Vegetable Oats Sprouts Recipe: सुबह का नाश्ता ऐसा होना चाहिए, जो स्वादिष्ट होने के साथ शरीर को जरूरी पोषक तत्व भी दे, लेकिन रोज-रोज एक जैसा नाश्ता खाने से कई बार मन ऊब जाता है। ऐसे में आप अपने किचन में मौजूद ओट्स को एक छोटे से बदलाव के साथ ज्यादा पौष्टिक बना सकती हैं। इसके लिए आपको ओट्स में मिक्स स्प्राउट्स यानी अंकुरित अनाज और दालें मिलानी होंगी। इससे नाश्ते में प्रोटीन और फाइबर की मात्रा बढ़ाने में मदद मिल सकती है। खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए न तो ज्यादा सामग्री की जरूरत है और न ही घंटों रसोई में बिताने की। आइए संजीव कपूर से जानते हैं सब्जियों और स्प्राउट्स से भरपूर ओट्स बनाने का आसान तरीका।

स्प्राउट्स वाले वेजिटेबल ओट्स बनाने के लिए सामग्री

सब्जियों और स्प्राउट्स से भरपूर ओट्स बनाने के लिए आपको सबसे पहले इन चीजों को निकालने की जरूरत है।

  • ओट्स-1 कप
  • मिक्स स्प्राउट्स-1¼ कप
  • बड़ा चम्मच तेल-1
  • छोटा चम्मच जीरा-1
  • बारीक कटी हुई हरी मिर्च-2
  • बड़ा चम्मच कटा हुआ लहसुन-1
  • बारीक कटा हुआ प्याज-1
  • हल्दी पाउडर-1/2 चम्मच
  • स्वादानुसार नमक
  • बारीक कटा हरा धनिया- थोड़ा

image credit-ai

कैसे बनाएं स्प्राउट्स वाले वेजिटेबल ओट्स?

स्प्राउट्स वाले वेजिटेबल ओट्स बनाना काफी आसान है। इसे बनाने के लिए आप नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करें।

  • सबसे पहले एक नॉनस्टिक पैन में तेल को गर्म करें। इसमें जीरा डालें और रंग बदलने लगे तो हरी मिर्च और कटा हुआ लहसुन डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें।
  • इसके बाद पैन में बारीक कटा प्याज और हल्दी पाउडर डालें। प्याज के नरम और हल्का भूरा होने तक इसे पकाएं।
  • बाद में मिक्स स्प्राउट्स, ओट्स और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब इसमें ढाई कप पानी डालें और मध्यम आंच पर 6-8 मिनट तक पकाएं।
  • जब ओट्स अच्छी तरह पक जाएं और गाढ़ा हो जाए, तो इसमें कटा हुआ हरा धनिया मिलाएं। तैयार ओट्स को एक बाउल में निकालें और ऊपर से हरे धनिये की पत्तियों से सजाकर सर्व करें।

image credit-ai

स्प्राउट्स वाले ओट्स खाने से क्या फायदा हो सकता है?

स्प्राउट्स वाले ओट्स खाने से शरीर को काफी फायदे मिलते हैं। आइए जानते हैं यहां।

  • ओट्स में फाइबर होता है, जो पाचन को बेहतर बनाए रखने में मदद करता है।
  • वहीं, मूंग और अन्य दालों के अंकुरित रूप में प्रोटीन समेत कई पोषक तत्व मिलते हैं।
  • दोनों को मिलाकर खाने से नाश्ते में पोषक तत्वों की मात्रा बढ़ सकती है।
  • फाइबर और प्रोटीन पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराने में भी मदद कर सकते हैं।

स्प्राउट्स वाले ओट्स बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान

स्प्राउट्स बनाते समय कुछ बातों का ध्यान रखना काफी जरूरी होता है, वरना स्वाद अच्छा नहीं आता है। आइए यहां जानते हैं।

  • स्प्राउट्स को अच्छी तरह से धोकर पकाएं। इसमें हानिकारक बैक्टीरिया हो सकते हैं। इसलिए इन्हें अच्छी तरह पकाकर ही खाएं।
  • पानी की मात्रा का सही ध्यान रखें। ओट्स ज्यादा गाढ़े हो जाएं, तो जरूरत के अनुसार थोड़ा गर्म पानी मिला सकते हैं।
  • नमक सीमित रखें। स्वाद बढ़ाने के लिए जरूरत से ज्यादा नमक डालने से बचें।
  • मसालों का संतुलन बनाए रखें। ज्यादा मिर्च या तेल डालने से स्वाद बिगड़ सकत है।
  • संतुलित नाश्ते के लिए दिनभर के खाने में फल, सब्जियां, प्रोटीन और दूसरे जरूरी पोषक तत्व भी शामिल करें।
अगर आप भी कुछ नया खाना चाहती हैं, तो ऊपर दी गई इस आसान रेसिपी को जरूर ट्राई करें। यह फट से बन जाएगी और सेहत के लिए भी अच्छी है।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।

main image credit-ai