सावन के खास मौके पर भगवान शिव की पूजा-अर्चना के साथ-साथ सात्विक भोग भी बनाया जाता है। इस दौरान देश के कई हिस्सों में गेहूं के आटे से पारंपरिक 'कंसार' (Kansar), जिसे कुछ लोग 'कसार' भी कहते हैं, का प्रसाद बनाया जाता है। कंसार न केवल खाने में बेहद स्वादिष्ट होता है, बल्कि पूजा के लिए इसे बेहद शुभ भी माना जाता है। अगर आप भी सावन सोमवार या किसी धार्मिक अवसर पर भोलेनाथ को प्रसन्न करने के लिए घर पर झटपट कंसार का प्रसाद बनाना चाहती हैं, तो यहां बताई गई दो आसान रेसेपीज आपके बहुत काम आएंगी। जानते हैं इनके बारे में...

रेसिपी 1- गुड़ और देशी घी का कंसार

यह कंसार की सबसे पुरानी विधि है, जिसे सावन के व्रत और त्योहारों पर खासतौर पर तैयार किया जाता है। ऐसे में इसकी सामग्री और रेसिपी के बारे में जानते हैं-

आवश्यक सामग्री

  • गेहूं का आटा: 1 कप 
  • गुड़: 1/2 कप
  • देशी घी: 3 से 4 बड़े चम्मच
  • इलायची पाउडर: 1/2 छोटा चम्मच
  • पानी: 1.5 कप
  • कटे हुए मेवे (काजू, बादाम, पिस्ता): 2 बड़े चम्मच

गुड़ का कंसार कैसे बनाएं?

  • सबसे पहले एक पैन में पानी और गुड़ डालकर धीमी आंच पर उबलने के लिए रख दें, जिससे गुड़ पानी में पूरी तरीके से घुल जाए।
  • अब दूसरी कड़ाही में देशी घी को गर्म करें और उसमें गेहूं का आटा डालकर धीमी आंच पर गोल्डन होने तक भूनते रहें।
  • आटे के भुनने के बाद उसमें तैयार किया हुआ गरम गुड़ का पानी धीरे-धीरे डालते हुए चलाएं ताकि गांठें न बनें।
  • फिर मिश्रण को तब तक पकाएं जब तक आटा सारा पानी सोख न ले और कड़ाही के किनारे न छोड़ दे।
  • अंत में ऊपर से इलायची पाउडर और कटे हुए मेवे मिलाकर गैस बंद कर दें। आपका स्वादिष्ट गुड़ वाला कंसार तैयार है।

यह भी पढ़ें- सावन व्रत के लिए ये स्वादिष्ट रेसिपी, साबूदाना और सिंघाड़ा के अलावा बनाएं ये चीजें

रेसिपी 2- मेवे का सूखा कंसार

अगर आपके पास समय कम है और आप तुरंत प्रसाद तैयार करना चाहती हैं, तो यहां दी गई सूखी कंसार रेसिपी आपके लिए बेहतर विकल्प है-

आवश्यक सामग्री

  • गेहूं का आटा: 1 कप
  • पिसी हुई चीनी या बूरा: 1/2 कप
  • देशी घी: 3 बड़े चम्मच
  • इलायची पाउडर: 1/2 छोटा चम्मच
  • बारीक कटे हुए मेवे: 2 बड़े चम्मच

कैसे बनाएं बूरा-मेवे का सूखा कंसार?

  • सबसे पहले एक कड़ाही में देशी घी गर्म करें। अब उसमें गेहूं का आटा डालें और धीमी आंच पर लगातार चलाते रहें।
  • जब आटा भुन जाए तो गैस बंद कर दें और कढ़ाही को आंच से उतारकर थोड़ा ठंडा होने दें।
  • जब भुना हुआ आटा गुनगुना रह जाए, तब इसमें पिसी हुई चीनी या बूरा और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें।
  • अब इसमें कटे हुए बादाम, काजू और पिस्ता डालकर मिक्स करें।
  • आपका झटपट बनने वाला सूखा कंसार प्रसाद बनकर तैयार है। इसे भगवान शिव को अर्पित करें।
यदि आप भी कंसार बनाने के बारे मे सोच रही हैं तो इन दो रेसिपियों की मदद ली जा सकती है। 

यह भी पढ़ें- Sawan Special: सावन में व्रत रखने वालों के लिए बनाएं पनीर से ये रेसिपीज

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: magnific