जीवन में एक न एक बार हर किसी ने हवाई जहाज में सफर जरूर किया होगा। ऐसे में हवाई यात्रा के दौरान फ्लाइट में मिलने वाला खाना काफी बेस्वाद और फीका लगता है। यह खाना घर और रेस्टोरेंट के खाने के मुकाबले अजीब टेस्ट करता है। एयरलाइन कंपनियां चाहे कितनी भी अच्छी कैटरिंग सर्विस ले लें या बड़े-बड़े शेफ से खाना बनवा लें, लेकिन यह खाना हमेशा फीका ही लगता है। क्या आपने कभी इस बात पर गौर किया है कि आखिर क्यों हवाई जहाज का खाना इतना फीका लगता है? अगर नहीं, तो आज इस लेख में हम आपको इसी बारे में जानकारी देंगे।

हवाई जहाज में खाना बेस्वाद क्यों लगता है?

हवाई जहाज में मिलने वाले खाने को लेकर अधिकतर लोग एयरलाइंस कैटरिंग या शेफ को दोषी मानते हैं, लेकिन असल सच रसोइयों की गलती नहीं, बल्कि ऊंचाई पर बदलने वाला वातावरण है। आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से -

हवा में कम नमी और सूखी नाक

ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर चार्ल्स स्पेंस की गैस्ट्रोफिजिक्स पर प्रकाशित रिसर्च और अंतरराष्ट्रीय हवाई परिवहन संघ (IATA) का आधिकारिक पोर्टल के अनुसार आमतौर पर जमीन पर नमी 40 से 50 प्रतिशत के आसपास होती है, लेकिन जब फ्लाइट आसमान में यानी करीब 30 से 35 हजार फीट की ऊंचाई पर पहुंचती है, तब नमी का स्तर घटकर केवल 10 से 12 प्रतिशत रह जाता है। हमारे स्वाद का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा सूंघने की क्षमता पर निर्भर करता है। ऐसे में हवा में नमी की कमी की वजह से हमारी नाक की अंदरूनी परत सूख जाती है, जिससे खुशबू आना कम हो जाती है और खाना फीका लगने लगता है।

(image credit: magnific)

इंजन की तेज आवाज का असर

इसका एक और बड़ा कारण इंजन की तेज आवाज का असर हो सकता है। प्लेन जब उड़ता है, तो उस समय लगातार बैकग्राउंड नॉइज जनरेट होती है, जो सीधे हमारे दिमाग पर असर डालती है। वैज्ञानिक अध्ययनों के अनुसार, इंजन की तेज आवाज की वजह से इंसान की जीभ को मिठास और नमकीन का स्वाद कम महसूस होता है। जब एयरप्लेन ऊंचाई पर होता है और इंजन से तेज आवाज आती है, तो हमारा दिमाग उधर डाइवर्ट हो जाता है, जिससे स्वाद का सही पता नहीं चलता।

दोबारा गर्म करने से गायब होती नमी

अधिकतर एयरलाइंस कैटरिंग सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खाना जमीन पर ही तैयार कर लेती हैं। फ्लाइट में लोगों को सर्व करते समय इसे सिर्फ दोबारा गर्म किया जाता है। भोजन को दोबारा गर्म करने से उसकी प्राकृतिक नमी और सुगंध खत्म हो जाती है। यह कारण भी है कि फ्लाइट में आपको खाना फीका और बेस्वाद लगता है।  

यह भी पढ़ें- हर जगह बोलती हैं Toilet? बदल डालिए अपनी ये आदत, जानें ऑफिस से लेकर फ्लाइट तक के लिए सही नाम

(image credit: magnific)

फ्लाइट में खाने को स्वादिष्ट बनाने के आसान टिप्स

अगर आप फ्लाइट में अपने खाने का स्वाद बेहतर बनाना चाहती हैं, तो इन आसान टिप्स को फॉलो कर सकती हैं -

  • अपने साथ टमाटर सॉस, सोया सॉस या फिर चाट मसाले का पैकेट रख सकती हैं।
  • फ्लाइट में नॉइज कैंसिलेशन हेडफोन लगाकर खाने का आनंद लें, इससे इंजन की आवाज कम सुनाई देगी और दिमाग शांत रहेगा।
  • फ्लाइट में सफर के दौरान लगातार पानी पीती रहें। भरपूर पानी पीने से शरीर और जीभ में नमी बनी रहती है, जिससे खाना बेस्वाद नहीं लगता।

अगर आपको भी अभी तक यही लगता था कि फ्लाइट में मिलने वाला खाना एयरलाइंस की खराब सर्विस की वजह से बेस्वाद होता है, तो अब आप जान गई होंगी कि 30 से 35 हजार फीट की ऊंचाई पर हवा में नमी की कमी और इंजन का शोर भी खाने का स्वाद बदल देता है।