मानसून में हर साल रसोई का बजट बिगड़ ही जाता है। सब्जियाें से लेकर रोजाना इस्तेमाल होने वाली कई चीजों के दाम ऊपर-नीचे होते रहते हैं। ऐसे में अगर प्याज भी महंगा हो जाता है तो रोज की सब्जी और ग्रेवी बनाना मानो मुश्किल ही लगने लगता है। दो दिन पहले मैंने प्याज खरीदा था तो इसका रेट करीब 60 रुपये किलो था, वहीं ऑनलाइन ग्रॉसरी ऐप पर इसकी कीमत 100 रुपये थी।
प्याज के बिना खाने का स्वाद बढ़ाने के 5 तरीके
ऐसे में हर सब्जी में प्याज डालना जेब पर भारी पड़ रहा है, लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि प्याज का इस्तेमाल कम करने से खाने का स्वाद भी कम हो जाएगा। दरअसल, आपकी ही रसोई में कुछ चीजें ऐसी हैं, जिनसे सब्जी में अच्छी खुशबू, स्वाद और ग्रेवी का सही टेक्सचर आ सकता है। आइए जानते हैं प्याज की जगह आप किन चीजों का इस्तेमाल करके खाने को स्वादिष्ट बना सकती हैं।
1. हींग से आएगी अच्छी खुशबू और स्वाद
प्याज के बिना दाल या सब्जी का तड़का फीका लगने लगता है। ऐसे में हींग आपके काम आ सकती है। गरम तेल या घी में चुटकीभर हींग डालकर तड़का लगाने से खाने में अच्छी खुशबू आती है। हींग को आप कई तरह की दाल, आलू की सब्जी और ग्रेवी वाली डिश में भी इस्तेमाल कर सकती हैं। इसकी मात्रा ज्यादा रखने की जरूरत नहीं है। तड़के में थोड़ी-सी हींग डालने से ही खाने का स्वाद बदल जाएगा।
2. अदरक-लहसुन से बढ़ाएं जायका
अगर आपको सब्जी में प्याज वाला टेस्ट चाहिए तो आप अदरक-लहसुन पेस्ट का यूज कर सकती हैं। इससे खाने में तीखापन और खुशबू दोनों ही आते हैं। जब आप ग्रेवी वाली सब्जी बनाएं तो उस समय अदरक-लहसुन को मसालों के साथ अच्छी तरह भूनकर डाल दें। इससे ग्रेवी का स्वाद और अच्छा हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- ग्रेवी को रेस्टोरेंट जैसी क्रीमी बनाना है? ज्यादा तेल नहीं, अपनाएं ये 3 सीक्रेट ट्रिक्स
3. टमाटर से बनाएं गाढ़ी और टेस्टी ग्रेवी
कई बार ग्रेवी में प्याज इसलिए डाला जाता है ताकि उसका टेक्सचर अच्छा और थोड़ा गाढ़ा रहे। अगर प्याज कम करना है तो टमाटर की मात्रा आप बढ़ा सकती हैं। टमाटर को मसालों के साथ अच्छी तरह जब आप पकाएंगी तो उसका टेक्सचर भी अच्छा हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- सब्जी में नमक ज्यादा पड़ गया? घबराएं नहीं, ये 4 ट्रिक्स आएंगी काम
4. जीरा और सौंफ का लगाएं तड़का
प्याज के बिना भी सब्जी स्वादिष्ट बनाई जा सकती है। इसके लिए आप जीरा और थोड़ी सौंफ का तड़का लगाकर देखें। यह खासकर सूखी सब्जियों, दाल और कम ग्रेवी वाली सब्जी में बहुत अच्छा टेस्ट लाने का काम करती है।
5. बेसन से ग्रेवी को दें अच्छा टेक्सचर
मैं अपनी बात करूं तो कई बार मैं ग्रेवी वाली सब्जी को गाढ़ा बनाने के लिए भुने हुए बेसन का इस्तेमाल करती हूं। इसके लिए बेसन को पहले थोड़ा सा भून लें और थोड़ी मात्रा में पानी या ग्रेवी के साथ अच्छी तरह मिला लें। इसके बाद इसे करी में डाल दें। बस ग्रेवी में बेसन का इस्तेमाल करते समय ये बातें ध्यान में रखें-
- बेसन को पहले थोड़ा सा जरूर भून लें।
- बेसी काे पानी में अच्छी तरह घोलकर ही ग्रेवी में डालें।
- एक साथ बहुत ज्यादा बेसन न डालें।
- ग्रेवी में बेसन डालने के बाद अच्छी तरह मिलाएं।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
यह भी पढ़ें- कड़ाही में जल गई है ग्रेवी? जले की महक और स्वाद को दूर करने के लिए आजमाएं ये ट्रिक्स
Image Credit- Freepik
