आमतौर पर हमें जब भी कुछ चटपटा या तीखा खाने का मन करता है, तो हम फटाफट कुछ ऑर्डर करते हैं या फिर बाजार से खरीदकर ले आते हैं। वहीं कुछ लोग गूगल पर यूनिक और देसी डिशेज सर्च करते हैं, जो खाने में स्वादिष्ट और बनाने में आसान हों। अगर आपका भी कुछ तीखा और देसी खाने का दिल कर रहा है, तो एक बार प्रयागराज की मशहूर पालक सकौड़ा चाट जरूर ट्राई करें। इसका स्वाद इतना लाजवाब होता है कि इसके आगे अच्छे-अच्छे चाट-पकौड़े फेल हो जाते हैं। बारिश का मौसम हो या शाम की छोटी-मोटी भूख, गरमा-गर्म पालक सकौड़ा हर मौके का मजा दोगुना कर देता है। सबसे अच्छी बात यह है कि इसे घर पर बनाना बेहद आसान है। आज के इस लेख में हम आपको इसे बनाने की रेसिपी बताने जा रहे हैं।
पालक सकौड़ा चाट बनाने की रेसिपी
- इस डिश को बनाने के लिए पालक की डंठल निकाल लें और उसे साफ पानी से तीन-चार बार धोकर सुखा लें। इसके बाद इसे धारदार चाकू से बारीक-बारीक काट लें। काटने के बाद पालक को एक कटोरे में निकालें और कटी हुई हरी मिर्च, नमक, धनिया पाउडर, कुटी हुई लाल मिर्च, हल्दी, गरम मसाला और फिर आधी कटोरी बेसन डालकर मिक्स करें।
- चम्मच की मदद से आराम से सभी चीजों को मिलाएं। अगर जरूरत पड़े, तभी इसमें पानी डालें। दो-तीन मिनट चलाने के बाद इसे हाथ से उसी तरह मिलाएं, जिस तरह आटा गूंथते हैं। जब मिश्रण डो के फॉर्म में आ जाए, तब इसमें बचा हुआ बेसन डालकर अच्छी तरह मिलाएं। फिर इसमें तीन टेबल स्पून पानी डालें।
- दो से तीन मिनट तक मिश्रण को और मिलाएं, फिर इसे रेस्ट मोड पर छोड़ दें। अब गैस पर तेल गर्म होने के लिए रखें। कुछ देर बाद हाथों में थोड़ा सा तेल लगाएं और तैयार किया गया थोड़ा सा बैटर लें। इसके गोल-गोल और आकार में थोड़े बड़े पकौड़े बनाकर तेल में डालें। मीडियम फ्लेम पर गोल्डन ब्राउन होने तक इन्हें डीप फ्राई करें। इसी प्रकार सभी पकौड़े बनाकर तैयार कर लें।
- इसके बाद ग्रेवी तैयार करें। इसके लिए काली मिर्च, दालचीनी का टुकड़ा, छोटी इलायची, बड़ी इलायची, जायफल और लौंग को लेकर दरदरा कूट लें। साथ ही टमाटर, अदरक के टुकड़े और हरी मिर्च का एक स्मूद पेस्ट बना लें।
- करी बनाने के लिए पैन में तेल डालकर गर्म करें। फिर इसमें जीरा, हींग, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर और टमाटर-अदरक-मिर्च का पेस्ट डालें। इसके बाद इसमें दरदरा कूटकर रखा गया मसाला और कश्मीरी लाल मिर्च डालें।
- अब इसे चलाकर दो-तीन मिनट के लिए ढक दें। बीच-बीच में चलाते हुए इसे चार मिनट और पकाएं। दूसरी तरफ एक कटोरी में एक चम्मच बेसन लें और पानी डालकर उसका पतला घोल बना लें। इसके बाद इसे पक रहे मसाले में डालकर चलाएं और पांच मिनट और पकने दें। अब इसमें दो कप पानी और स्वादानुसार नमक डालें।
- फिर इसमें अमचूर या नींबू का रस डालकर चलाएं। इसके बाद बारीक कटा हरा धनिया डालें और ढककर पांच-छह मिनट तक उबालें। उबाल आने के बाद इसमें तैयार किए गए पकौड़े डालें और चार मिनट तक ढककर पकाएं। अब गैस की फ्लेम बंद कर ऊपर से हरा धनिया डालें। अब बनकर तैयार है प्रयागराज की चटपटी पालक की सकौड़ा चाट। इसे बर्तन में निकालें और गर्मा-गर्म सर्व करें।
इसे भी पढ़ें- रेस्टोरेंट स्टाइल 'मशरूम बॉल्स' बनाने की रेसिपी पढ़ें यहां, बनाने में नहीं लगेगा ज्यादा समय
अगर आपका चटपटा और तीखा खाने का मन कर रहा है, तो एक इस डिश को जरूर बनाएं। इतना ही नहीं बल्कि अगर घर पर अचानक मेहमान आ जाएं, तो भी पालक सकौड़ा चाट सर्व कर सकती हैं। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- shutterstock
