खाने-पीने के शौकीन लोग हर दिन कुछ नया खाने की चाह में रहते हैं। खासकर जब बात मीठे की हो, तब तो वे कुछ अच्छा और स्वादिष्ट तलाशते हैं। अगर आपको भी मीठा बहुत पसंद है और आप अलग-अलग राज्यों की टेस्टी डिशेज घर पर बनाना पसंद करती हैं, तो आप एक लजीज रेसिपी को ट्राई कर सकती हैं। हम बात कर रहे हैं, मुंबई के फेमस 'माहिम हलवा' की।
मीठे के शौकीनों के लिए फेमस 'माहिम हलवा'
अगर आप भी एक से बढ़कर एक स्वीट डिशेज घर पर बनाती हैं, तो इस बार आप घर में मौजूद लोगों के लिए मुंबई का फेमस 'माहिम हलवा' तैयार कर सकती हैं। इसे बनाने के लिए आपको कुछ सामग्रियों की जरूरत लगेगी, जैसे:
सामग्री:
- आधा कप गाढ़ा दूध
- आधा कप घी
- आधा कप मैदा
- 1 कप चीनी
- केसर के 6 से 7 धागे
- आधा चम्मच इलायची पाउडर
- बटर पेपर
- बारीक कटे ड्राई फ्रूट्स
माहिम हलवा बनाने का तरीका
मुंबई का मशहूर और अनोखा 'माहिम हलवा' घर पर मिल जाए, तो बात बन जाए। ऐसी बेहतरीन स्वीट डिश को आप नीचे दी गई रेसिपी को फॉलो करके घर पर बना सकती हैं और बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को खिला सकती हैं।
- यह हलवा बनाने का तरीका बेहद आसान है। इसे आप कम समय में आसानी से तैयार कर सकती हैं:
- सबसे पहले एक कड़ाही या पैन लें, इसमें मैदा, पिघला हुआ घी, दूध और चीनी एक साथ डाल दें।
- जब तक यह गाढ़ा न हो जाए, तब तक इसे धीमी आंच पर लगातार पकाती रहें।
- मिक्सचर जब पैन छोड़ने लगे और सिमटने लगे, तब इसमें केसर और इलायची पाउडर मिक्स करें और गैस बंद कर दें।
- अब गरमा-गरम हलवे को घी लगे हुए बटर पेपर पर पलटें।
- एक बेलन पर थोड़ा घी लगाएं और इस मिश्रण को बटर पेपर के ऊपर बेल लें।
- बेली हुई शीट के ऊपर बारीक कटे ड्राई फ्रूट्स, केसर और इलायची पाउडर डालकर अच्छे से दबा दें।
- जब यह ठंडा होने लगेगा, तो अपने आप ही कड़क हो जाएगा।
- अब इसे पंखे की हवा के नीचे रातभर के लिए ऐसे ही छोड़ दें।
- अगले दिन आप इसे चाकू से अपने मनपसंद चौकोर टुकड़ों में काटकर सर्व कर सकती हैं।
- इसे आप एक एयरटाइट डिब्बे में बंद करके फ्रिज में भी लंबे समय तक स्टोर करके रख सकती हैं।
माहिम हलवा बनाते वक्त रखें इन बातों का ध्यान
अगर आप मुंबई के मशहूर माहिम हलवे को बिल्कुल हलवाइयों की तरह परफेक्ट बनाना चाहती हैं, तो कुछ जरूरी बातों का खास ध्यान रखें, जैसे:
- यह हलवा बेहद पतला होता है। ऐसे में जिस बटर पेपर पर आप इसे फैला रही हैं, उस पर अच्छी तरह देसी घी लगा दें, ताकि यह सही से फैले और चिपके नहीं।
- हलवा सूखने के बाद निकालने में जल्दबाजी न करें, इसे बिल्कुल आराम से बटर पेपर से अलग करें।
- माहिम हलवे को तभी बेल लें, जब यह गर्म हो। ठंडा होने पर यह बेलने में नहीं आएगा और ठीक से सेट नहीं हो पाएगा।
- अगर आप इसकी बिल्कुल परफेक्ट और क्लीन कटिंग चाहती हैं, तो चाकू की जगह पिज्जा कटर का इस्तेमाल करें।
यह भी पढ़ें- क्या आपने कभी खाया है राजस्थान का पारंपरिक 'हल्दी का हलवा'? जानें रेसिपी
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
Image Credit : magnific/pinterest/Indian Veg Recipe/Rupa Lalloo
