हमारे यहां भारतीय घरों में खाना खाने के बाद सौंफ खाने की परंपरा है। कई लोग इसे माउथ फ्रेशनर की तरह खाते हैं, तो कुछ लोग मानते हैं कि इससे खाना आसानी से डाइजेस्ट हो जाता है, लेकिन क्या आपने कभी नोटिस किया है कि जब हम सौंफ खाने के बाद पानी पीते हैं तो पानी का स्वाद मीठा लगने लगता है?
आमतौर पर लोगों को लगता है कि यह सौंफ खाने की वजह से हो रहा होगा, लेकिन इसके पीछे असली वजह क्या है, ये बहुत कम लोगों को मालूम है। दरअसल, सौंफ में जो एक नेचुरल कंपाउंड पाया जाता है, उसी से पानी मीठा लगने लगता है। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि ऐसा क्यों होता है-
सौंफ में होता है एक खास नेचुरल कंपाउंड
सौंफ की मीठी खुशबू और स्वाद के पीछे एनेथोल (Anethole) नाम का एक नेचुरल कंपाउंड होता है। इसी कंपाउंड से सौंफ का स्वाद थोड़ा अलग लगता है। ऐसा कहा जाता है कि एनेथोल का स्वाद नॉर्मल चीनी की तुलना में लगभग 13 गुना ज्यादा मीठा लग सकता है।
जीभ पर कैसे करता है काम?
जब आप सौंफ चबाती हैं, तो एनेथोल मुंह में घुलने लगता है। इसके बाद ये जीभ पर जो स्वाद पहचानने वाले रिसेप्टर्स (Taste Receptors) होते हैं, उन तक पहुंच जाता है। यही रिसेप्टर्स हमारे दिमाग को बताते हैं कि हमें कौन-सा टेस्ट फील हो रहा है।
फिर पानी पीते ही मीठा क्यों लगता है?
सौंफ खाने के तुरंत बाद जब आप पानी पीते हैं, तो पानी मुंह में मौजूद एनेथोल को और अच्छी तरह से फैला देता है। इससे एनेथोल स्वाद पहचानने वाले रिसेप्टर्स तक जल्दी और आसानी से पहुंच जाता है। क्योंकि एनेथोल पहले से ही मीठे स्वाद वाला कंपाउंड है, इसलिए उस समय नॉर्मल पानी भी ज्यादा मीठा लगने लगता है।
खाने के बाद सौंफ क्यों खाया जाता है?
सौंफ सिर्फ स्वाद बदलने के लिए ही नहीं खाया जाता है। आयुर्वेद में भी इसे डाइजेशन के लिए अच्छा माना गया है। सौंफ खाने से कई लोगों को पेट हैवी लगने, गैस बनने और पेट फूलने जैसी समस्याओं में राहत मिल सकती है।
यह भी पढ़ें- लू से बचाती है सौंफ, आप भी ऐसे करें खाने में शामिल
क्या सिर्फ पानी ही मीठा लगता है?
आमतौर पर सौंफ खाने के बाद पानी पीते समय ही मिठास महसूस होती है। ऐसा इसलिए क्योंकि पानी मुंह में बचे एनेथोल को घोलकर पूरे मुंह में फैला देता है। इससे पूरी मिठास मुंह में घुल जाती है।
तो अब तो आप जान गई होंगी कि सौंफ में मौजूद एनेथोल नाम का कंपाउंड जीभ के टेस्ट रिसेप्टर्स पर असर डालता है। यही कारण है कि नॉर्मल पानी भी कुछ देर के लिए मीठा लगता है।
यह भी पढ़ें- बाजार से लाने की बजाय घर में इस तरह बनाएं मीठी सौंफ
साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Freepik
