भारत के खूबसूरत राज्यों की गिनती जब भी होती है, तो राजस्थान का नाम भी जरूर लिया जाता है। यहां पर बड़े-बड़े महल, किले और राजाओं की कहानियां लोगों को सुनने को मिलती हैं। उदयपुर जैसे शहर अपने खूबसूरत महलों और झीलों के लिए दुनियाभर में फेमस हैं। आज ये जगहें घूमने और शाही अंदाज में शादी करने के लिए भी पसंद की जाती हैं, लेकिन राजस्थान में कुछ ऐसे महल भी हैं, जिनकी पहचान किसी राजा की जीत या खूबसूरत बनावट से ज्यादा रानियों की नाराजगी से जुड़ी है।
इन महलों के पीछे ऐसी कहानियां हैं, जिनमें प्यार, रूठना और मनाने की कोशिशें शामिल हैं। दिलचस्प बात तो यह है कि इन दोनों महलों को आज भी रूठी रानी के महल के नाम से जाना जाता है। ऐसे में हम आपको दो महलों के बारे में बता रहे हैं जो रूठी रानी के महलों के नाम से जानी जाती हैं। आइए जानते हैं-
राजस्थान में जयसमंद झील के किनारे बना है रूठी रानी का महल
उदयपुर से करीब 50 किलोमीटर दूर जयसमंद झील है। यह मीठे पानी की लेक है और इसके किनारे एक पुराना महल बना हुआ है। इसे रूठी रानी का महल कहा जाता है। इस महल को बनाने का काम महाराणा जयसिंह ने साल 1685 से 1691 के बीच करवाया था। इस महल के नाम के पीछे रानी कमलादेवी की एक दिलचस्प कहानी है। कहा जाता है कि महाराणा जयसिंह की शादी बिजोलिया के परमार वंश की राजकुमारी कमलादेवी से हुई थी। शादी के बाद सुहागरात के दिन महाराणा अपने राजपाठ के कामों में इतने व्यस्त हो गए कि रानी के पास देर से पहुंचे।
यह बात रानी कमलादेवी को पसंद नहीं आई। उन्हें लगा कि शादी के पहले दिन ही उन्हें नजरअंदाज किया गया है। नाराज होकर उन्होंने महल छोड़ दिया और जयसमंद झील के पास बने दूसरे महल में रहने लगीं। ऐसे में महाराणा ने उन्हें मनाने की काफी कोशिश की, लेकिन रानी वापस नहीं लौटीं। उन्होंने अपनी बाकी जिंदगी भी इसी महल में बिताई। तभी से यह जगह रूठी रानी के महल के नाम से फेमस हो गई।
यह भी पढ़ें- इस दिसंबर रील्स नहीं, सच में देखें उदयपुर की शाम; IRCTC के इस टूर पैकेज में राजस्थान के कई शहर शामिल
अजमेर के तारागढ़ में भी है एक रूठी रानी का महल
राजस्थान के अजमेर में तारागढ़ की पहाड़ी पर भी एक महल है, जिसे रूठी रानी का महल कहा जाता है। इसकी कहानी जोधपुर की रानी उमेदा से जुड़ी हुई है। बताया जाता है कि उनका एक नाम उमादे भी था। वह जैसलमेर के राजा रावल लूणकरण भाटी की बेटी थीं। साल 1532 में उनकी शादी जोधपुर के राजा मालदेव राठौड़ से हुई। शादी के बाद वह जोधपुर की रानी बन गईं, लेकिन उनकी पहचान रूठी रानी के नाम से ज्यादा मशहूर हुई।
आखिर क्यों नाराज हो गई थीं रानी उमेदा?
आपको बता दें कि रानी उमेदा शादी के समय अपने साथ कई दासियां लेकर आई थीं। इनमें भरमाली नाम की एक दासी भी थी, जो काफी खूबसूरत थी। ऐसे में राजा मालदेव उस दासी पर मोहित हो गए थे। कहा जाता है कि शादी की पहली रात राजा रानी के पास जाने के बजाय भरमाली के साथ समय बिताने में लगे रहे। जब राजा रानी के पास देर से पहुंचे, तो उमेदा को यह चीज अपमान लगी। इसी से नाराज होकर रानी ने महल छोड़ दिया और अजमेर के तारागढ़ किले में रहने चली गईं। इसी घटना के बाद उन्हें रूठी रानी कहा जाने लगा।
दोनों महलों के नाम के पीछे छिपी हैं दो अलग कहानियां
इन दोनों महलों की कहानियों में कुछ बातें एक जैसी हैं, तो कुछ बिल्कुल अलग हैं। जैसे-
- जयसमंद वाला महल: इसकी कहानी महाराणा जयसिंह और रानी कमलादेवी से जुड़ी है। यहां रानी नाराज होकर जयसमंद झील के पास रहने लगी थीं।
- तारागढ़ वाला महल: इसकी कहानी जोधपुर की रानी उमेदा से जुड़ी है। कहा जाता है कि राजा मालदेव के देर से पहुंचने पर वह नाराज होकर अजमेर चली गई थीं।
राजस्थान के इन दोनों महलों की पहचान आज भी इन कहानियों की वजह से बनी हुई है। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- AI
