इंदौर शहर अपने चटकारेदार खान-पान के लिए हमेशा चर्चा में रहता है। यहां सिर्फ पोहा-जलेबी ही नहीं, बल्कि ऐसी कई अनोखी डिशेज भी मिलती हैं, जो शायद आपने पहले कभी नहीं खाई होगी। दूध-सेव की सब्जी से लेकर पारंपरिक दाल-बाटी तक, हर चीज को इंदौर में एक खास अंदाज में परोसा जाता है। ऐसे में अगर आपको लगता है कि कचौड़ी सिर्फ आलू, प्याज या दाल की स्टफिंग वाली ही होती है, तो आज हम आपको इंदौर की एक ऐसी खास कचौड़ी के बारे में बताने जा रहे हैं, जो स्वाद के मामले में सबसे जुदा है।
इंदौर की टेस्टी 'दही सेव कचौड़ी'
दही सेव कचौड़ी का स्वाद और इसे बनाने का तरीका इतना अनूठा है कि एक बार खाने के बाद आप इसका टेस्ट भूल नहीं पाएंगी। इसका स्वाद इसलिए खास होता है, क्योंकि इसे बनाने का तरीका अलग होता है। आइए जानते हैं इसकी खासियत -
यह भी पढ़ें- मूंग दाल की खस्ता कचौड़ी और दिल्ली वाला 'मूंगलेट', एक बार बनाएंगे तो बार-बार खाने का करेगा मन; जान लें रेसिपी
कचौड़ी की खासियत
इंदौर की यह कचौड़ी साधारण कचौड़ी से थोड़ी अलग है। इसे स्पेशल बनाने के लिए सबसे पहले मूंग दाल की कचौड़ी को क्रिस्पी होने तक तला जाता है। कचौड़ी सुनहरी होने के बाद, जब थोड़ी नार्मल हो जाएं, तब इसके बीच में छेद करके उसमें ठंडी और अच्छी तरह फेंटी हुई दही डाली जाती है। ऊपर से तीखी हरी चटनी, खट्टी-मीठी इमली की चटनी, जीरावन मसाला, बारीक सेव और अनार के दाने मिलाए जाते हैं। इस कचौड़ी में आपको मीठे, खट्टे, तीखे और नमकीन स्वाद का अनोखा कॉम्बिनेशन मिलता है। गरमा-गरम कचौड़ी और ठंडी दही का यह कॉम्बिनेशन लोगों को खूब भाता है।
यहां मिलेगा कचौड़ी का स्वाद
अगर आप भी इंदौर जाने का प्लान बना रही हैं और इस स्पेशल दही सेव कचौड़ी का मजा लेना चाहती हैं, तो इन दो जगहों पर जरूर जाएं-
- खान-पान के शौकीनों के लिए इंदौर की सबसे पसंदीदा जगहों में से एक है छप्पन दुकान। आपको यहां कुछ दुकानों पर इसका स्वाद चखने को मिल जाएगा।
- रात के समय सजने वाली फूड स्ट्रीट सर्राफा बाजार अपने अनोखे स्ट्रीट फूड के लिए दुनिया भर में मशहूर है। यहां भी आपको ऐसी कई प्रसिद्ध दुकानें मिल जाएंगी, जो दही सेव कचौड़ी के लिए लोकप्रिय हैं।
इंदौर का यह स्ट्रीट फूड ना सिर्फ आपके पेट को भरता है, बल्कि स्वाद की एक नई दुनिया से भी रूबरू कराता है। अगली बार जब भी इंदौर जाना हो, तो इस जायकेदार दही सेव कचौड़ी को अपनी फूड-लिस्ट में शामिल करना बिल्कुल न भूलें। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
Image Credit : magnific
