • सामग्री: ब्रेड स्लाइस, कसी हुई चीज़, बारीक कटी शिमला मिर्च, हरी मिर्च, मक्खन और ओरिगैनो।
  • बनाने का तरीका: ब्रेड पर थोड़ा बटर लगाएं, ऊपर से चीज, शिमला मिर्च और मिर्च डालें। इसे तवे पर ढककर तब तक सेकें जब तक चीज पिघल न जाए और ब्रेड नीचे से क्रिस्पी न हो जाए।
  • खास बात: यह 5 मिनट में तैयार होने वाला एकदम कैफे स्टाइल स्नैक है।

4. रवा उपमा

स्वाद और सेहत का बेहतरीन संतुलन चाहिए, तो रवा उपमा एक शानदार इवनिंग डिश है। जानते हैं रेसिपी-

  • सामग्री: सूजी (रवा), राई, चना दाल, काजू, हरी मिर्च, प्याज और कढ़ी पत्ता।
  • बनाने का तरीका: सूजी को सूखा भूनकर अलग निकाल लें। पैन में तेल गरम करके राई, दाल, काजू और प्याज का तड़का लगाएं। फिर पानी और नमक डालकर उबालें और भुनी हुई सूजी मिलाकर गाढ़ा होने तक पकाएं।
  • खास बात: यह पचने में हल्का होता है और पेट को लंबे समय तक भरा रखता है।

5. चटपटा ब्रेड उपमा

अगर घर में ब्रेड बची हुई है, तो उससे एक नया और चटपटा स्नैक मिनटों में तैयार किया जा सकता है। जानते हैं रेसिपी-

  • सामग्री: ब्रेड के टुकड़े, प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, राई, हल्दी और नींबू का रस।
  • बनाने का तरीका: कढ़ाई में तेल गरम करके राई, मिर्च, प्याज और टमाटर को भूनें। इसमें बेसिक मसाले और थोड़ा सा पानी डालकर ग्रेवी बनाएं। अब ब्रेड के टुकड़े डालकर अच्छे से मिलाएं और ऊपर से नींबू निचोड़ें।
  • खास बात: ब्रेड का यह स्पाइसी रूप चाय के साथ लाजवाब लगता है।

टी-टाइम स्नैक्स बनाते समय ध्यान रखने ये बातें

यहां आपको टी-टाइम स्नैक्स बनाते वक्त किन बातों का ख्याल रखना है इसके बारे में बताया जा रहा है-

  • भजिया या पकोड़े बनाते समय बेसन में थोड़ा चावल का आटा या सूजी मिलाने से वे लंबे समय तक कुरकुरे बने रहते हैं।
  • शाम के नाश्ते में ज्यादा भारी या ज्यादा तीखे मसालों से बचें, ताकि एसिडिटी की समस्या न हो।
  • उपमा और चिड़वा जैसे स्नैक्स में तेल की मात्रा कम रखकर आप इन्हें और भी सेहतमंद बना सकते हैं।

इस लेख के माध्यम से पता चला कि शाम का नाश्ता केवल भूख मिटाने का जरिया नहीं है, बल्कि यह परिवार के साथ बैठकर चाय की चुस्कियों के साथ दिनभर की थकान मिटाने का एक जरिया भी है। तो अगली बार जब भी शाम को कड़क चाय बने, इनमें से अपनी पसंदीदा डिश जरूर ट्राई करें और अपने टी-टाइम को स्पेशल बनाएं!

यह भी पढ़ें- सिर्फ रोटी-सब्जी नहीं, महिलाओं की थाली में जरूर शामिल होनी चाहिए ये चीजें

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: magnific