वीकेंड के मौके पर सुबह का नाश्ता हो या फिर शाम का, हम सभी कुछ चटपटा और स्वादिष्ट खाना पसंद करते हैं। हालांकि, अक्सर यह समस्या होती है कि ऐसा क्या बनाएं जो सबको पसंद आए? अगर आपके सामने भी यह दिक्कत है, तो एक बार ब्रेड पिज्जा पॉकेट जरूर बनाकर देखें। यह न केवल आसानी से बन जाता है बल्कि इसका स्वाद भी कमाल का होता है। तो फिर देर किस बात की, नोट करें इसकी आसान रेसिपी
ब्रेड पिज्जा पॉकेट बनाने की विधि (How To Make Bread Pizza Pocket Recipe)
ब्रेड से आमतौर लोग पर कटलेट, रोल, उपमा, सैंडविच जैसी चीजें बनाते हैं। इस बार अगर कुछ यूनिक ट्राई करना चाहती हैं तो ब्रेड पिज्जा पॉकेट बेस्ट ऑप्शन है। नीचे जानें स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी
सब्जियां पकाना
सबसे पहले एक कड़ाही में 1 छोटा चम्मच बटर गरम करें। अब इसमें बारीक कटा हुआ लहसुन और प्याज डालकर हल्का गुलाबी होने तक भूनें। इसके बाद इसमें कटी हुई गाजर, स्वीट कॉर्न और शिमला मिर्च डालें। साथ ही एक चौथाई छोटा चम्मच नमक भी मिला दें। अब गैस की आंच को तेज रखें और सब्ज़ियों को तब तक लगातार चलाते हुए भूनें जब तक वे थोड़ी नरम और पक न जाएं।
स्टफिंग तैयार करना
जब सब्जियां अच्छे से पक जाएं, तब कड़ाही में 3 बड़े चम्मच पिज्जा सॉस डालें। इसके बाद सभी चीजों को अच्छे से मिलाएं। अब इस तैयार मिश्रण को एक कटोरे में निकाल लें और पूरी तरह से ठंडा होने दें। जब मिश्रण ठंडा हो जाए, तब इसमें कटे हुए ऑलिव, जैलापीनो और मोजेरेला चीज डालकर मिक्स करें।
ब्रेड पॉकेट्स तैयार करना
अब ब्रेड के स्लाइस लें और चाकू की मदद से उनके चारों किनारों को काट कर अलग कर दें। इसके बाद बेलन की सहायता से प्रत्येक ब्रेड स्लाइस को हल्का और पतला बेल लें। अब बेली हुई ब्रेड के बीच में तैयार की गई पिज्जा स्टफिंग रखें। ब्रेड के किनारों पर थोड़ा सा पानी लगाकर इसे चारों तरफ से अच्छी तरह बंद करें ताकि स्टाफिंग बाहर न निकले।
ब्रेड पिज्जा पॉकेट्स फ्राई करें
ब्रेड पॉकेट्स को पकाने के लिए आपके पास दो विकल्प हैं। आप चाहें तो कड़ाही में तेल गरम करके इन्हें मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक डीप फ्राई कर सकती हैं। इसके अलावा आप ओवन को 180 डिग्री सेल्सियस पर प्रीहीट करें और इन्हें 15 से 20 मिनट तक बेक कर लें।
ब्रेड पिज्जा पॉकेट्स परोसने का तरीका
क्रिस्पी और चीजी ब्रेड पिज्जा पॉकेट्स बनकर तैयार हैं। अब इन्हें गरमा-गरम टोमैटो केचप या अपनी मनपसंद हरी चटनी के साथ परोसें। आप इसे चाय के साथ भी सर्व कर सकती हैं।
इसे भी पढ़ें- घर पर बनाएं हेल्दी और टेस्टी ड्राई फ्रूट केक, दुकान से खरीदना जाएंगी भूल
यह रेसिपी बेहद आसान है आप इसे सुबह या शाम के नाश्ते में बनाकर तैयार कर सकती हैं। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- AI
