Mooli Chutney Recipe: सर्दियों में मूली तो घर में आती ही है, है ना? पराठे के लिए मूली लेते हैं और उसके हरे-भरे पत्ते... सीधे कचरे में फेंक देते हैं, लेकिन आज के बाद मत फेंकिएगा। क्योंकि जो पत्ते आप बेकार समझकर फेंक देती हैं, उन्हीं से बनती है सर्दियों की सबसे तीखी और स्वादिष्ट चटनी। ऐसी चटनी कि एक बार चखने के बाद पराठा, दाल-चावल, यहां तक कि बासी रोटी भी मजा देने लगेगी। यह बस 10 मिनट में बन जाती है। आइए जानते हैं रेसिपी।
मूली चटनी की सामग्री (Mooli Chutney Ingredients)
इस चटनी की खासियत यही है कि सामान आपको किचन में ही मिल जाएगा। बाहर से कुछ लाने की जरूरत नहीं।
- मूली - 1 कप छीलकर कद्दूकस की हुई
- मूली के कोमल पत्ते - 1 कप अच्छे से धोकर बारीक कटे हुए
- हरा धनिया- 1/2 कप
- पुदीने के पत्ते- 8-10
- हरी मिर्च - 2-3 अपने स्वाद के हिसाब से
- अदरक का टुकड़ा- 1 इंच
- ताजा दही- 1/2 कप
- भुना जीरा पाउडर- 1/2 छोटा चम्मच
- काला नमक- 1/3 छोटा चम्मच
- नमक- स्वाद के हिसाब से सादा
- चाट मसाला- 1/2 छोटा चम्मच (ऑप्शनल)
image credit- ai
मूली के पत्तों की चटनी बनाने का तरीका (Mooli Chutney Making Steps)
मूली के पत्तों की चटनी को बनाने के लिए नीचे दिए गए स्टेप्स को जरूर फॉलो करें।
स्टेप 1: पत्तों को तैयार करें
सबसे पहले मूली के पत्तों से मोटी डंडी निकाल दीजिए। सिर्फ नरम और हरे पत्ते ही रखिए। इन्हें 2-3 बार अच्छे पानी से धो लीजिए, क्योंकि इनमें मिट्टी बहुत होती है।
स्टेप 2: सब कुछ मिक्सी में डालें
अब मिक्सी के जार में कद्दूकस की हुई मूली, पत्ते, धनिया, पुदीना, हरी मिर्च, अदरक, भुना जीरा, काला नमक, सादा नमक और दही डाल दीजिए। अगर आपको क्रीमी चटनी चाहिए तो दही डालें, अगर तीखी-खट्टी चाहिए तो नींबू का रस डालें। दोनों एक साथ मत डालिए।
स्टेप 3: पीसें
अब मिक्सी को एक साथ देर तक मत चलाइए। रुक-रुक कर चलाइए। चटनी थोड़ी दरदरी ही अच्छी लगती है। एकदम पेस्ट जैसी हो जाएगी तो मजा नहीं आएगा। पानी डालने की जरूरत नहीं है, क्योंकि मूली और दही में ही काफी पानी होता है।
स्टेप 4: ऊपर से तड़का या चाट मसाला
पीसने के बाद चटनी को कटोरी में निकालिए और ऊपर से थोड़ा सा चाट मसाला छिड़क दीजिए। चाहें तो ऊपर से एक चम्मच सरसों के तेल में हींग-जीरे का छोटा सा तड़का भी लगा सकती हैं। बस, आपकी मूली के पत्तों की तीखी चटनी तैयार है।
image credit- ai
किसके साथ खाएं तो मजा दोगुना हो जाएगा?
इस चटनी को आप आलू के पराठे, मूली के पराठे, दाल-चावल, खिचड़ी, पकौड़े और समोसे, किसी के साथ भी खा सकती हैं। सर्दियों में गरम-गरम पराठे के साथ यह चटनी हो तो अचार की भी जरूरत नहीं पड़ेगी।
अगली बार जब घर में मूली आए, तो उसके पत्तों को फेंकने की बजाय यह चटनी जरूर बनाइएगा। रेसिपी पसंद आई हो तो इसे सेव कर लीजिए और अपनी मम्मी या सहेली को भी जरूर भेजिए। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
main image credit- ai
