किचन में खाना बनाते समय अक्सर छोटी-मोटी गलतियां या परेशानियां सामने आती ही रहती हैं। कभी सब्जी में नमक या तेल ज्यादा हो जाता है, तो कभी तंदूरी रोटी और पकौड़े मनमुताबिक नरम या क्रिस्पी नहीं बनते। ऐसे मौकों पर दादी-नानी के पारंपरिक और आजमाए हुए घरेलू नुस्खे किसी वरदान से कम साबित नहीं होते। ये आसान और असरदार किचन हैक्स न सिर्फ बिगड़े हुए खाने का स्वाद सुधारते हैं, बल्कि आपके समय और मेहनत की भी बचत करते हैं। आइए जानते हैं रसोई के ऐसे ही 4 खास और जादूई नुस्खे, जो आपके रोजाना के कुकिंग अनुभव को बेहद आसान और मजेदार बना देंगे। जानते हैं आगे...
नुस्खा : 1- मैं अक्सर घर में तंदूरी रोटी बनाती हूं, लेकिन वे नरम नहीं बनतीं। इन्हें मुलायम और स्वादिष्ट बनाने के लिए क्या करें?
दादी-नानी का नुस्खा: तंदूरी चपाती को नरम बनाने के लिए आटा गूंथते समय उसमें थोड़ा दही मिला दें और गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें। इससे तंदूरी चपाती सॉफ्ट और क्रिस्पी बनेंगी।
नुस्खा : 2 - अगर कभी सब्जी में नमक ज्यादा हो जाए, तो उसे कम करने के लिए क्या कर सकती हूं?
दादी-नानी का नुस्खा: नमक ज्यादा हो जाए, तो सब्जी में छिला हुआ कच्चा आलू डालकर पकाएं। आलू अतिरिक्त नमक सोख लेगा। इसके बाद आलू को बाहर निकाल लें और थोड़ा गर्म पानी डालकर सब्जी को कुछ देर पकाएं। चाहें तो भुना हुआ टमाटर भी मिला सकती हैं, इससे भी नमक संतुलित हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- तलते ही पनीर हो जाता है सख्त? जानें सॉफ्ट बनाने के लिए नमक का हैक
नुस्खा : 3 - पारंपरिक तरीके से सब्जी बनाते वक्त अक्सर तेल ज्यादा पड़ जाता है। सब्जी में से अतिरिक्त तेल कम करने का क्या तरीका है?
दादी-नानी का नुस्खा: किसी भी ग्रेवी में अगर तेल या घी ज्यादा हो जाए, तो बर्तन को थोड़ी देर के लिए फ्रीजर में रख दें। इससे तेल ऊपर जमकर परत बना लेगा, जिसे आप आसानी से चम्मच से निकाल सकती हैं। सर्व करने से पहले डिश को दोबारा गर्म कर लें।
नुस्खा : 4 - पकौड़े ज्यादा क्रिस्पी और कुरकुरे बनाने के लिए क्या तरीका आजमाएं?
दादी-नानी का नुस्खा: पकौड़े बनाते समय बेसन के घोल में एक चुटकी अरारोट या चावल का आटा और थोड़ा गर्म तेल मिला दें। इससे पकौड़े बेहद क्रिस्पी बनते हैं। परोसते समय इन पर थोड़ा सा चाट मसाला छिड़कें, इससे इनका स्वाद और बढ़ जाएगा।
यहां दिए गए कुछ टिप्स न केवल आपकी कुकिंग को आसान कर सकते हैं बल्कि खाने का स्वाद भी बढ़ा सकते हैं। ऐसे में आप इन्हें जरूर ट्राई करें।
यह भी पढ़ें- पूड़ी तलने के बाद कड़ाही में बचे तेल को कटोरी में न रखें, तुरंत इन तरीकों से करें इस्तेमाल
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
लेखक- गीतांजलि
Images: magnific
