बीते दिनों केंद्र सरकार के आयुष मंत्रालय की ओर से एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मोटे अनाज की खेती के लिए किसानों को प्रोत्साहित करने की बात कही। पीएम मोदी बोले, ''आज हम देखते हैं कि जिस भोजन को हमने छोड़ दिया, उसे दुनिया ने अपनाना शुरू कर दिया। जौ, ज्वार, रागी, कोदो, सामा, बाजरा, सांवा, ऐसे अनेक अनाज कभी हमारे खान-पान का हिस्सा हुआ करते थे, लेकिन ये हमारी थालियों से गायब हो गए। अब इस पोषक आहार की पूरी दुनिया में डिमांड है।'' आप भी अपने खाने की थाली मोटे अनाजों से तैयार व्‍यजनों और चटनी से सजा सकते हैं। हम आपको धान, मडुआ या ज्‍वार-बाजरा नहीं बल्कि भांग के बीज, चना, मूंग, मूंगफली, नारियल, सरसों आदि से बनने वाली लाजवाब च‍टनियों के बारे में बताने जा रहे हैं।

1. हेल्‍दी फैट्स और फाइबर का सोर्स है 'मूंगफली की चटनी'

सबसे पहले नाम आता है मूंगफली की चटनी का। इसे हेल्‍दी फैट्स और फाइबर का बड़ा सोर्स माना जाता है। इसकी चटनी तैयार करने के लिए आपको भुनी हुई मूंगफली, हरी मिर्च, लहसुन, नमक और थोड़े से नींबू के रस को मिलाकर पीसना होगा। आप चाहें तो इसमें धनिया पाउडर मिलाकर स्वाद बढ़ा सकती हैं। यह चटनी परांठे, दाल-चावल या इडली-डोसा के साथ काफी स्‍वादिष्‍ट लगती है।

2. हाई प्रोटीन रिच डाइट का खजाना है 'चना दाल की चटनी'

चने की दाल में काफी मात्रा में प्रोटीन पाया जाता है। इसकी चटनी बनाने के लिए आपको भुनी हुई चना दाल, लहसुन, हरी मिर्च, अदरक और नमक की जरूरत होगी। इसके बाद आप सभी चीजों को मिलाकर इसमें तड़का लगाकर तैयार कर सकते हैं। फाइबर से भरपूर चना दाल पेट के लिए अच्छी मान जाती है। इसके अलावा यह हीमोग्लोबिन का लेवल बढ़ाने में मदद करती है।

3. खाने को आसानी से पचाएगी 'मूंग दाल की चटनी'

मूंग दाल पेट के लिए सबसे उत्‍तम आहार मानी जाती है। खाने को आसानी से पचाने के साथ ही प्रोटीन से भरपूर होती है। इसकी चटनी बनाने के लिए भिगोई हुई मूंग दाल को हरी मिर्च, अदरक और हरा धनिया के साथ पीस लें। इसके बाद अपने स्‍वादानुसार नमक और नींबू का रस मिला सकती हैं। इस दाल के अंदर मौजूद अमीनो एसिड्स शरीर के लिए जरूरी होते हैं। यह पाचन को दुरुस्त रखती है और डायबिटीज के मरीजों के लिए फायदेमंद रहती है।

4.'नारियल-उड़द दाल' की चटनी

दक्षिण भारत ही नहीं पूरे देश में इसे लोकप्रिय चटनी के तौर पर जाना जाता है। इसे तैयार करने के लिए भुनी हुई उड़द दाल, नारियल, हरी मिर्च, करी पत्ता और नमक को पीसा जाता है। इसे इडली या डोसा, पोहा, उपमा और उत्तपम के साथ परोसा जा सकता है। उड़द दाल प्रोटीन और आयरन का अच्छा सोर्स है। नारियल में मौजूद हेल्दी फैट्स दिमाग की सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं।

5.'भांग की चटनी', मुंह में डालते ही बदल जाएगा स्‍वाद

भांग की चटनी कुमाऊं की पहचान है। इसे यहां पाए जाने वाले भांग के बीजों से तैयार किया जाता है। यह नुकसानदायक नहीं होती। इसके लिए आपको भांग के बीजों को तवे पर भुनना होगा। इसके बाद प्‍याज, लहसुन और अदरक के साथ इसे पीस लें। इसमें स्‍वादानुसार नमक और नींबू का रस मिलाकर परोसें। भांग के बीजों में मौजूद आयरन शरीर को एनर्जी देगा।

मोटे अनाज से तैयार होने वाली चटनियों के साथ ही हमने आपको दाल, नारियल और भांग से बनाई जाने वाली चटनियों के बारे में भी जानकारी देने का प्रयास किया। इनका स्‍वाद आपको पसंद आएगा। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit :magnific.com, Shutterstock